घर खरीदने से पहले चेक करें इंटरनेट कनेक्टिविटी, TRAI ने लॉन्च किया नया प्लेटफॉर्म

ट्राई ने डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है. इसकी मदद से ग्राहक घर या ऑफिस खरीदने या किराए पर लेने से पहले प्रॉपर्टी की इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी की जानकारी ले सकेंगे. प्लेटफॉर्म पर प्रॉपर्टी का नाम सर्टिफिकेट आईडी या लोकेशन डालकर रेटिंग खोजी जा सकेगी. ग्राहक अलग-अलग प्रॉपर्टी की तुलना भी कर सकेंगे.

ट्राई ने प्रॉपर्टी की डिजिटल कनेक्टिविटी जांचने के लिए नया प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है.

Highlights

  • ट्राई ने प्रॉपर्टी की डिजिटल कनेक्टिविटी जांचने के लिए नया प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है.
  • ग्राहक नाम सर्टिफिकेट आईडी या लोकेशन से प्रॉपर्टी की रेटिंग देख और तुलना कर सकेंगे.
  • रेटिंग में फाइबर मोबाइल नेटवर्क इन बिल्डिंग सॉल्यूशन और वाई फाई इंफ्रास्ट्रक्चर को शामिल किया गया है.

टेलीकॉम रेगुलेटर ट्राई ने डिजिटल कनेक्टिविटी को लेकर एक नया प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है. इसका नाम डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग प्लेटफॉर्म है. इस प्लेटफॉर्म की मदद से लोग घर या ऑफिस खरीदने या किराए पर लेने से पहले वहां की डिजिटल कनेक्टिविटी के बारे में जानकारी ले सकेंगे. ग्राहक किसी प्रॉपर्टी की कनेक्टिविटी रेटिंग उसके नाम सर्टिफिकेट आईडी या लोकेशन के आधार पर खोज सकेंगे. इसके साथ ही अलग-अलग प्रॉपर्टी की रेटिंग की तुलना भी की जा सकेगी. ट्राई के मुताबिक, इससे लोगों को प्रॉपर्टी चुनने में ज्यादा सही जानकारी मिल सकेगी.

डिजिटल कनेक्टिविटी की मिलेगी रेटिंग

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग के तहत प्रॉपर्टी में उपलब्ध डिजिटल सुविधाओं की जांच की जाएगी. इसमें फाइबर कनेक्शन के लिए प्रॉपर्टी की तैयारी को देखा जाएगा. इसके अलावा मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता भी जांच का हिस्सा होगी. प्रॉपर्टी के अंदर मोबाइल नेटवर्क को बेहतर बनाने वाली व्यवस्था यानी इन बिल्डिंग सॉल्यूशन को भी देखा जाएगा. वाई फाई इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थिति भी रेटिंग में शामिल होगी. अलग-अलग तरह की प्रॉपर्टी के लिए अलग मानक तय किए गए हैं.

किराए पर लेने से पहले कर सकेंगे जांच

नए प्लेटफॉर्म से लोगों को प्रॉपर्टी खरीदने या किराए पर लेने से पहले डिजिटल कनेक्टिविटी की जानकारी मिल सकेगी. ग्राहक किसी प्रॉपर्टी का नाम डालकर उसकी रेटिंग खोज सकते हैं. इसके अलावा सर्टिफिकेट आईडी या लोकेशन के जरिए भी जानकारी हासिल की जा सकती है. इससे ग्राहक अलग-अलग प्रॉपर्टी की कनेक्टिविटी रेटिंग की तुलना कर सकेंगे. खास तौर पर उन लोगों के लिए यह सुविधा उपयोगी हो सकती है जिनके लिए तेज और भरोसेमंद इंटरनेट जरूरी है.

क्यूआर कोड से सर्टिफिकेट की जांच

ट्राई के मुताबिक डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग सर्टिफिकेट को क्यूआर कोड के जरिए भी वेरिफाई किया जा सकेगा. रेटिंग सर्टिफिकेट डिजिटल तरीके से साइन किए गए होंगे. ग्राहक क्यूआर कोड स्कैन करके सर्टिफिकेट की जानकारी की जांच कर सकेंगे. इससे प्रॉपर्टी की कनेक्टिविटी रेटिंग को लेकर उपलब्ध जानकारी को वेरिफाई करने में मदद मिलेगी. ग्राहक किसी प्रॉपर्टी के बारे में जानकारी लेते समय इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं.

कॉल और इंटरनेट इस्तेमाल में मिलेगी मदद

ट्राई के चेयरमैन अनिल कुमार लाहोटी ने कहा कि यह प्लेटफॉर्म ग्राहकों को भरोसेमंद और एक जैसी तुलना वाली जानकारी उपलब्ध कराएगा. इससे लोग ऐसे घर और ऑफिस चुनने में बेहतर फैसला ले सकेंगे जहां डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत हो. बेहतर कनेक्टिविटी से कॉल करने और इंटरनेट से फाइल डाउनलोड करने में सुविधा मिल सकती है. इसके अलावा ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल भी आसान हो सकता है. आज के समय में घर और ऑफिस चुनते समय डिजिटल कनेक्टिविटी भी एक महत्वपूर्ण सुविधा बन गई है.

ये भी पढ़ें- 50MP कैमरा और 6000mAh बैटरी, आज लॉन्च होगा मिवी का पहला फोन Mivi One 5G

प्रॉपर्टी मैनेजर भी बेहतर योजना बना सकेंगे

ट्राई के मुताबिक, इस प्लेटफॉर्म से सिर्फ ग्राहकों को ही जानकारी नहीं मिलेगी बल्कि प्रॉपर्टी मैनेजर को भी फायदा होगा. रेटिंग व्यवस्था से प्रॉपर्टी विकसित करने के शुरुआती चरण में ही डिजिटल कनेक्टिविटी की जरूरतों की योजना बनाने में मदद मिल सकती है. इससे फाइबर वाई फाई और मोबाइल नेटवर्क से जुडी सुविधाओं को सही समय पर तैयार किया जा सकता है. ट्राई का कहना है कि सार्वजनिक तौर पर रेटिंग उपलब्ध होने से प्रॉपर्टी मैनेजर डिजिटल कनेक्टिविटी इंफ्रास्ट्रक्चर पर ज्यादा ध्यान दे सकते हैं.