पूरी तरह से कर्ज मुक्त हो गई PC Jeweller! 14 बैंकों को चुकाया 3000 करोड़, क्या अब दौड़ेगा शेयर?
PC Jeweller Ltd ने 14 बैंकों का अपना बकाया चुका दिया है और पूरी तरह से कर्ज-मुक्त हो गई है. सेटलमेंट एग्रीमेंट से पहले कंपनी का कुल कर्ज लगभग 3000 करोड़ रुपए था, हाल ही में किए गए रीपेमेंट के बाद, कंपनी ने अपनी फाइनेंशियल स्थिति और बैलेंस शीट को काफी मजबूत कर लिया है.

सोने (Gold) और चांदी (Silver) के गहने बेचने वाली PC Jeweller Ltd से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. इस कंपनी ने खुद को पूरी तरह से कर्ज मुक्त कर लिया है, पीसी ज्वेलर लिमिटेड ने इस बात की जानकारी दी है कि सभी 14 बैंकों का लगभग 3000 करोड़ का बकाया चुका दिया गया है. बैंकों का कर्ज चुकाकर अब ये कंपनी कर्ज मुक्त हो गई है.
शुक्रवार यानी 25 सितंबर को पीसी ज्वेलर लिमिटेड के शेयर्स में 0.56 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है जिसके बाद कंपनी का शेयर 14.17 पर बंद हुआ. पीसी ज्वेलर देश की लीडिंग ज्वेलरी कंपनियों में से एक है, 12 राज्यों में कंपनी के लगभग 50 फिजिकल स्टोर हैं.
2024 में कंपनी ने चुना था ये विकल्प
इकनॉमिक टाइम्स के मुताबिक, याद दिला दें कि सितंबर 2024 में PC Jeweller ने बैंकों के एक समूह के साथ अपने बकाये के लिए OTS (वन-टाइम सेटलमेंट) का विकल्प चुना था. OTS की शर्तों में सेटलमेंट के तहत कैश और इक्विटी के जरिए भुगतान के अलावा सिक्योरिटीज और गिरवी रखी गई प्रॉपर्टीज़ को रिलीज करना शामिल था. एक रेगुलेटरी फाइलिंग में पीसी ज्वेलर लिमिटेड ने बताया कि कंपनी ने बैंकों का बाकी बकाया कर्ज सफलतापूर्वक चुका दिया है और कर्ज-मुक्त स्थिति का अपना फाइनेंशियल लक्ष्य हासिल कर लिया है.
समय से पहले किया पेमेंट
शुक्रवार को रीपेमेंट के साथ, कंपनी ने कहा कि 30 सितंबर 2024 के सेटलमेंट एग्रीमेंट की शर्तों के तहत सभी 14 बैंकों का बकाया कर्ज चुका दिया है. तय तारीखों से पहले रीपेमेंट कर दिया है, पीसी ज्वेलर ने कहा, कर्ज-मुक्त स्थिति मिलने से कंपनी की बैलेंस शीट और फाइनेंशियल स्थिति काफी मजबूत होगी. अगस्त में, कंपनी ने बेहतर रेवेन्यू के कारण जून में खत्म हुई तिमाही के लिए अपने कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में 37 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 221.88 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी की जानकारी दी है.
पिछले साल इसी समय कंपनी का नेट प्रॉफिट 161.93 करोड़ रुपए था. इस फाइनेंशियल ईयर की पहली तिमाही में टोटल इनकम बढ़कर 879.27 करोड़ रुपए हो गई, जो पिछले साल इसी समय में 807.88 करोड़ रुपए थी.
डिस्क्लेमर: मनी9लाइव किसी भी स्टॉक, म्यूचुअल फंड या आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता, ये खबर केवल जानकारी के लिए है.
ये भी पढ़ें- टेक्निकल चार्ट पर बने खरीदारी के संकेत, 3 शेयरों में 8 फीसदी तक तेजी की उम्मीद; एक्सपर्ट ने कहा खरीदो