Nifty Outlook: निफ्टी 24200 के पास अटका, क्या अब 24450 तक जाएगी बाजार की चाल? एक्सपर्ट्स ने बताए सपोर्ट और रेजिस्टेंस लेवल
सोमवार को निफ्टी 89 अंक बढ़कर 24102.90 पर बंद हुआ, लेकिन 24190 से 24200 के महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस को पार नहीं कर सका. HDFC Securities के नंदीश शाह के अनुसार इस लेवल के ऊपर टिकने पर निफ्टी 24450 तक जा सकता है.

Nifty Outlook: शेयर मार्केट ने सप्ताह की शुरुआत मजबूती के साथ की और निफ्टी 89 अंकों की बढ़त के साथ 24102.90 पर बंद हुआ. हालांकि दिन के अपर लेवल पर मुनाफावसूली भी देखने को मिली, जिसके कारण बाजार अपनी पूरी बढ़त कायम नहीं रख सका. मार्केट एक्सपर्ट का मानना है कि निफ्टी फिलहाल एक महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस के करीब कारोबार कर रहा है. यदि यह लेवल टूटता है तो बाजार में नई तेजी देखने को मिल सकती है. वहीं नीचे कुछ अहम सपोर्ट लेवल भी बने हुए हैं, जो बाजार को सहारा दे सकते हैं. मंगलवार, 23 जून को बाजार का हाल कैसा रहेगा और निफ्टी का सपोर्ट लेवल क्या है, आइए एक्सपर्ट्स से जान लेते हैं.
24200 के आसपास बना हुआ है बडा रेजिस्टेंस
HDFC Securities के डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट नंदीश शाह के अनुसार निफ्टी ने एक दिन के विराम के बाद फिर से तेजी पकड़ी और 24102 के लेवल पर बंद हुआ. उन्होंने कहा कि इंडेक्स 24190 के पिछले स्विंग हाई को पार नहीं कर सका, जो फिलहाल निकट अवधि का सबसे बड़ा रेजिस्टेंस बना हुआ है. यदि निफ्टी इस लेवल के ऊपर टिकने में सफल रहता है तो 200 DEMA के आसपास 24450 तक तेजी का रास्ता खुल सकता है. उनके अनुसार 23900 से 24000 का दायरा मजबूत सपोर्ट जोन रहेगा.
ब्रॉडर मार्केट में बनी हुई है मजबूती
नंदीश शाह ने कहा कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में लगातार सातवें कारोबारी सत्र में तेजी देखने को मिली. निफ्टी मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में भी बढ़त दर्ज की गई. BSE का एडवांस डिक्लाइन रेशियो 1.49 रहा, जो बाजार में व्यापक खरीदारी का संकेत देता है. इससे पता चलता है कि तेजी केवल चुनिंदा शेयरों तक सीमित नहीं है बल्कि बाजार के अधिकांश हिस्सों में भागीदारी बनी हुई है.
वैश्विक संकेतों पर बनी हुई है बाजार की नजर
Geojit Investments के रिसर्च प्रमुख विनोद नायर का कहना है कि बाजार ने सीमित दायरे में कारोबार किया, लेकिन रुख पॉजिटिव रहा. निवेशकों की नजर अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत पर बनी हुई है. उनके अनुसार यूटिलिटी, बैंकिंग और हेल्थकेयर सेक्टर ने बाजार को सहारा दिया. हालांकि मानसून की धीमी प्रगति से महंगाई का रिस्क बढ़ सकता है.
मीडियम टर्म का आउटलुक अब भी पॉजिटिव
विनोद नायर का मानना है कि कुछ अल्पकालिक चुनौतियों के बावजूद बाजार की मीडियम टर्मकी तस्वीर मजबूत बनी हुई है. मजबूत कॉर्पोरेट इनकम, सरकारी नीतियों का सपोर्ट और चुनिंदा सेक्टरों में बेहतर प्रदर्शन निवेशकों का भरोसा बनाए हुए हैं. उनका कहना है कि बाजार में फिलहाल सेक्टर आधारित और स्टॉक आधारित निवेश रणनीति ज्यादा प्रभावी नजर आ रही है.
टेक्निकल चार्ट क्या दे रहे हैं संकेत
SAMCO Securities के टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट ओम मेहरा के अनुसार निफ्टी ने डेली चार्ट पर डोजी कैंडल बनाई है, जो बाजार में असमंजस की स्थिति को दिखाती है. उन्होंने कहा कि इंडेक्स 100 दिन के SMA यानी 24200 के ठीक नीचे बना हुआ है. वहीं 50 दिन का SMA 23850 पर स्थित है, जिसके ऊपर बने रहना तेजी के लिए पॉजिटिव संकेत है. RSI 60 पर है, जो यह दिखाता है कि बाजार में पॉजिटिव मोमेंटम अभी कायम है.
यह भी पढ़ें- इन 3 शेयरों में दिख रहा दम, ब्रोकरेज ने दिया 2050 रुपये तक का टारगेट; क्या आपके पोर्टफोलियो में हैं ये स्टॉक्स?
इन लेवल पर रखें नजर
ओम मेहरा के मुताबिक 24200 से 24250 का एरिया निफ्टी के लिए तत्काल रेजिस्टेंस बना हुआ है. यदि यह दायरा पार होता है तो बाजार में नई तेजी देखने को मिल सकती है. दूसरी ओर 23950 और 23850 के लेवल महत्वपूर्ण सपोर्ट के रूप में काम करेंगे. India VIX का 12.84 पर स्थिर रहना भी कम उतार-चढ़ाव वाले माहौल का संकेत देता है, जो फिलहाल बाजार के पक्ष में माना जा रहा है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.