5 साल में 1500 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न, इन 5 शेयरों ने निवेशकों को किया मालामाल; रखें नजर

Nifty 500 में शामिल कुछ शेयरों ने पिछले 5 साल में निवेशकों को 1500 फीसदी से ज्यादा का शानदार रिटर्न दिया है. Apar Industries के शेयर में 2795 फीसदी, BSE में 2688 फीसदी और Mazagon Dock में 2100 फीसदी से ज्यादा तेजी आई. Transformers and Rectifiers और Zen Technologies ने भी मजबूत रिटर्न दिया है.

इन 5 शेयरों ने पिछले 5 साल में 1500 फीसदी से ज्यादा का शानदार रिटर्न दिया. Image Credit: Canva/ Money9

भारतीय शेयर बाजार में पिछले 5 साल के दौरान कई ऐसे शेयर रहे हैं जिन्होंने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है. Nifty 500 इंडेक्स में शामिल कुछ कंपनियों के शेयरों ने इस अवधि में 1500 फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज की है. इन कंपनियों में कैपिटल मार्केट, मैन्युफैक्चरिंग, पावर ट्रांसमिशन, डिफेंस और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे सेक्टर से जुड़ी कंपनियां शामिल हैं. इन शेयरों ने सिर्फ बाजार को पीछे नहीं छोड़ा बल्कि निवेशकों की कैपिटल को कई गुना बढ़ाया है. आइए जानते हैं ऐसे टॉप शेयरों के बारे में.

Apar Industries

Apar Industries इस लिस्ट में सबसे ज्यादा रिटर्न देने वाली कंपनियों में शामिल है. कंपनी एल्युमिनियम और एलॉय कंडक्टर, स्पेशलिटी ऑयल और अलग-अलग तरह की केबल बनाती है. इसके प्रोडक्ट का इस्तेमाल पावर ट्रांसमिशन, रिन्यूएबल एनर्जी, रेलवे और टेलीकॉम जैसे सेक्टर में होता है. पिछले 5 साल में Apar Industries के शेयर में 2795.75 फीसदी की तेजी आई है. मजबूत पावर और इंफ्रास्ट्रक्चर मांग से कंपनी को फायदा मिला है.

BSE

BSE ने भी पिछले 5 साल में निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है. BSE भारत के प्रमुख स्टॉक एक्सचेंजों में शामिल है और इक्विटी, डेरिवेटिव, डेट, करेंसी और म्यूचुअल फंड से जुड़ी सर्विस देता है. इसके अलावा कंपनी क्लियरिंग, सेटलमेंट, डेटा और इंडेक्स सर्विस से भी जुड़ी है. पिछले 5 साल में BSE के शेयर में 2688.70 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है. कैपिटल मार्केट में बढ़ती एक्टिविटी का फायदा कंपनी के कारोबार को मिला है.

Transformers and Rectifiers

Transformers and Rectifiers India भी इस लिस्ट में शामिल है. कंपनी पावर, डिस्ट्रीब्यूशन, फर्नेस, रेक्टिफायर और स्पेशलिटी ट्रांसफॉर्मर बनाती है. इसके अलावा कंपनी रिएक्टर भी तैयार करती है. इन उत्पादों की मांग पावर ट्रांसमिशन, रिन्यूएबल एनर्जी और इंडस्ट्रियल सेक्टर में रहती है. पिछले 5 साल में कंपनी के शेयर ने 2055.54 फीसदी का रिटर्न दिया है. पावर इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश बढ़ने से इस तरह की कंपनियों को फायदा मिला है.

Mazagon Dock

डिफेंस सेक्टर की कंपनी Mazagon Dock Shipbuilders ने भी पिछले 5 साल में शानदार प्रदर्शन किया है. यह सरकारी कंपनी भारतीय नौसेना के लिए युद्धपोत और पनडुब्बियां बनाती है. इसके अलावा कंपनी कमर्शियल जहाज और दूसरे समुद्री प्लेटफॉर्म भी तैयार करती है. पिछले 5 साल में Mazagon Dock के शेयर में 2100.69 फीसदी की तेजी आई है. देश में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग और स्वदेशी रक्षा उत्पादन पर जोर बढ़ने से कंपनी को फायदा मिला है.

यह भी पढ़ें- 2,024% तक रिटर्न के बाद भी फोकस में ये 2 शेयर! AI और डेटा सेंटर बूम से मिल रहा बड़ा फायदा, आपके पोर्टफोलियो में हैं?

Zen Technologies

Zen Technologies भी डिफेंस सेक्टर की उन कंपनियों में शामिल है जिसने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है. कंपनी डिफेंस और सुरक्षा बलों के लिए कॉम्बैट ट्रेनिंग सिमुलेटर और काउंटर ड्रोन सिस्टम तैयार करती है. इसके पोर्टफोलियो में लाइव फायर, वर्चुअल और इंस्ट्रूमेंटेड ट्रेनिंग सिस्टम शामिल हैं. पिछले 5 साल में कंपनी के शेयर में 1718.62 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है. डिफेंस टेक्नोलॉजी पर बढ़ते फोकस का फायदा कंपनी को मिला है.