नोमुरा और मॉर्गन स्टैनली की भारतीय शेयर बाजार पर बड़ी भविष्यवाणी, निफ्टी में दिखेगी एकतरफा तेजी?
हालिया गिरावट के बावजूद भारतीय शेयर बाजार के लिए अच्छी खबरें आ रही हैं. ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म नोमुरा और मॉर्गन स्टैनली ने भारतीय बाजारों पर अपनी बुलिश रिपोर्ट जारी की है. नोमुरा ने निफ्टी 50 के लिए मार्च 2027 तक 25,900 का लक्ष्य तय किया है, जो वर्तमान स्तर से लगभग 11% की तेजी दर्शाता है. इस तेजी के पीछे उम्मीद से बेहतर कॉर्पोरेट कमाई, आर्थिक गतिविधियों में सुधार और AI से IT सेक्टर को मिलने वाला फायदा जैसे कारण बताए गए हैं.
हालांकि, पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की ऊंची कीमतें कुछ चुनौतियां पेश कर रही हैं, लेकिन नोमुरा का मानना है कि बाजार ने इन जोखिमों को पहले ही डिस्काउंट कर दिया है. ऑटो कंपोनेंट, फार्मा, पावर इक्विपमेंट, बैंक और IT सर्विसेज जैसे सेक्टर नोमुरा की पसंदीदा सूची में हैं. वहीं, मॉर्गन स्टैनली का मानना है कि छह तिमाहियों की सुस्ती के बाद कॉर्पोरेट कमाई में तेज वृद्धि का दौर शुरू हो रहा है. मजबूत घरेलू मांग और RBI व सरकार की नीतियों से बाजार को समर्थन मिल रहा है. मॉर्गन स्टैनली ने सेंसेक्स को अगले एक साल में 89,000 तक पहुंचने की संभावना जताई है. ऊर्जा, रक्षा, सेमीकंडक्टर्स और AI इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में मॉर्गन स्टैनली को उम्मीदें दिख रही हैं.