Nifty Outlook 25 May: निफ्टी 24,000 के पार जाएगा या फिर होगी गिरावट? ये 5 ट्रिगर्स तय करेंगे दिशा

भारतीय शेयर बाजार ने उतार-चढ़ाव भरे हफ्ते का अंत मामूली बढ़त के साथ किया, लेकिन अब निवेशकों की नजर सोमवार के कारोबार पर टिकी है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक 23,850-23,900 का स्तर निफ्टी के लिए सबसे बड़ा रेजिस्टेंस बना हुआ है. वहीं RBI के रिकॉर्ड डिविडेंड, अमेरिका-ईरान वार्ता, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और रुपये की मजबूती जैसे फैक्टर्स सोमवार को बाजार की दिशा तय कर सकते हैं.

शेयर बाजार/ प्रतिकात्मक तस्वीर Image Credit: FreePik

Nifty Outlook 25 May: भारतीय शेयर बाजार में बीता हफ्ता भारी उतार-चढ़ाव और उठापटक से भरा रहा. रुपये की कमजोरी, वैश्विक दबाव और सेक्टोरल रोटेशन के बीच बाजार एक सीमित दायरे में फंसा दिखा. हालांकि, हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन (शुक्रवार) को बाजार मामूली बढ़त के साथ हरे निशान पर बंद होने में कामयाब रहा. निफ्टी 50 आखिरकार 0.32% की वीकली बढ़त के साथ 23,719.30 पर और सेंसेक्स 0.23% चढ़कर 75,415.35 के स्तर पर बंद हुआ.

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि सोमवार (25 मई) को जब बाजार खुलेगा, तो दिशा क्या होगी? आइए एक्सपर्ट्स के नजरिए से समझते हैं सोमवार का मार्केट आउटलुक.

सोमवार को कैसा खुलेगा बाजार?

मार्केट के दिग्गज एक्सपर्ट्स के मुताबिक सोमवार को बाजार में तेजी और मंदी के बीच एक निर्णायक लेवल देखने को मिल सकती है:

  • ओम मेहरा (टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट, SAMCO Securities): “निफ्टी का शॉर्ट-टर्म सेटअप सुधर रहा है, लेकिन यह अभी पूरी तरह पॉजिटिव नहीं हुआ है. बोलिंगर बैंड्स सिकुड़ रहे हैं, जो इशारा करते हैं कि बाजार जल्द ही किसी एक दिशा में बड़ी चाल (Directional Move) पकड़ सकता है. जब तक निफ्टी 23,880 के स्तर को पार नहीं करता, रेंज-बाउंड मूवमेंट जारी रहेगा.”
  • नागराज शेट्टी (सीनियर टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट, HDFC Securities): “निफ्टी का मौजूदा ट्रेंड उतार-चढ़ाव भरा है, लेकिन इसका झुकाव पॉजिटिव (Positive Bias) है. बाजार लगातार 23,850 के रेजिस्टेंस को टेस्ट कर रहा है. अगर सोमवार या आने वाले दिनों में निफ्टी 23,850 – 23,900 के पार निकलता है, तो इसमें 24,150 के स्तर तक चौतरफा खरीदारी देखने को मिल सकती है.”
  • नंदिश शाह (डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट, HDFC Securities): “शुक्रवार को ऊपरी स्तरों से 135 अंकों की प्रॉफिट बुकिंग देखी गई. सोमवार के लिए 23,800 एक बेहद महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस है. इसके ऊपर टिकने पर ही निफ्टी 24,006 (50-day EMA) की तरफ बढ़ पाएगा.”

सोमवार के लिए अहम ट्रिगर

  • सपोर्ट : 23,550 और 23,400 का स्तर मजबूत सपोर्ट का काम करेगा.
  • रेजिस्टेंस: 23,850 से 23,880 का जोन सबसे बड़ा रोड़ा है. इसके पार जाते ही 24,000 के दरवाजे खुलेंगे.

यह भी पढ़ें: Voltas-LG-Daikin जैसे ब्रांड्स के लिए AC बनाती है यह कंपनी, 52 वीक हाई से 21% टूटा शेयर, क्या अब भी है मौका?

सोमवार को बाजार को हिलाने वाले 5 बड़े ट्रिगर्स

सोमवार को जब ट्रेडिंग शुरू होगी, तो निवेशकों की नजर इन 5 मुख्य खबरों पर रहेगी:

  • अमेरिका-ईरान बातचीत और ट्रंप का बयान: डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वॉशिंगटन और तेहरान के बीच युद्ध खत्म करने को लेकर बातचीत समझौते के काफी करीब है. इस भू-राजनीतिक सुधार का असर ग्लोबल मार्केट पर पड़ेगा.
  • RBI का रिकॉर्ड ₹2.87 लाख करोड़ का डिविडेंड: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सरकार को वित्त वर्ष 2026 के लिए ₹2.87 लाख करोड़ का रिकॉर्ड सरप्लस ट्रांसफर करने का ऐलान किया है. बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों पर इसका सीधा असर दिखेगा.
  • क्रूड ऑयल में भारी गिरावट: हफ्ते के आखिरी दिन भले ही ब्रेंट क्रूड उछलकर $103.54 और WTI $96.60 प्रति बैरल पर बंद हुए हों, लेकिन पूरे हफ्ते के लिहाज से ब्रेंट में 5.48% और WTI में 8.37% की बड़ी गिरावट आई है. यह भारतीय बाजार के लिए राहत की बात है.
  • FIIs की भारी बिकवाली: विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने 2026 में अब तक ₹2.22 लाख करोड़ के शेयर बेचे हैं. अकेले शुक्रवार को उन्होंने ₹4,440.47 करोड़ की बिकवाली की, जबकि घरेलू निवेशकों (DIIs) ने ₹6,003.53 करोड़ की खरीदारी कर बाजार को संभाला.
  • रुपये में शानदार रिकवरी: डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 76 पैसे की जोरदार मजबूती के साथ 95.60 के स्तर पर बंद हुआ है. आरबीआई के दखल के बाद रुपये में आई यह तेजी बाजार को सोमवार को बूस्ट दे सकती है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.