जेन्सेन हुआंग के इस्तीफे से Nvidia के शेयर लहूलुहान, दूसरी चिप कंपिनयों के स्टॉक बने रॉकेट; एक हफ्ते में 30% चढ़ा AMD

Nvidia Share Fall: निवेशकों के बीच एनवीडिया के नेतृत्व को लेकर अनिश्चितता के बीच प्रतिस्पर्धी कंपनियों को कारोबारी अवसर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. इस सप्ताह एनवीडिया और उसके प्रतिस्पर्धियों के शेयरों के प्रदर्शन में बड़ा अंतर देखने को मिला है.

एनवीडिया शेयर प्राइस. Image Credit: VCG/VCG via Getty Images)

Nvidia Share Fall: दुनिया की दिग्गज सेमीकंडक्टर कंपनी एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग के तत्काल पद छोड़ने के बाद चिप बाजार में दूसरी कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिली है. जहां एनवीडिया के शेयर दबाव में हैं, वहीं उसकी प्रतिद्वंद्वी कंपनियों एडवांस्ड माइक्रो डिवाइसेज (AMD) और ब्रॉडकॉम के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई है. निवेशकों के बीच एनवीडिया के नेतृत्व को लेकर अनिश्चितता के बीच प्रतिस्पर्धी कंपनियों को कारोबारी अवसर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

एनवीडिया के शेयर vs अन्य

रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार के आफ्टर-आवर्स कारोबार में एनवीडिया के शेयर 4.34 फीसदी गिरकर 166.19 डॉलर पर आ गए. इसके उलट AMD के शेयर 5.86 फीसदी चढ़कर 585.30 डॉलर और ब्रॉडकॉम के शेयर 5.54% बढ़कर 364.36 डॉलर पर पहुंच गए.

एक हफ्ते में AMD 30% और ब्रॉडकॉम 24% चढ़े

इस सप्ताह एनवीडिया और उसके प्रतिस्पर्धियों के शेयरों के प्रदर्शन में बड़ा अंतर देखने को मिला है. इस सप्ताह अब तक एनवीडिया के शेयर 13 फीसदी से अधिक गिर चुके हैं. दूसरी ओर, AMD के शेयरों में 30 फीसदी और ब्रॉडकॉम में 24 फीसदी की तेजी आई है.

एनवीडिया के सबसे एडवांस्ड प्रोसेसर बनाने वाली ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी (TSMC) के शेयर भी इसी अवधि में 11 फीसदी चढ़े हैं.

नियमित कारोबार में 14% तक गिरा था Nvidia

एनवीडिया के शेयरों में नियमित कारोबार के दौरान काफी उतार-चढ़ाव रहा. एक समय इसकी कीमत में 14 फीसदी तक की गिरावट आ गई थी, हालांकि बाद में शेयर ने कुछ नुकसान की भरपाई कर ली. CNBC की रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बावजूद कंपनी का मार्केट कैप 4 लाख करोड़ डॉलर के स्तर से ऊपर बंद हुआ.

CNBC ने TSMC के शेयरों में मजबूती की वजह उसकी मैन्युफैक्चरिंग भूमिका को बताया है. कंपनी को इस बात से फायदा हो सकता है कि AI चिप डिजाइन करने वाली कंपनियों में किसकी बाजार हिस्सेदारी बढ़ती है या घटती है. इसके अलावा, जोखिम वाले माने जा रहे AI शेयरों से निवेशकों का रुख बदलने के कारण भी TSMC को अपेक्षाकृत सुरक्षित विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है.

कोलेट क्रेस बनीं अंतरिम CEO

जेन्सेन हुआंग ने तत्काल प्रभाव से एनवीडिया के CEO और बोर्ड सदस्य का पद छोड़ने का ऐलान किया है. कंपनी की चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO बनाया गया है. नए प्रमुख की नियुक्ति होने तक वह इस जिम्मेदारी को संभालेंगी.

पीक से गिरा शेयर और मार्केट कैप

2026 के मध्य में अपनी पीक पहुंचने के बाद, NVIDIA के शेयर की कीमत $243.37 प्रति शेयर के नए शिखर पर पहुंच गई और कंपनी का मार्केट वैल्यूएशन $5.80 ट्रिलियन के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया था. इस मार्केट वैल्यूएशन पर, NVIDIA का मार्केट कैप कुछ समय के लिए पूरे भारतीय शेयर बाजार की कुल मार्केट वैल्यू से भी अधिक हो गया था.

मई 2026 में, शॉर्ट-सेलर ‘कलपर रिसर्च’ (Culper Research) ने इस AI दिग्गज कंपनी से जुड़ी चीन से संबंधित एक छिपी हुई समस्या के बारे में चेतावनी दी थी, लेकिन इसके बावजूद शेयर में तेजी बनी रही.

कंपनी की वैल्यू में गिरावट

हालांकि, शॉर्ट-सेलर्स की वह चेतावनी सच साबित हुई. चीन से जुड़ी जासूसी और अन्य विवादों के बाद जेन्सेन हुआंग का इस्तीफा इसका एक बड़ा उदाहरण है. इस संकट के दौरान, एक महीने के भीतर NVIDIA के शेयर की कीमत में 26% से ज्यादा की गिरावट आई और इसका मार्केट कैप घटकर लगभग $4 ट्रिलियन के करीब आ गया. इस तरह, $5.80 ट्रिलियन के अपने उच्चतम मार्केट कैप से कंपनी की वैल्यू में लगभग 30% की कमी आई है.

यह भी पढ़ें: Crystal Crop Protection IPO: कंपनी तय किया प्राइस बैंड, 456 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य