दुनिया के दिग्गज निवेशक मार्क मोबियस का निधन, 89 की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा, एशिया से लेकर अमेरिका तक था दबदबा

Mark Mobius का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया, उन्होंने उभरते बाजारों में निवेश की नई सोच दुनिया को दी. उन्‍होंने Franklin Templeton के साथ उभरते बाजारों में निवेश को लोकप्रिय बनाया. एशिया से अफ्रीका तक निवेश के अवसर पहचानने वाले मोबियस को एक दूरदर्शी निवेशक के तौर पर जाना जाता था.

Mark Mobius death Image Credit: money9 live

Mark Mobius Death: अपनी निवेश रणनीति से दुनिया को अपना लोहा मनवाने वाले दिग्‍गज निवेशक Mark Mobius का निधन हो गया. उन्‍होंने 89 साल की उम्र में सिंगापुर में अंतिम सांसे ली. उन्‍हें उभरते बाजारों में निवेश के पायनियर के तौर पर माना जाता था.

मार्क मोबियस का नाम उन निवेशकों में लिया जाता है जिन्होंने दुनिया को पहली बार यह समझाया कि असली ग्रोथ विकसित देशों में नहीं, बल्कि उभरती अर्थव्यवस्थाओं में छिपी है. एशिया, अफ्रीका, लैटिन अमेरिका और पूर्वी यूरोप जैसे क्षेत्रों में निवेश की राह उन्होंने ही आसान बनाई थी. यही वजह है कि इन देशों के बाजार में उनकी रणनीति का सिक्‍का चलता था.

उभरते बाजारों का थे चर्चित चेहरा

मोबियस ने अपने करियर का बड़ा हिस्सा Franklin Templeton Investments के साथ बिताया. साल 1987 में दिग्गज निवेशक John Templeton ने उन्हें कंपनी में शामिल किया. इसके बाद उन्होंने Templeton Emerging Markets Group की कमान संभाली और इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया. उनकी अगुवाई में इस फंड ने 1989 से लेकर रिटायरमेंट तक औसतन 13.4% सालाना रिटर्न दिया, जो किसी भी निवेशक के लिए बेहद प्रभावशाली आंकड़ा माना जाता है.

निवेश का अनोखा अंदाज

मार्क मोबियस सिर्फ आंकड़ों पर भरोसा नहीं करते थे. वे खुद कंपनियों और देशों का दौरा करते थे. उनका मानना था कि जमीन पर जाकर हकीकत देखना सबसे जरूरी है.

अफ्रीका में भी दिखाया रास्ता

मोबियस उन शुरुआती निवेशकों में शामिल थे जिन्होंने अफ्रीका को एक बड़े निवेश अवसर के रूप में देखा. उन्होंने 2012 में Templeton Africa Fund लॉन्च किया, जिससे इस क्षेत्र में निवेश का रास्ता और खुला.

यह भी पढ़ें: Stocks to Watch: 16 अप्रैल को HDB Financial, Tejas Networks, GHV Infra, Wipro समेत फोकस में रहेंगे ये शेयर, रिजल्ट और ब्‍लॉक डील से मचेगी हलचल

आखिरी समय तक सक्रिय

Franklin Templeton छोड़ने के बाद भी उन्होंने निवेश की दुनिया से दूरी नहीं बनाई. 2018 में उन्होंने Mobius Capital Partners की स्थापना की और आखिरी समय तक वैश्विक बाजारों में अवसर तलाशते रहे. मार्क मोबियस को सिर्फ एक सफल निवेशक के रूप में नहीं, बल्कि एक ऐसे व्यक्ति के रूप में जाना जाता है जिसने दुनिया का नजरिया बदल दिया. उन्होंने उन बाजारों में निवेश को बढ़ावा दिया, जिन्हें पहले नजरअंदाज किया जाता था.