₹20 से भी सस्ते शेयरों में LIC की एंट्री, इन 5 पेनी स्टॉक्स में खरीदी हिस्सेदारी, क्या है बड़ा मौका?
मार्च 2026 में LIC ने Vidya Wires, Orient Paper समेत 5 पेनी स्टॉक्स में नई हिस्सेदारी खरीदी है. 15 से 85 रुपये तक के इन शेयरों में निवेश से संकेत मिलता है कि इन छोटी कंपनियों में भविष्य की संभावनाएं हो सकती हैं, लेकिन जोखिम भी कम नहीं है.

Best Penny Stocks to Buy: शेयर बाजार में अक्सर बड़ी हलचल शांत इशारों में होती है. जब देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी, लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन (LIC), किसी शेयर में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाती है, तो बाजार के जानकारों के कान खड़े हो जाते हैं. LIC अपनी सोची-समझी और लंबी अवधि की निवेश रणनीति के लिए जानी जाती है. ऐसे में अगर LIC किसी ‘पेनी स्टॉक’ में दिलचस्पी दिखाए, तो यह सवाल उठना लाजिमी है कि क्या इन कंपनियों में कुछ बड़ा होने वाला है?
मार्च 2026 के ताजा शेयरहोल्डिंग आंकड़ों के अनुसार, LIC ने 5 ऐसी छोटी कंपनियों में नई हिस्सेदारी खरीदी है जो अभी ‘कौड़ियों’ के भाव मिल रही हैं. आइए जानते हैं इन कंपनियों के बारे में और क्या इनमें निवेश का मौका है.
Tourism Finance Corporation of India (TFCI) Share Price
पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को लोन देने वाली इस कंपनी में LIC ने पहली बार एंट्री की है.
- LIC की हिस्सेदारी: मार्च 2026 तक LIC ने इस कंपनी में 2.92% हिस्सेदारी खरीदी है, जिसकी वैल्यू करीब 97 करोड़ रुपये है.
- शेयर का हाल: फिलहाल यह शेयर 73 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा है. बीते पांच वर्षों में कंपनी के शेयरों ने 595 फीसदी का रिटर्न दिया है.
- क्यों है चर्चा में: कंपनी अब केवल लोन देने तक सीमित नहीं है, बल्कि एसेट मैनेजमेंट के क्षेत्र में भी उतर रही है. हाल ही में इसने दो बड़े फंड्स (Holystone और Certus) में एंकर इन्वेस्टर बनने की घोषणा की है. हालांकि पिछले 5 साल की सेल्स ग्रोथ सुस्त रही है, लेकिन नए बिजनेस मॉडल से आय बढ़ने की उम्मीद है.
Vidya Wires Share Price
कॉपर वायर और केबल बनाने वाली इस कंपनी में LIC का निवेश काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
- LIC की हिस्सेदारी: LIC ने इसमें 2.6% की नई हिस्सेदारी ली है, जिसका मूल्य लगभग 38 करोड़ रुपये है.
- शेयर का हाल: कंपनी का शेयर 69 रुपये पर कारोबार कर रहा है. पांच वर्षों में शेयरों ने 34 फीसदी के करीब रिटर्न दिया है.
- दमदार आंकड़े: विद्या वायर्स के वित्तीय आंकड़े काफी प्रभावशाली हैं. पिछले 5 वर्षों में कंपनी का मुनाफा 42% की सालाना दर (CAGR) से बढ़ा है. कंपनी अपनी क्षमता को दोगुना करने के लिए भारी निवेश (Capex) कर रही है, जिसका असर अगले 24 महीनों में इसके रेवेन्यू पर दिख सकता है.
Sagarsoft Share Price
आईटी और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में काम करने वाली सागरसॉफ्ट में भी LIC ने छोटी लेकिन नई शुरुआत की है.
- LIC की हिस्सेदारी: ताजा आंकड़ों के मुताबिक LIC के पास अब इस कंपनी के 1.56% शेयर हैं.
- शेयर का हाल: यह शेयर 85 रुपये के स्तर पर है और कंपनी का मार्केट कैप 54 करोड़ रुपये के करीब है. पांच वर्षों में शेयर ने 11 फीसदी का मुनाफा दिया है.
- ग्रोथ: कंपनी का मुनाफा पिछले 5 साल में 18% की दर से बढ़ा है. डिजिटल बदलावों (AI, क्लाउड, डेटा) की बढ़ती मांग के बीच LIC का आना इस माइक्रो-कैप स्टॉक की ओर निवेशकों का ध्यान खींच सकता है.
Orient Paper & Industries Share Price
सीके बिड़ला ग्रुप की यह कंपनी कागज और कास्टिक सोडा बनाने के कारोबार में है.
- LIC की हिस्सेदारी: LIC ने बहुत ही मामूली यानी 0.09% हिस्सेदारी के साथ इसमें प्रवेश किया है.
- शेयर का हाल: यह स्टॉक महज 19 रुपये पर उपलब्ध है. बीते पांच वर्ष का आंकड़ा देखें तो इसने निगेटिव रिटर्न (-13%) दिया है और शेयर फिलहाल दबाव में है.
- चुनौतियां और संभावनाएं: ओरिएंट पेपर फिलहाल घाटे में चल रही कंपनी है. टैक्स और बिजली खर्चों की वजह से कंपनी को नुकसान हुआ है, लेकिन बड़े ग्रुप का साथ और कच्चे माल के लिए अपनी खुद की प्लांटेशन एक्टिविटी इसे भविष्य में मजबूती दे सकती है. LIC का इसमें आना एक ‘टर्नअराउंड’ की उम्मीद जगाता है.
Uniroyal Marine Exports Share Price
सीफूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट करने वाली इस कंपनी में भी LIC ने नाममात्र की हिस्सेदारी खरीदी है.
- LIC की हिस्सेदारी: LIC ने इसमें 0.08% हिस्सेदारी ली है, जिसकी वैल्यू केवल 1 लाख रुपये के आसपास है.
- शेयर का हाल: शेयर की कीमत महज 15 रुपये है. पांच वर्षों में स्टॉक ने 80 फीसदी के करीब रिटर्न दिया है.
- सावधानी जरूरी: कंपनी का रेवेन्यू पिछले कुछ सालों में घटा है और मुनाफा भी बहुत कम है. हालांकि इसके पास अमेरिका और यूरोपीय देशों में एक्सपोर्ट के लिए जरूरी मंजूरियां हैं, लेकिन निवेश के नजरिए से इसके वित्तीय आंकड़े अभी काफी कमजोर नजर आते हैं.
यह भी पढ़ें: GRSE, BHEL समेत इन 4 PSU स्टॉक में FII की बढ़ी हिस्सेदारी, शिपिंग से बैंकिंग तक पैसा ही पैसा, क्या है इंडिकेटर?
निवेशकों के लिए काम की बात
LIC का इन पेनी स्टॉक्स में आना यह संकेत देता है कि इन छोटी कंपनियों में भविष्य की संभावनाएं छिपी हो सकती हैं. लेकिन छोटे निवेशकों को ध्यान रखना चाहिए कि LIC का पोर्टफोलियो अरबों का है, उनके लिए 1-2 करोड़ का निवेश एक छोटा सा प्रयोग हो सकता है.
पेनी स्टॉक्स में उतार-चढ़ाव बहुत ज्यादा होता है और इनमें लिक्विडिटी की कमी भी हो सकती है. इसलिए, केवल LIC के नाम को देखकर निवेश न करें, बल्कि कंपनी के बिजनेस मॉडल और खुद की जोखिम क्षमता को जरूर परखें.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.