298% तक रिटर्न, फिर भी घाटे में Ather Energy! आखिर क्यों इस EV कंपनी के शेयर पर दांव लगा रहे निवेशक?

Ather Energy के शेयर ने 5 साल में 298 % का रिटर्न दिया है, जबकि कंपनी अभी भी घाटे में है और उसका फ्री कैश फ्लो भी निगेटिव है. इसके बावजूद निवेशक कंपनी की बढ़ती बाजार हिस्सेदारी, बेहतर मार्जिन और भारत के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में लंबी अवधि की संभावनाओं पर भरोसा जता रहे हैं

एथर एनर्जी के शेयर का हाल Image Credit: @Money9live

Ather Energy Share: शेयर बाजार में आमतौर पर निवेशक उन कंपनियों को पसंद करते हैं जो लगातार मुनाफा कमा रही हों. लेकिन Ather Energy इस धारणा से अलग कहानी पेश कर रही है. कंपनी के शेयर ने पिछले एक साल में 298 फीसदी का रिटर्न दिया है, जबकि कंपनी अभी भी घाटे में है, उसका Return on Equity (ROE) -33.4 %, Return on Capital Employed (ROCE) -19.8 %, फ्री कैश फ्लो निगेटिव और वित्त वर्ष 2025-26 में 517 करोड़ रुपये का नेट घाटा रहा. इसके बावजूद निवेशकों का भरोसा कंपनी पर लगातार बढ़ता दिख रहा है.

शेयर ने दिया मल्टीबैगर रिटर्न

Ather Energy का शेयर 22 जुलाई को सुबह 11:17 बजे 1.08 फीसदी की बढ़त के साथ 1303 रुपये पर कारोबार कर रहा था. फिलहाल कंपनी का मार्केट कैप 51343 करोड़ रुपये है. शेयर का 52 हफ्ते का हाई लेवल 1345 रुपये और लो लेवल 329 रुपये रहा है. वहीं, कंपनी की बुक वैल्यू 67.2 रुपये है, जबकि फिलहाल कंपनी कोई डिविडेंड नहीं देती है.

कंपनी के शेयर ने पिछले एक हफ्ते में 6.51% का रिटर्न दिया है. वहीं, एक महीने में 33%, तीन महीने में 45% और छह महीने में 111% का रिटर्न दर्ज किया है. बीते एक साल में इस शेयर ने 285.43% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है. वहीं, लॉन्ग टर्म में इसने निवेशकों को 298% का रिटर्न दिया है.

फिर भी निवेशक क्यों दिखा रहे हैं भरोसा?

बाजार Ather Energy को उसकी मौजूदा कमाई के आधार पर नहीं, बल्कि फ्यूचर की संभावनाओं के आधार पर आंक रहा है. निवेशकों का मानना है कि कंपनी भारत के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार की प्रमुख कंपनियों में शामिल हो सकती है. यही वजह है कि फिलहाल कमाई से ज्यादा उसकी बाजार हिस्सेदारी, उत्पादन क्षमता और फ्यूचर की ग्रोथ पर ध्यान दिया जा रहा है.

EV बाजार में तेजी से बढ़ रही हिस्सेदारी

फॉइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, FY26 में भारत में करीब 2.15 करोड़ दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई. इनमें 14.02 लाख इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन थे, यानी कुल बाजार में EV की हिस्सेदारी 6.5 फीसदी रही. Ather Energy ने FY26 में 239178 इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन बेचे और उसकी बाजार हिस्सेदारी 17.06 फीसदी रही.

बाजार हिस्सेदारी बढ़ने से बदली तस्वीर

Ather की सबसे बड़ी ताकत उसकी तेजी से बढ़ती बाजार हिस्सेदारी रही है. Q1 FY25 में कंपनी की हिस्सेदारी करीब 7.6% थी, जो Q4 FY26 तक बढ़कर 18.6% पहुंच गई. इस दौरान कंपनी ने Rizta फैमिली स्कूटर लॉन्च किया, जिसने बिक्री में अहम योगदान दिया. FY26 के अंत तक Rizta कंपनी की कुल बिक्री का लगभग तीन-चौथाई हिस्सा बन चुका था.

देशभर में बढ़ाया नेटवर्क

कंपनी ने एक साल में अपने एक्सपीरियंस सेंटर 351 से बढ़ाकर 700 कर दिए. सर्विस सेंटरों की संख्या भी दोगुनी हुई. गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में विस्तार की रणनीति से कंपनी की बाजार हिस्सेदारी में उल्लेखनीय सुधार हुआ.

लगातार सुधर रहे हैं कारोबार के आंकड़े

Ather Energy का राजस्व FY25 के 2,255 करोड़ रुपये से बढ़कर FY26 में 3,672 करोड़ रुपये हो गया, यानी 63% की बढ़ोतरी हुई. वहीं, ऑपरेटिंग मार्जिन में भी लगातार सुधार देखने को मिला. जून 2024 में EBITDA मार्जिन -36% था, जो मार्च 2026 तक -6% पहुंच गया. कंपनी के अनुसार, Q4 FY26 में EBITDA घाटा घटकर -2.5% रह गया.

फ्यूचर की तैयारी पर भी बड़ा दांव

कंपनी का चार्जिंग नेटवर्क 6,000 से अधिक फास्ट चार्जर तक पहुंच चुका है. इसके अलावा, कंपनी की Factory 3 की वार्षिक उत्पादन क्षमता 10 लाख यूनिट रखने की योजना है, जबकि FY26 में कंपनी ने करीब 2.63 लाख वाहन बेचे थे. Hero MotoCorp की कंपनी में करीब 30% हिस्सेदारी है, जिससे सप्लाई चेन, पूंजी और मैन्युफैक्चरिंग में सहयोग मिलता है.

निवेशकों के लिए क्या हैं जोखिम?

हालांकि कंपनी की ग्रोथ मजबूत दिख रही है, लेकिन चुनौतियां भी कम नहीं हैं. TVS Motor, Bajaj Auto और Hero Vida जैसी कंपनियां लगातार कंपटीशन बढ़ा रही हैं. बैटरी की कीमतों में उतार-चढ़ाव, सरकारी सब्सिडी में बदलाव, Factory 3 की क्षमता का पूरा उपयोग न हो पाना, सॉफ्टवेयर से अपेक्षित कमाई न होना और निगेटिव फ्री कैश फ्लो जैसे जोखिम बने हुए हैं. कंपनी का नेट लॉस FY25 के 812 करोड़ रुपये से घटकर FY26 में 517 करोड़ रुपये जरूर हुआ है, लेकिन मुनाफे तक पहुंचने का सफर अभी बाकी है.

इसे भी पढ़ें- FII को पसंद आए ये 3 पावर स्टॉक, जून तिमाही में बढ़ाई हिस्सेदारी, क्या आपके पोर्टफोलियो में हैं ये शेयर?

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.