FPIs के लिए बड़ी राहत की तैयारी, अब सिर्फ 5 दिन में हो सकेगा रजिस्ट्रेशन, SEBI घटाएगा नियमों का बोझ

SEBI विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को आसान बनाने की तैयारी कर रहा है. इसके तहत ऑनबोर्डिंग का समय घटाकर 5 दिन किया जा सकता है. रेगुलेटर जल्द ही अनुपालन नियमों की समीक्षा के लिए कंसल्टेशन पेपर जारी करेगा. इसके अलावा KYC रिव्यू की अवधि बढ़ाने और NRI-OCI के लिए डिजिटल निवेश प्रक्रिया आसान बनाने जैसे कदम भी उठाए गए हैं.

सेबी Image Credit: tv9

भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेश को बढ़ावा देने के लिए मार्केट रेगुलेटर भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) एक बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर रहा है. SEBI विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) के रजिस्ट्रेशन यानी ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया को आसान बनाने पर काम कर रहा है. इसके तहत विदेशी निवेशक अब सिर्फ 5 दिनों में भारतीय बाजार में निवेश के लिए रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे. फिलहाल इस प्रक्रिया में लगने वाले समय को कम करने के लिए नियमों की समीक्षा की जा रही है.

SEBI चेयरमैन तुहिन कांता पांडे ने शुक्रवार को मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि रेगुलेटर जल्द ही एक कंसल्टेशन पेपर जारी करेगा, जिसमें FPI के लिए मौजूदा अनुपालन (Compliance) नियमों की समीक्षा की जाएगी. इसका मकसद अनावश्यक कागजी कार्रवाई और प्रक्रियाओं को कम करना है, ताकि ज्यादा से ज्यादा विदेशी निवेशक भारतीय बाजार में निवेश कर सकें.

5 दिन में FPI रजिस्ट्रेशन की तैयारी

SEBI चेयरमैन तुहिन कांता पांडे के मुताबिक, रेगुलेटर विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को तेज और आसान बनाना चाहता है. इसके लिए मौजूदा नियमों और अनुपालन से जुड़ी शर्तों की समीक्षा की जाएगी. SEBI जल्द ही इस संबंध में एक कंसल्टेशन पेपर जारी करेगा.

इसका मुख्य उद्देश्य उन प्रक्रियाओं को हटाना है, जिनकी अब जरूरत नहीं है या जिनसे निवेशकों को बेवजह देरी का सामना करना पड़ता है. हालांकि, नियमों को आसान बनाने के साथ निवेशकों की सुरक्षा से जुड़े जरूरी प्रावधानों को बरकरार रखा जाएगा.

पांडे ने कहा कि प्रक्रियाओं को सरल बनाने और अनावश्यक अनुपालन का बोझ घटाने से अंतरराष्ट्रीय निवेशकों का दायरा बढ़ेगा. इससे भारतीय कंपनियों को फंड जुटाने के ज्यादा मौके मिलेंगे और देश में पूंजी का प्रवाह भी मजबूत होगा.

KYC से लेकर डिजिटल रजिस्ट्रेशन तक

SEBI विदेशी निवेशकों के लिए बाजार में एंट्री की प्रक्रिया आसान बनाने के लिए पहले भी कई कदम उठा चुका है. इनमें FPI रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को डिजिटल करना, डिजिटल सिग्नेचर वाले पावर ऑफ अटॉर्नी (POA) को स्वीकार करना और नेट सेटलमेंट की सुविधा देना शामिल है. नेट सेटलमेंट से विदेशी निवेशकों की फंडिंग लागत कम करने में मदद मिलती है.

इसके अलावा, SEBI ने पात्र विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों के लिए KYC (Know Your Customer) की समीक्षा का समय भी बढ़ाया है. 1 दिसंबर से अलग-अलग निवेशक श्रेणियों के आधार पर KYC रिव्यू की अवधि में बदलाव होगा.

जिन निवेशकों के लिए KYC रिव्यू की अवधि 1 साल थी, उसे बढ़ाकर 2 साल किया जाएगा.
जिन निवेशकों के लिए यह अवधि 3 साल थी, उसे बढ़ाकर 8 साल किया जाएगा.

इस बदलाव से विदेशी निवेशकों को बार-बार KYC प्रक्रिया पूरी करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इससे उनका समय बचेगा और अनुपालन से जुड़ी परेशानियां भी कम होंगी.

NRI और FIIs के लिए भी आसान हुई निवेश की प्रक्रिया

SEBI ने नॉन-रेजिडेंट इंडियंस (NRIs), ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCIs) और विदेशी नागरिकों के लिए भी डिजिटल ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया आसान बनाई है. अब निवेशक भारत आए बिना ही अपना KYC और री-KYC पूरा कर सकते हैं. इससे विदेश में रहने वाले भारतीयों और विदेशी नागरिकों के लिए भारतीय शेयर बाजार में निवेश करना पहले के मुकाबले आसान हो गया है.

इसके अलावा, SEBI की SWAGAT-FI पहल के तहत अब तक करीब 740 FPIs ने रजिस्ट्रेशन कराया है. ये निवेशक विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की कुल एसेट्स अंडर कस्टडी (AUC) में करीब 17% हिस्सेदारी रखते हैं.

यह भी पढ़ें: पैसा रखें तैयार! अगले हफ्ते खुल रहे ये 3 IPO, कंपनियां जुटाएंगी ₹886 करोड़, जानें प्राइस बैंड समेत पूरी डिटेल्स