M&M कराएगी मोटी कमाई? ब्रोकरेज ने दिया 34% अपसाइड टारगेट, कहा- यही है खरीदने का सही वक्त
महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) पर ब्रोकरेज हाउस बुलिश नजर आ रहे हैं. एलारा कैपिटल और जेएम फाइनेंशियल ने टारगेट प्राइस दिया है. SUV डिमांड, नई लॉन्चिंग और EV विस्तार के दम पर कंपनी आने वाले वर्षों में तेज ग्रोथ दिखा सकती है.

भारतीय ऑटोमोबाइल सेक्टर की दिग्गज कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) के हालिया प्रदर्शन ने बाजार के जानकारों को उत्साहित कर दिया है. दिग्गज ब्रोकरेज फर्मों, एलारा कैपिटल और जेएम फाइनेंशियल ने कंपनी के भविष्य पर भरोसा जताते हुए इसे ‘Buy’ रेटिंग दी है. हालांकि दोनों फर्मों ने अपने अनुमानों में थोड़ा बदलाव किया है, लेकिन कंपनी की तेज विस्तार योजना और एसयूवी (SUV) सेगमेंट में उसकी पकड़ को देखते हुए वे आने वाले समय में शेयर की कीमतों में अच्छी तेजी देख रहे हैं.
SUV सेगमेंट में बड़ी छलांग की तैयारी
महिंद्रा की ताकत उसकी दमदार एसयूवी गाड़ियां हैं. एलारा कैपिटल के अनुसार, कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 के लिए एसयूवी सेगमेंट में 15-18% की वृद्धि का लक्ष्य रखा है. इस मांग को पूरा करने के लिए कंपनी अपनी उत्पादन क्षमता को तेजी से बढ़ा रही है. कंपनी का लक्ष्य वित्त वर्ष 2026 तक 64,500 यूनिट प्रति माह से बढ़ाकर 68,000 यूनिट प्रति माह करने का है. इसके अलावा, कंपनी 2031 तक 10 नई पेट्रोल-डीजल (ICE) गाड़ियां और 6 इलेक्ट्रिक एसयूवी लॉन्च करने की तैयारी में है, जो इसके बाजार हिस्सेदारी को और मजबूती देगी.
ट्रैक्टर कारोबार में ‘अच्छे दिन’ की उम्मीद
ट्रैक्टर सेगमेंट, जिसे ‘फार्म सेगमेंट’ भी कहा जाता है, में महिंद्रा का प्रदर्शन स्थिर रहा है. एलारा कैपिटल ने बताया कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्यों में मांग बढ़ने और जलाशयों के अच्छे स्तर के कारण कंपनी को वित्त वर्ष 2027 में 5% की ग्रोथ की उम्मीद है. हालांकि, जेएम फाइनेंशियल ने थोड़ी सावधानी बरतते हुए इसे 6% के आसपास आंका है और साथ ही चेतावनी दी है कि पिछले साल के ऊंचे बेस की वजह से कुछ चुनौतियां आ सकती हैं. अच्छी बात यह है कि कंपनी का कोर ट्रैक्टर मार्जिन अभी भी 20.4% के मजबूत स्तर पर बना हुआ है.
महंगाई और सप्लाई चेन की चुनौतियां
दोनों ही ब्रोकरेज फर्मों ने सप्लाई चेन और कच्चे माल की बढ़ती कीमतों (कमोडिटी इन्फ्लेशन) को लेकर थोड़ी चिंता जताई है. इसी वजह से कंपनियों ने अपने मार्जिन अनुमानों में मामूली कटौती की है. महिंद्रा ने इन खर्चों की भरपाई के लिए अप्रैल 2026 में कीमतों में करीब 2.6% तक की बढ़ोतरी की है. कंपनी फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि जरूरत पड़ने पर आगे और कदम उठाए जा सकें.
यह भी पढ़ें: L&T के नतीजों के बाद ब्रोकरेज हाउस बंटे, नोमुरा ने घटाई रेटिंग, HSBC भी नाउम्मीद, CLSA को अब भी भरोसा
कितना है टारगेट प्राइस?
निवेशकों के लिए दोनों फर्मों ने अलग-अलग टारगेट प्राइस तय किए हैं:
- Elara Capital: इन्होंने महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर के लिए 4,367 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है. इनका मानना है कि कंपनी का वैल्यूएशन अभी भी आकर्षक है.
- JM Financial: इन्होंने शेयर पर 3,800 रुपये का लक्ष्य रखा है (जो पहले 3,745 रुपये था). उनका मानना है कि लंबी अवधि में कंपनी की डिमांड मोमेंटम बरकरार रहेगी.
डिस्क्लेमर: यह खबर केवल ब्रोकरेज रिपोर्ट की जानकारी पर आधारित है. शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है, कृपया निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर लें.