IIFL Finance से बाहर निकलेगा Fairfax, ₹3454 करोड़ में बेचेगा 13.25% हिस्सा; Blackstone की होगी एंट्री

Prem Watsa की कंपनी Fairfax Financial Holdings, IIFL Finance में अपनी पूरी 13.25 फीसदी हिस्सेदारी बेचने जा रही है. 611 रुपये प्रति शेयर के फ्लोर प्राइस पर होने वाली इस ब्लॉक डील से करीब 3,454 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे. Fairfax इस रकम का इस्तेमाल IDBI Bank के अधिग्रहण की योजना के लिए करेगी.

Fairfax IIFL Finance में अपनी पूरी 13.25 फीसदी हिस्सेदारी 611 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेचेगा. Image Credit: Money9live

दिग्गज निवेशक Prem Watsa की कंपनी Fairfax Financial Holdings, IIFL Finance में अपनी पूरी हिस्सेदारी बेचने जा रही है. कंपनी ब्लॉक डील के जरिए IIFL Finance के 13.25 फीसदी शेयर बेचकर करीब 3454 करोड़ रुपये जुटाएगी. इस सौदे के लिए 611 रुपये प्रति शेयर का फ्लोर प्राइस तय किया गया है. Fairfax का यह कदम IDBI Bank में 60.72 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने की योजना से जुड़ा है. दूसरी तरफ, IIFL Finance में अमेरिकी निवेश कंपनी Blackstone भी बड़ा निवेश करने जा रही है. इससे कंपनी में एक तरफ पुराने निवेशक की विदाई होगी, तो दूसरी तरफ नए बड़े निवेशक की एंट्री होगी.

611 रुपये प्रति शेयर के भाव पर होगी ब्लॉक डील

टर्म शीट के मुताबिक, Fairfax की निवेश इकाई FIH Mauritius Investments ब्लॉक डील के जरिए IIFL Finance के 5.653 करोड़ शेयर बेचने की योजना बना रही है. यह कंपनी की कुल हिस्सेदारी का 13.25 फीसदी है. इस बिक्री से Fairfax को करीब 3454 करोड़ रुपये मिलेंगे.

ब्लॉक डील के लिए 611 रुपये प्रति शेयर का फ्लोर प्राइस तय किया गया है. यह 17 नवंबर को BSE पर IIFL Finance के 636.05 रुपये के क्लोजिंग भाव से करीब 3.9 फीसदी कम है. इस सौदे के लिए IIFL Capital Services एकमात्र बुक रनर है. ऑफर मंगलवार को खुला और बुधवार, 18 नवंबर को सुबह करीब 8 बजे बंद होने वाला है. हालांकि, इसे पहले भी बंद किया जा सकता है. सौदे की ट्रेड डेट 18 नवंबर और सेटलमेंट की तारीख 19 नवंबर तय की गई है.

यह भी पढ़ें- Opening Bell: सेंसेक्स की उतार-चढ़ाव भरी शुरुआत, निफ्टी 25400 के नीचे; TCS और बजाज फिनसर्व 2% तक टूटे

IDBI Bank की खरीद के लिए जुटाएगी पैसा

Fairfax की इस हिस्सेदारी बिक्री का मकसद IDBI Bank के अधिग्रहण के लिए फंड जुटाना है. कंपनी सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) से IDBI Bank की 60.72 फीसदी हिस्सेदारी 52878 करोड़ रुपये में खरीदने की योजना बना रही है.

प्रस्तावित अधिग्रहण के बाद Fairfax की योजना IDBI Bank, Digit Insurance और IIFL Capital Services को मिलाकर एक इंटीग्रेटेड फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी बनाने की है. Fairfax की IIFL Capital Services में भी हिस्सेदारी है. यह कंपनी पहले IIFL Securities के नाम से जानी जाती थी और वेल्थ मैनेजमेंट तथा इन्वेस्टमेंट बैंकिंग कारोबार में है. इसके अलावा Fairfax की Go Digit Life Insurance और Go Digit General Insurance में भी हिस्सेदारी है.

Blackstone लगाएगी 5000 करोड़ रुपये

IIFL Finance में Fairfax की हिस्सेदारी बिक्री के साथ ही कंपनी में एक बड़े निवेश की तैयारी भी है. अमेरिका की निवेश कंपनी Blackstone करीब 5000 करोड़ रुपये का निवेश कर IIFL Finance में लगभग 16 फीसदी हिस्सेदारी हासिल करेगी. यह निवेश Blackstone की सिंगापुर स्थित निवेश इकाई Ingot SG Pte के जरिए शेयरों के प्रेफरेंशियल अलॉटमेंट के माध्यम से होगा.