PI Industries के शेयर में हाहाकार, 52 हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंचा भाव, क्यों आई इतनी बड़ी गिरावट

PI Industries के कमजोर Q2 FY27 नतीजों के बाद गुरुवार को शेयर 16.28 फीसदी गिरकर 1830.90 रुपये के 52 हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंच गया. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 70 फीसदी घटकर 122.2 करोड़ रुपये रहा. रेवेन्यू में 9 फीसदी और EBITDA में 57 फीसदी की गिरावट आई. EBITDA मार्जिन भी 29 फीसदी से घटकर 14 फीसदी रह गया.

पीआई इंडस्ट्रीज के शेयर मेें आई बड़ी गिरावट Image Credit:

PI Industries के शेयरों में गुरुवार को भारी बिकवाली देखने को मिली. कंपनी के सितंबर तिमाही (Q2 FY27) के नतीजे कमजोर रहने के बाद शेयर 16 फीसदी से ज्यादा टूटकर 52 हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंच गया. कंपनी ने बुधवार को बाजार बंद होने के बाद अपने नतीजे जारी किए थे. तिमाही के दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट, रेवेन्यू और ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस तीनों में गिरावट दर्ज की गई.

गुरुवार को कारोबार के दौरान PI Industries का शेयर 16.28 फीसदी गिरकर 1830.90 रुपये के स्तर पर आ गया. यह इसका 52 हफ्ते का निचला स्तर है. इसके साथ ही शेयर में इस साल अब तक 52 फीसदी की गिरावट आ चुकी है.

शेयर में बढ़ी खरीद-बिक्री, कारोबार भी रहा ज्यादा

PI Industries के शेयर में गुरुवार को कारोबार सामान्य से काफी ज्यादा रहा. BSE पर कंपनी के 3.17 लाख शेयरों की खरीद-बिक्री हुई, जबकि पिछले दो हफ्तों का औसत वॉल्यूम 67,000 शेयर था. कंपनी का कुल टर्नओवर 59.86 करोड़ रुपये रहा. वहीं, इसका मार्केट कैप घटकर 33,178 करोड़ रुपये पर आ गया.

Q2 में 70% गिरा कंपनी का मुनाफा

PI Industries का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट Q2 FY27 में सालाना आधार पर 70 फीसदी गिरकर 122.2 करोड़ रुपये रह गया. पिछले साल की समान तिमाही यानी Q2 FY26 में कंपनी ने ₹409.3 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया था. कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू भी 9 फीसदी घटकर 1,701.8 करोड़ रुपये रहा. एक साल पहले की समान तिमाही में यह 1,872.3 करोड़ रुपये था.

EBITDA में 57% की गिरावट, मार्जिन भी घटा

तिमाही के दौरान कंपनी की ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस भी कमजोर रही. PI Industries का EBITDA सालाना आधार पर 57 फीसदी घटकर 236.2 करोड़ रुपये रह गया. पिछले साल की समान तिमाही में यह 543.4 करोड़ रुपये था.

कंपनी का EBITDA मार्जिन भी घटकर 14 फीसदी रह गया, जबकि एक साल पहले यह 29 फीसदी था. इसके अलावा, Q2 FY27 में कंपनी का ग्रॉस मार्जिन घटकर 49 फीसदी पर आ गया.

एग्रोकेमिकल एक्सपोर्ट में भी गिरावट

कंपनी के एग्रोकेमिकल यानी Agchem एक्सपोर्ट में भी कमजोरी देखने को मिली. तिमाही के दौरान इसमें सालाना आधार पर करीब 18 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. सितंबर 2026 तक कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 46.09 फीसदी थी.

इसे भी पढ़ें- NHPC के शेयर भरेंगे उड़ान, ब्रोकरेज ने कहा- अभी आना बाकी है गुड टाइम; डबल हो जाएगा EPS

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.