Nifty Bank ने बनाया नया रिकॉर्ड, 61875 के पार पहुंचा इंडेक्स; तेजी के पीछे ये 3 बड़ी वजहें

शेयर मार्केट में तेजी का सिलसिला जारी है. मंगलवार को Nifty Bank ने 61875.05 का नया रिकॉर्ड स्तर छू लिया. इस दौरान बैंकिंग इंडेक्स ने 3 फरवरी 2026 के स्तर को पीछे छोड़ दिया. पिछले 11 महीनों में इसमें 11 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई है. कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, महंगाई घटने की उम्मीद और भारत की मजबूत आर्थिक ग्रोथ मार्केट को सपोर्ट दे रही हैं.

Nifty Bank ने 61,875.05 का नया रिकॉर्ड स्तर छुआ. Image Credit: Canva

शेयर मार्केट में तेजी का सिलसिला लगातार जारी है. मंगलवार को कमजोर वैश्विक संकेतों के बावजूद मार्केट के प्रमुख इंडेक्स में खरीदारी देखने को मिली. बैंकिंग शेयरों में जोरदार तेजी के दम पर Nifty Bank ने नया रिकॉर्ड बना दिया. कारोबार की शुरुआत में गिरावट के बाद इंडेक्स ने तेजी पकड़ी और 61875.05 के नए शिखर पर पहुंच गया. इस दौरान बैंकिंग इंडेक्स ने 3 फरवरी 2026 के अपने पिछले स्तर को भी पार कर लिया. पिछले 11 महीनों में इसमें 11 फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई है. दूसरी ओर, Nifty 50 भी 25000 के ऊपर बना हुआ है.

Nifty Bank में कितनी आई तेजी?

मंगलवार को Nifty Bank की शुरुआत 61559.95 के स्तर पर हुई थी. शुरुआती कारोबार में इंडेक्स दबाव में रहा, लेकिन जल्द ही इसमें खरीदारी लौट आई. इसके बाद यह 61875.05 के नए रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया. इस तेजी के साथ इंडेक्स ने 3 फरवरी 2026 के स्तर को पीछे छोड़ दिया.

पिछले 11 महीनों में Nifty Bank में 11 फीसदी से ज्यादा की बढ़त आई है. बैंकिंग शेयरों में लगातार खरीदारी ने इंडेक्स को नई ऊंचाई पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है. वहीं, Nifty 50 भी 25000 के ऊपर टिककर कारोबार कर रहा है.

क्यों भाग रहा है शेयर मार्केट?

मार्केट में तेजी के पीछे तीन प्रमुख वजहें बताई जा रही हैं. इनमें महंगाई कम होने की उम्मीद, मजबूत आर्थिक संभावनाएं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI से जुड़ी चिंताएं शामिल हैं. इसके अलावा मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने भी मार्केट को सहारा दिया है.

एक्सपर्ट के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आने से महंगाई को लेकर चिंताएं कम हुई हैं. इससे मार्केट में उम्मीद बनी है कि महंगाई का दबाव घट सकता है. कच्चे तेल में नरमी से अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका भी कमजोर हुई है.

नरमी से कंपनियों को मिल सकता है फायदा

Morgan Stanley का अनुमान है कि एशिया में महंगाई का दौर वित्त वर्ष 2027 की चौथी तिमाही में अपने चरम पर पहुंच सकता है. चीन को छोड़कर एशिया में महंगाई दर Q4 2026 के 4.5 फीसदी से घटकर Q4 2027 तक 2.7 फीसदी पर आ सकती है. इसके पीछे ऊर्जा की कीमतों में नरमी को प्रमुख वजह माना गया है.

महंगाई का दबाव कम होने से कंपनियों के मार्जिन और मुनाफे को फायदा मिल सकता है. मार्केट पहले से ही भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखकर कारोबार करता है. ऐसे में मजबूत नतीजों की उम्मीद भी शेयर मार्केट में तेजी को सहारा दे रही है.

आर्थिक ग्रोथ से भी मार्केट को उम्मीद

Morgan Stanley ने अपनी रिपोर्ट में भारत की आर्थिक संभावनाओं को मजबूत बताया है. रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की GDP ग्रोथ 2027 और 2028 दोनों वर्षों में 7 फीसदी रह सकती है. वहीं, एशिया की GDP ग्रोथ 2026 के 5.1 फीसदी से घटकर 2027 में 4.6 फीसदी रहने का अनुमान है.

रिपोर्ट में कहा गया है कि घरेलू मांग और कैपेक्स मजबूत बने हुए हैं. हालांकि, AI के बढ़ते इस्तेमाल का भारत के IT सर्विस एक्सपोर्ट पर संभावित असर भी एक चुनौती हो सकता है. इसकी भरपाई के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स और ऊर्जा बदलाव से जुड़े उत्पादों के निर्यात को मजबूत करना जरूरी होगा.

यह भी पढ़ें-Lord’s Mark Industries: Q2 नतीजों में 82 करोड़ रहा नेट प्रॉफिट, अब अमेरिका-ब्रिटेन में कारोबार बढ़ाने की तैयारी

आगे मार्केट की चाल किन बातों पर निर्भर?

मार्केट की आगे की दिशा महंगाई, कच्चे तेल की कीमतों, कंपनियों के नतीजों और आर्थिक ग्रोथ से जुड़े संकेतों पर निर्भर करेगी. फिलहाल कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और भारत की मजबूत आर्थिक संभावनाओं से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है. हालांकि, वैश्विक मार्केटों की कमजोरी और AI से जुड़ी चिंताओं पर भी निवेशकों की नजर रहेगी.

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है.