इकोनॉमी के मोर्चे पर सरकार को डबल बोनांजा! पहले GDP के शानदार आंकड़े, अब GST कलेक्शन ₹1.99 लाख करोड़ के पार

अगस्त 2026 में भारत का ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन सालाना आधार पर 14.8% बढ़कर 1,99,853 करोड़ रुपये पहुंच गया. इंपोर्ट रेवेन्यू में 29% की बढ़ोतरी ने इसमें अहम भूमिका निभाई. दूसरी तरफ जीएसटी रिफंड भी 67.9% बढ़कर 31,795 करोड़ रुपये हो गया. रिफंड के बाद सरकार का नेट जीएसटी रेवेन्यू 1,68,057 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 8.3% ज्यादा है.

जीएसटी कलेक्शन. Image Credit: Getty image

Highlights

  • अगस्त में कुल कलेक्शन ₹1,99,853 करोड़ रहा.
  • इंपोर्ट से जीएसटी कलेक्शन बढ़कर ₹62,604 करोड़ हो गया.
  • कुल जीएसटी रिफंड 67.9% बढ़कर ₹31,795 करोड़ रहा.

GST Collection August 2026: अगस्त 2026 में भारत का ग्रॉस जीएसटी रेवेन्यू सालाना आधार पर 14.8 फीसदी बढ़कर करीब 2 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया. मंगलवार को जारी प्रोविजनल गवर्नमेंट डेटा के मुताबिक, अगस्त में कुल जीएसटी कलेक्शन 199853 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल अगस्त में यह 174116 करोड़ रुपये था. हालांकि, जुलाई 2026 में हुए 2.11 लाख करोड़ रुपये के कलेक्शन के मुकाबले अगस्त में जीएसटी रेवेन्यू कम रहा.

इंपोर्ट रेवेन्यू में 29% का उछाल

अगस्त में जीएसटी कलेक्शन बढ़ने में इंपोर्ट रेवेन्यू की बड़ी भूमिका रही. इंपोर्ट से मिलने वाला रेवेन्यू सालाना आधार पर 29% बढ़कर 62,604 रुपये करोड़ हो गया. वहीं, डोमेस्टिक जीएसटी रेवेन्यू में भी अच्छी बढ़ोतरी हुई. अगस्त में डोमेस्टिक रेवेन्यू 1,37,249 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के 1,25,570 रुपये करोड़ के मुकाबले 9.3% ज्यादा है.

जीएसटी रिफंड में भी 67.9% की बड़ी बढ़ोतरी

अगस्त में सरकार की ओर से दिए गए जीएसटी रिफंड में भी बड़ा उछाल देखने को मिला. कुल जीएसटी रिफंड सालाना आधार पर 67.9% बढ़कर 31,795 करोड़ रुपये हो गया, जबकि अगस्त 2025 में यह 18,935 करोड़ रुपये था. डोमेस्टिक जीएसटी रिफंड 72.6% बढ़कर 18,490 करोड़ रुपये रहा. वहीं, ICEGATE के जरिए प्रोसेस किए गए एक्सपोर्ट टैक्स रिफंड में 61.8% की बढ़ोतरी हुई और यह 13,305 करोड़ रुपये पहुंच गया.

रिफंड के बाद ₹1.68 लाख करोड़ रहा नेट रेवेन्यू

रिफंड का पैसा घटाने के बाद अगस्त 2026 में सरकार का नेट जीएसटी रेवेन्यू 1,68,057 करोड़ रुपये रहा. यह अगस्त 2025 के 1,55,181 करोड़ रुपये के मुकाबले 8.3% ज्यादा है. नेट रेवेन्यू में नेट कस्टम्स जीएसटी रेवेन्यू 22.3% बढ़कर ₹49,299 करोड़ रहा. वहीं नेट डोमेस्टिक रेवेन्यू 3.4% बढ़कर 1,18,759 करोड़ रुपये हो गया.

12 सितंबर को होगी जीएसटी काउंसिल की बैठक

जीएसटी से जुड़ी अगली बड़ी नजर अब जीएसटी काउंसिल की बैठक पर रहेगी. जीएसटी काउंसिल की 57वीं बैठक 12 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में होगी. जीएसटी काउंसिल सेक्रेटेरिएट की ओर से जारी ऑफिस मेमोरेंडम के मुताबिक, बैठक शनिवार को सुबह 11 बजे शुरू होगी. इससे एक दिन पहले यानी 11 सितंबर को सुबह 11 बजे ऑफिसर्स मीटिंग होगी. यह बैठक भी नई दिल्ली में होगी.

अगस्त में जीएसटी कलेक्शन का पूरा हिसाब

अगस्त 2026 में कुल ग्रॉस जीएसटी रेवेन्यू 1,99,853 करोड़ रुपये रहा. इसमें डोमेस्टिक जीएसटी से 1,37,249 करोड़ रुपये और इंपोर्ट से 62,604 करोड़ रुपये मिले. इसके बाद सरकार ने कुल 31,795 करोड़ रुपये का जीएसटी रिफंड दिया. रिफंड को घटाने के बाद नेट जीएसटी रेवेन्यू 1,68,057 करोड़ रुपये रहा.

इसे भी पढ़ें- SCO समिट में PM मोदी ने पाक पर साधा निशाना, आतंकी नेटवर्क को खत्म करने की मांग; डबल स्टैंडर्ड पर चेताया