MTF पर SEBI लगा सकता है लगाम! चेयरमैन के बयान से Angel One और BSE के शेयर फिसले, जानें क्या है पूरा मामला

SEBI मार्जिन ट्रेडिंग फैसिलिटी (MTF) के नियमों को सख्त करने के प्रस्ताव पर विचार कर रहा है. नियामक MTF की लिमिट को शेयरों के फ्री फ्लोट से जोड़ने पर विचार कर रहा है, हालांकि अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है. SEBI चेयरमैन तुहिन कांत पांडे के बयान के बाद Angel One और BSE के शेयरों में 2 फीसदी तक गिरावट आई. भारत में MTF कारोबार का आकार बढ़कर करीब 1.5 लाख करोड़ रुपये पहुंच चुका है.

SEBI मार्जिन ट्रेडिंग फैसिलिटी (MTF) के नियमों को सख्त करने के प्रस्ताव पर विचार कर रहा है. Image Credit:

शेयर बाजार में मार्जिन लेकर ट्रेडिंग करने वाले निवेशकों के लिए आने वाले दिनों में नियम सख्त हो सकते हैं. SEBI मार्जिन ट्रेडिंग फैसिलिटी (MTF) के तहत शेयरों में मिलने वाली फंडिंग को उनके फ्री फ्लोट से जोड़ने के प्रस्ताव पर विचार कर रहा है. हालांकि, इस पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है. SEBI चेयरमैन तुहिन कांत पांडे के इस बयान के बाद बुधवार को Angel One और BSE जैसे कैपिटल मार्केट से जुड़े शेयरों में दबाव देखने को मिला. कारोबार के दौरान इन शेयरों में 2 फीसदी तक की गिरावट आई, जबकि Groww का शेयर लगभग सपाट रहा.

MTF लिमिट को फ्री फ्लोट से जोड़ने पर विचार

18 नवंबर को NSE में एक कार्यक्रम के दौरान SEBI चेयरमैन तुहिन कांत पांडे से MTF लिमिट को शेयरों के फ्री फ्लोट से जोड़ने के प्रस्ताव पर सवाल पूछा गया. इस पर उन्होंने कहा कि रेगुलेटर के स्तर पर अलग-अलग मुद्दों पर विचार होता रहता है, लेकिन जब तक कोई प्रस्ताव ठोस रूप नहीं लेता, उसे सामने नहीं लाया जाता. उन्होंने साफ किया कि फिलहाल इस तरह का कोई फैसला नहीं लिया गया है.

दरअसल, MTF के तहत ब्रोकर निवेशकों को शेयर खरीदने के लिए उधार पैसा देते हैं. इसके जरिए निवेशक अपनी कैपिटल से ज्यादा रकम के शेयर खरीद सकते हैं. ब्रोकर आमतौर पर निवेशकों को उनकी कैपिटल के मुकाबले चार गुना तक की खरीदारी की सुविधा देते हैं. इसके लिए 9 से 18 फीसदी तक ब्याज लिया जाता है.

MTF कारोबार 1.5 लाख करोड़ रुपये के पार

भारत में MTF का कारोबार तेजी से बढ़ा है. पिछले दो साल में इसका आकार करीब दोगुना होकर 1.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. इसकी एक वजह इंडेक्स ऑप्शंस मार्केट में नियमों का सख्त होना और डिस्काउंट ब्रोकर्स की ओर से मार्जिन लेंडिंग की सुविधा देना है.

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, MTF के जरिए शेयरों में लेवरेज वाली खरीदारी बढ़कर 1.53 लाख करोड़ रुपये हो गई है. यह एक साल पहले के मुकाबले 29 फीसदी ज्यादा है और 2024 के अंत के स्तर से करीब दोगुनी है. इस लेवरेज का लगभग दो-तिहाई हिस्सा स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों से जुड़ा है.

रेगुलेटर की चिंता यह है कि अगर बाजार में बड़ी गिरावट आती है, तो उधार के पैसे से शेयर खरीदने वाले रिटेल निवेशकों को ज्यादा नुकसान हो सकता है. इसी वजह से SEBI उन शेयरों में नई मार्जिन फंडिंग पर रोक लगाने जैसे विकल्पों पर विचार कर रहा है, जहां लेवरेज एक तय सीमा से ज्यादा हो जाता है.

Jefferies के मुताबिक, असर सीमित रह सकता है

ग्लोबल ब्रोकरेज Jefferies ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि MTF बुक का सिर्फ 4 फीसदी हिस्सा ऐसे शेयरों में है, जहां एक्सपोजर फ्री फ्लोट के 10 फीसदी से ज्यादा है. अगर इस सीमा को घटाकर 5 फीसदी कर दिया जाए, तो ऐसे शेयरों में MTF एक्सपोजर का हिस्सा 23 फीसदी हो जाता है.

Jefferies के मुताबिक, भारत में MTF बुक का आकार कैश मार्केट के औसत दैनिक कारोबार यानी ADTO का करीब 1.2 गुना है. यह चीन के समान है और विकसित बाजारों के मुकाबले कम है. ब्रोकरेज का मानना है कि MTF एक्सपोजर कम लिक्विड शेयरों से ज्यादा लिक्विड शेयरों की तरफ शिफ्ट हो सकता है. ऐसे में एक्सचेंज और डिपॉजिटरी कंपनियों पर इसका असर सीमित रह सकता है.

Groww के MTF कारोबार पर क्या है Jefferies की राय?

Jefferies के मुताबिक, प्रमुख डिस्काउंट ब्रोकर्स में Billionbrains Garage Ventures यानी Groww की पैरेंट कंपनी का MTF एक्सपोजर सबसे कम है. कुल MTF कारोबार में इसकी हिस्सेदारी करीब 3 फीसदी है.

हालांकि, कंपनी की MTF बुक वित्त वर्ष 2025 से सात गुना बढ़कर वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में 4,300 करोड़ रुपये पहुंच गई. यह कंपनी के पहले छह महीनों के ऑपरेटिंग रेवेन्यू का 9 फीसदी है. वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में Groww के सक्रिय कैश ब्रोकिंग ग्राहकों में से सिर्फ 1.1 फीसदी ने MTF का इस्तेमाल किया. वहीं, दूसरी ब्रोकरेज कंपनियों में यह आंकड़ा 2.5 से 3 फीसदी के बीच था.

यह भी पढ़ें- Cognizant ने TCS और HCLTech को पछाड़ा, ब्रिटेन की Network Rail से मिला 175 मिलियन डॉलर का बड़ा कॉन्ट्रैक्ट

ब्रोकर्स के लिए MTF अब भी ग्रोथ का जरिया

ग्लोबल ब्रोकरेज Macquarie का मानना है कि SEBI की संभावित पाबंदियों का MTF कारोबार पर सीमित असर हो सकता है. ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनियां पहले से ही जोखिम और सट्टेबाजी को नियंत्रित करने के लिए कदम उठा रही हैं. Macquarie को वित्त वर्ष 2026 से 2030 के बीच MTF कारोबार में 25 फीसदी की सालाना चक्रवृद्धि वृद्धि (CAGR) की उम्मीद है.

MTF से डिपॉजिटरी और स्टॉक एक्सचेंज को भी कमाई होती है. Jefferies के मुताबिक, CDSL की कुल आय में शेयरों की प्लेजिंग से मिलने वाली आय का योगदान 2 से 3 फीसदी है. वहीं, NSE और BSE के रेवेन्यू में कैश मार्केट टर्नओवर की हिस्सेदारी 7 से 11 फीसदी है.