MRF Q2 Results: मुनाफे में 23% की गिरावट, कच्चे माल की बढ़ती कीमतों ने बिगाड़ा खेल; ₹3 का डिविडेंड भी एलान

टायर कंपनी MRF ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं. जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 22.8 फीसदी गिरकर 417.19 करोड़ रुपये रह गया. हालांकि, कंपनी का रेवेन्यू 17.4 फीसदी बढ़कर 8,660.19 करोड़ रुपये पहुंच गया. कच्चे माल की लागत में 43.2 फीसदी की बढ़ोतरी से मुनाफे पर दबाव पड़ा.

MRF का दूसरी तिमाही का मुनाफा 22.8% गिरकर 417.19 करोड़ रुपये रहा. Image Credit: money9live

टायर बनाने वाली कंपनी MRF के निवेशकों के लिए दूसरी तिमाही के नतीजे मिले-जुले रहे. जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी की कमाई में दोहरे अंकों की बढ़ोतरी हुई, लेकिन कच्चे माल की बढ़ती कीमतों ने मुनाफे पर दबाव डाल दिया. कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर करीब 23 फीसदी गिर गया. वहीं, कंपनी के बोर्ड ने निवेशकों के लिए 3 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है. इसके लिए रिकॉर्ड डेट 17 नवंबर तय की गई है.

23% घटा MRF का मुनाफा

MRF ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में 417.19 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट दर्ज किया. पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा 540.13 करोड़ रुपये था. इस तरह कंपनी के मुनाफे में सालाना आधार पर 22.8 फीसदी की गिरावट आई है.

हालांकि, इस दौरान कंपनी के कारोबार में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली. जुलाई-सितंबर तिमाही में MRF का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 17.4 फीसदी बढ़कर 8,660.19 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल की समान अवधि में यह 7,378.72 करोड़ रुपये था.

कच्चे माल की लागत 43% बढ़ी

कंपनी के मुनाफे में गिरावट की सबसे बड़ी वजह कच्चे माल की बढ़ती लागत रही. सितंबर तिमाही में MRF का कुल खर्च सालाना आधार पर 21.8 फीसदी बढ़कर 8,269.77 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल इसी अवधि में कंपनी का कुल खर्च 6,788.55 करोड़ रुपये था.

वहीं, कच्चे माल पर होने वाला खर्च 43.2 फीसदी बढ़कर 6,552.57 करोड़ रुपये पहुंच गया. एक साल पहले यह 4,577.49 करोड़ रुपये था. कंपनी के मुताबिक, वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण कच्चे माल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई, जिसका असर तिमाही के मुनाफे पर पड़ा.

रिप्लेसमेंट सेगमेंट में बनी रही मांग

MRF ने कहा कि दूसरी तिमाही में कंपनी ने दोहरे अंकों में बिक्री वृद्धि दर्ज की. ओरिजिनल इक्विपमेंट (OE) और रिप्लेसमेंट दोनों सेगमेंट में उसके उत्पादों की मांग बनी रही. कंपनी ने इस मांग का फायदा उठाकर बिक्री बढ़ाने में सफलता हासिल की.

कंपनी ने बताया कि कीमतों में बढ़ोतरी और लागत बचाने के उपायों से कच्चे माल की महंगाई के असर को कम करने में मदद मिली. हालांकि, वैश्विक कमोडिटी बाजार में उतार-चढ़ाव और सप्लाई से जुड़ी दिक्कतें आगे भी बनी रह सकती हैं.

ये भी पढ़ें- 44 फीसदी तक सस्ते हुए ये 6 दमदार स्टॉक, 5 साल में दिया 3000% तक रिटर्न; जानें पूरी डिटेल

निवेशकों को ₹3 प्रति शेयर डिविडेंड

MRF के बोर्ड ने 3 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है. कंपनी ने इसके भुगतान के लिए 17 नवंबर को रिकॉर्ड डेट तय की है. पात्र शेयरधारकों को डिविडेंड का भुगतान 1 दिसंबर या उसके बाद किया जाएगा.

इस तरह दूसरी तिमाही में MRF की बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी के बावजूद कच्चे माल की महंगाई ने मुनाफे पर दबाव बनाया है. कंपनी के मुताबिक, आने वाले समय में भी कच्चे माल और लॉजिस्टिक्स की लागत ऊंची रह सकती है.

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.