Prudential का बड़ा दांव! Bharti Life में खरीदेगी 75% हिस्सेदारी, इस कंपनी में घटाएगी होल्डिंग, रखें शेयरों पर नजर

Prudential भारत में हेल्थ इंश्योरेंस कारोबार को भी तेजी से बढ़ाने की तैयारी कर रही है. कंपनी की Prudential HCL Health Insurance नाम से HCL Group के साथ जॉइंट वेंचर को रेगुलेटरी मंजूरी का इंतजार है. कंपनी को उम्मीद है कि उसका हेल्थ इंश्योरेंस कारोबार 2026 में शुरू हो जाएगा.

स्टॉक मार्केट Image Credit: Canva

UK की इंश्योरेंस कंपनी Prudential plc ने भारत में अपने कारोबार को लेकर बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने Bharti Life Insurance में 75 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया है. इसके साथ ही Prudential अपनी हिस्सेदारी ICICI Prudential Life Insurance में घटाकर 10 प्रतिशत करेगी. इसका असर कंपनी के शेयरों पर सोमवार को देखने को मिल सकता है.

3,500 करोड़ रुपये में होगी डील

Prudential यह हिस्सेदारी Bharti Life Ventures Pvt. Ltd और 360 ONE Asset Management से खरीदेगी. इस सौदे की वैल्यू करीब 3,500 करोड़ रुपये बताई गई है. इसके अलावा डील में 700 करोड़ रुपये तक का अतिरिक्त भुगतान भी शामिल है, जो कुछ तय शर्तों के पूरे होने पर दिया जाएगा. यह ट्रांजैक्शन फिलहाल रेगुलेटरी मंजूरी के अधीन है.

Bharti Enterprises की हिस्सेदारी घटेगी

फिलहाल Bharti Enterprises की Bharti Life Insurance में 85 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि बाकी 15 प्रतिशत हिस्सेदारी 360 ONE Asset Management के फंड्स के पास है. डील पूरी होने के बाद Bharti Enterprises की हिस्सेदारी घटकर 25 प्रतिशत रह जाएगी, जबकि 360 ONE पूरी तरह बाहर निकल जाएगी.

Bharti AXA Life से बना Bharti Life

Bharti Life Insurance को पहले Bharti AXA Life Insurance के नाम से जाना जाता था. अक्टूबर 2023 में Bharti Enterprises ने फ्रांस की AXA Group की 49 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद ली थी, जिसके बाद AXA ने कंपनी से एग्जिट कर लिया. FY26 में कंपनी का नया बिजनेस प्रीमियम सालाना आधार पर 44 प्रतिशत बढ़कर 1,069 करोड़ रुपये पहुंच गया. वहीं कंपनी की Embedded Value 3,102 करोड़ रुपये रही.

ICICI Prudential Life पर क्या होगा असर

रेगुलेटरी नियमों के मुताबिक Prudential को Bharti Life में हिस्सेदारी बढ़ाने से पहले ICICI Prudential Life में अपनी हिस्सेदारी 10 प्रतिशत तक घटानी होगी. फिलहाल Prudential की ICICI Prudential Life में करीब 21.9 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि ICICI Bank के पास 50.9 प्रतिशत हिस्सेदारी है. अब बाजार में चर्चा है कि ICICI Bank अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीद सकती है या फिर कंपनी किसी नए पार्टनर की तलाश कर सकती है.

भारत में बीमा सेक्टर पर बढ़ा विदेशी निवेशकों का फोकस

हाल ही में सरकार ने बीमा सेक्टर में विदेशी निवेश सीमा 74 प्रतिशत से बढ़ाकर 100 प्रतिशत कर दी है. इसके बाद विदेशी कंपनियां भारत में नए अवसर तलाश रही हैं. इसी कड़ी में जर्मनी की Allianz Group ने Bajaj Group के साथ अपने जॉइंट वेंचर से बाहर निकलने के बाद Jio Financial Services के साथ नई साझेदारी का ऐलान किया है. इसके अलावा Chubb, Old Mutual, Tiger Global और Bain Capital जैसी विदेशी कंपनियां भी भारतीय बीमा बाजार में अवसर तलाश रही हैं.

Bharti Airtel और 360 ONE के साथ डिस्ट्रीब्यूशन समझौते की तैयारी

Prudential ने कहा कि Bharti Life आगे चलकर Bharti Airtel और 360 ONE के साथ रणनीतिक डिस्ट्रीब्यूशन एग्रीमेंट भी तलाश सकती है. कंपनी का कहना है कि भारत उसके लिए बेहद आकर्षक बाजार है और यह निवेश उसे लाइफ और हेल्थ इंश्योरेंस कारोबार में मजबूत पकड़ बनाने में मदद करेगा.

हेल्थ इंश्योरेंस बिजनेस पर भी फोकस

Prudential भारत में हेल्थ इंश्योरेंस कारोबार को भी तेजी से बढ़ाने की तैयारी कर रही है. कंपनी की Prudential HCL Health Insurance नाम से HCL Group के साथ जॉइंट वेंचर को रेगुलेटरी मंजूरी का इंतजार है. कंपनी को उम्मीद है कि उसका हेल्थ इंश्योरेंस कारोबार 2026 में शुरू हो जाएगा.

इसे भी पढ़ें- इस फार्मा शेयर पर Emkay बुलिश, बढ़ाया टारगेट प्राइस, वहीं Elara ने घटाई रेटिंग, जानें कहां जाएगा स्टॉक?

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.