शेयर बाजार में तेजी से दिग्गज कंपनियों की चांदी! RIL बनी ‘सिकंदर’, 6 कंपनियों ने कमाए ₹74,111 करोड़
भारतीय शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव भरे सप्ताह के बावजूद टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 6 का संयुक्त मार्केट कैप ₹74,111 करोड़ से ज्यादा बढ़ गया. इस दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे बड़ी विजेता बनकर उभरी, जबकि TCS और ICICI Bank में भी मजबूत तेजी देखने को मिली

पिछले हफ्ते शेयर बाजार में भारी उतार-चढ़ाव और अनिश्चितता का माहौल रहा, लेकिन देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों के लिए यह हफ्ता मुनाफा लेकर आया. टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 6 के मार्केट कैप (बाजार पूंजीकरण) में सामूहिक रूप से ₹74,111.57 करोड़ का तगड़ा उछाल आया है. इस तेजी में मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) सबसे बड़ी विजेता बनकर उभरी है. वहीं, दूसरी ओर चार दिग्गज कंपनियों को तगड़ा नुकसान भी झेलना पड़ा.
उतार-चढ़ाव के बीच रिलायंस का जलवा
पिछले हफ्ते बीएसई (BSE) का सेंसेक्स मामूली रूप से 177.36 अंक (0.23 प्रतिशत) बढ़कर बंद हुआ. बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, रुपये की कमजोरी, वैश्विक बाजारों के मिले-जुले संकेतों और महंगाई व ब्याज दरों की चिंता के कारण बाजार में उतार-चढ़ाव बना रहा.
इस उठापटक के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपने निवेशकों की झोली भर दी. कंपनी का मार्केट कैप ₹24,696.89 करोड़ बढ़ गया, जिससे इसका कुल मूल्यांकन ₹18,33,117.70 करोड़ पर पहुंच गया. रिलायंस देश की सबसे मूल्यवान कंपनी के पायदान पर मजबूती से टिकी हुई है.
टीसीएस और आईसीआईसीआई बैंक भी रहे आगे
मुनाफा कमाने की इस रेस में रिलायंस के बाद आईटी क्षेत्र की दिग्गज टीसीएस (TCS) और बैंकिंग सेक्टर से आईसीआईसीआई (ICICI) बैंक का नंबर रहा:
- TCS: कंपनी का मार्केट कैप ₹19,338.68 करोड़ बढ़कर ₹8,38,401.33 करोड़ हो गया.
- ICICI Bank: इसका मूल्यांकन ₹14,515.93 करोड़ के उछाल के साथ ₹9,06,901.32 करोड़ पर पहुंच गया.
- LIC: सरकारी बीमा कंपनी एलआईसी के मार्केट कैप में भी ₹9,076.37 करोड़ की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
- बजाज फाइनेंस और एलएंडटी: बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप ₹3,797.83 करोड़ और लार्सन एंड टुब्रो (L&T) का मार्केट कैप ₹2,685.87 करोड़ बढ़ा.
Airtel और HUL को लगा झटका
एक तरफ जहां 6 कंपनियां फायदे में रहीं, वहीं दूसरी तरफ 4 बड़ी कंपनियों के वैल्यूएशन में भारी गिरावट आई. सबसे ज्यादा नुकसान भारती एयरटेल को हुआ, जिसका मार्केट कैप ₹20,229.67 करोड़ घट गया. इसके अलावा:
- हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL): ₹16,212.18 करोड़ का नुकसान हुआ.
- स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI): ₹12,784.4 करोड़ की गिरावट आई.
- एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank): इसका मूल्यांकन ₹2,094.35 करोड़ कम हुआ.
यह भी पढ़ें: Nifty Outlook 25 May: निफ्टी 24,000 के पार जाएगा या फिर होगी गिरावट? ये 5 ट्रिगर्स तय करेंगे दिशा
ये हैं देश की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियां
पिछले हफ्ते के उतार-चढ़ाव के बाद देश की टॉप-10 कंपनियों की रैंकिंग में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर बरकरार है. इसके बाद क्रमशः एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), टीसीएस, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एलआईसी (LIC) का स्थान आता है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.