शेयर बाजार से उठा भरोसा! NSE में घटे 35 लाख एक्टिव निवेशक, Zerodha, Angel One समेत इन ब्रोकर्स को तगड़ा झटका

NSE में FY26 के दौरान करीब 35 लाख एक्टिव निवेशक कम हुए, जो 3 साल में पहली और अब तक की सबसे बड़ी गिरावट है. इस गिरावट का सबसे ज्यादा असर Zerodha समेत कुछ दिग्‍गज डिस्काउंट ब्रोकर्स पर सबसे ज्‍यादा पड़ा है. हालांकि इस गिरावट के बावजूद कुछ प्‍लेटफॉर्मस ने बेहतर प्रदर्शन किया है.

NSE looses active investors Image Credit: canva/AI image

NSE loses record Investors in FY26: भारतीय शेयर बाजार में जारी उतार-चढ़ाव और वैश्विक अनिश्चितता का असर अब निवेशकों के व्यवहार में भी दिखने लगा है. यही वजह है कि नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज ऑफ इंडिया (NSE) में FY26 के दौरान एक्टिव निवेशकों की संख्या में रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई है. इस दौरान करीब 35 लाख निवेशक बाजार से दूर हो गए, जो पिछले तीन साल में पहली बार सबसे बड़ी गिरावट है. ये अब तक की सबसे बड़ी सालाना कमी मानी जा रही है.

कितने घटे एक्टिव इंवेस्‍टर्स?

मनी कंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक एक्टिव निवेशकों की संख्या FY25 के 4.92 करोड़ से घटकर FY26 में 4.58 करोड़ रह गई, यानी करीब 7% की गिरावट दर्ज की गई. इस गिरावट के पीछे कई बड़े कारण रहे हैं, जिनमें FY26 में बाजार का ऊंचा वैल्यूएशन, कमजोर कॉरपोरेट नतीजों और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली का दबाव रहा. इसके अलावा कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार जाने, वैश्विक तनाव, ट्रेड वॉर और US-ईरान जैसे भू-राजनीतिक घटनाक्रमों ने निवेशकों का भरोसा कमजोर किया है. इतना ही नहीं IPO बाजार भी ठंडा रहा, जहां कई लिस्टिंग्स ने उम्मीद के मुताबिक रिटर्न नहीं दिए. इससे भी रिटेल निवेशकों की भागीदारी घटी है.

इन ब्रोकर्स को झटका

रिपोर्ट के मुताबिक इस गिरावट का सबसे बड़ा असर प्रमुख डिस्काउंट ब्रोकर्स पर पड़ा है. Zerodha, Angel One और Upstox जैसे प्लेटफॉर्म्स से ही करीब 26 लाख निवेशक कम हो गए हैं, जो कुल गिरावट का 70% से ज्यादा हिस्सा है. सबसे ज्‍यादा इंवेस्‍टर्स Zerodha ने गंवाए है. इसके 9.95 लाख निवेशक कम हो गए हैं. जबकि Angel One और Upstox ने क्रमशः 8.15 लाख और 7.6 लाख निवेशकों की कमी देखी है. इसके अलावा Mirae Asset Capital Markets, HDFC Securities, Sharekhan, Motilal Oswal Financial Services और Kotak Securities जैसे अन्य ब्रोकर्स इंवेस्‍टर में भी गिरावट देखी गई.

यह भी पढ़ें: इस PSU कंपनी के शेयर पर रखें नजर, RVNL से मिला ₹255 करोड़ का ऑर्डर, दे चुकी है 173% का रिटर्न, कर्ज भी लगभग जीरो

इन्‍होंने किया बेहतर परफॉर्म

शेयर बाजार में भले ही उथल-पुथल हो. मगर इस गिरावट के बीच भी कुछ ब्रोकर्स ने बेहतर प्रदर्शन किया. Paytm Money ने सबसे ज्यादा 2.12 लाख नए निवेशक जोड़े, जबकि SBICAP Securities और ICICI Securities ने भी क्रमशः 1.82 लाख और 1.41 लाख निवेशक जोड़े. इससे संकेत मिलता है कि बाजार में पूरी तरह से निराशा नहीं है, बल्कि निवेशक अब ज्यादा सतर्क हो गए हैं.