613% तक का रिटर्न दे चुके ये 2 स्टॉक! AI, EV और डेटा सेंटर से बढ़ेगी चिप की मांग, रखें नजर
देश में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को मजबूत करने के बीच Kaynes Technology और CG Power & Industrial Solutions इस क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही हैं. Kaynes Semicon गुजरात के साणंद में OSAT सुविधा चला रही है और बड़े निवेश की योजना बना रही है. वहीं CG Power ने जुलाई 2026 में अपनी पहली OSAT सुविधा में कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू किया है. ऐसे में इन दोनों के शेयर चर्चा में है.
Semiconductor Stocks: टेक्नोलॉजी की मांग आने वाले समय में भी बनी रहने की उम्मीद है. स्मार्टफोन और कंप्यूटर से लेकर इलेक्ट्रिक वाहन, डेटा सेंटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तक, हर क्षेत्र में तकनीक का इस्तेमाल बढ़ रहा है. इन सभी तकनीकों के पीछे सेमीकंडक्टर चिप एक अहम भूमिका निभाती है.
इलेक्ट्रॉनिक्स, AI इंफ्रास्ट्रक्चर, EV और दूसरी तकनीक आधारित जरूरतों के बढ़ने के साथ सेमीकंडक्टर उद्योग को लंबे समय की थीम के तौर पर देखा जा रहा है. भारत भी सेमीकंडक्टर की पूरी सप्लाई चेन में अपनी मौजूदगी मजबूत करने पर काम कर रहा है. इसी वजह से इस क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों पर निवेशकों की नजर बनी हुई है. ऐसे में Kaynes Technology और CG Power & Industrial Solutions दो ऐसे स्टॉक्स हैं, जो भारत के बढ़ते सेमीकंडक्टर कारोबार में अपनी मौजूदगी मजबूत कर रहे हैं.
Kaynes Technology
सेमीकंडक्टर क्षेत्र से जुड़े स्टॉक्स में पहला नाम Kaynes Technology India का है. कंपनी एंड-टू-एंड, IoT-आधारित इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और ESDM यानी Electronics System Design and Manufacturing के कारोबार में काम करती है.
इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के अलावा कंपनी अपनी सब्सिडियरी Kaynes Semicon के जरिए भारत के सेमीकंडक्टर कारोबार में भी अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है.
गुजरात में बना रही सेमीकंडक्टर पैकेजिंग और टेस्टिंग सुविधा
Kaynes Semicon गुजरात के साणंद में सेमीकंडक्टर पैकेजिंग और टेस्टिंग सुविधा चला रही है. साणंद स्थित इस सुविधा में फिलहाल 1,200 वर्ग मीटर की ऑपरेशनल पायलट OSAT सुविधा मौजूद है. इसके अलावा कंपनी इससे कहीं बड़ा सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लेटफॉर्म भी तैयार कर रही है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Kaynes सरकार के ISM 2.0 कार्यक्रम के तहत OSAT यानी Outsourced Semiconductor Assembly and Testing में करीब US1 बिलियन डॉलर निवेश की योजना बना रही है. यह ISM 1.0 के तहत कंपनी की शुरुआती प्रतिबद्धता से करीब तीन गुना हो सकता है.
भारत में घरेलू चिप इकोसिस्टम तैयार होने के साथ Kaynes Technology की सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग और एडवांस्ड पैकेजिंग क्षमता इसे लंबे समय के लिए नजर में रखने वाले स्टॉक्स में शामिल करती है.
कंपनी के शेयर का हाल ?
30 सितंबर 2026 को बाजार बंद होने के बाद कंपनी का शेयर 3501 रुपये प्रति पर कारोबार कर रहा था और इसमें 10.50 रुपये यानी 0.30% की गिरावट दर्ज की गई.
अगर शेयर के रिटर्न की बात करें तो सिर्फ 3 महीने में कंपनी के शेयर ने 10% से ज्यादा का रिटर्न दिया है. वहीं, 1 साल में कंपनी का शेयर दबाव में कारोबार करता रहा. अगर 3 साल की बात करें तो कंपनी के शेयर ने 50% का रिटर्न दिया है, जबकि 5 साल में कंपनी के शेयर ने 350 फीसदी का रिटर्न दिया है.
CG Power & Industrial Solutions
सेमीकंडक्टर क्षेत्र में दूसरा नाम CG Power & Industrial Solutions का है. यह कंपनी एक प्रमुख भारतीय इंजीनियरिंग कंपनी है, जो बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन, डिस्ट्रीब्यूशन और रेलवे के लिए इलेक्ट्रिकल उत्पादों का डिजाइन और निर्माण करती है. कंपनी अब अपनी सब्सिडियरी CG Semi Pvt. Ltd. के जरिए सेमीकंडक्टर कारोबार में भी अपनी मौजूदगी बना रही है. जुलाई 2026 में कंपनी ने गुजरात के साणंद में अपनी पहली OSAT सुविधा में कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू किया.
G1 की सालाना क्षमता 300 मिलियन चिप यूनिट
CG Power ने अगस्त 2025 में अपनी G1 सुविधा का उद्घाटन किया था. इसके बाद करीब एक साल तक उपकरणों की स्थापना, प्रक्रिया को स्थिर करने, ग्राहकों की मंजूरी और कर्मचारियों की ट्रेनिंग पर काम किया गया. इस सुविधा की अधिकतम क्षमता हर साल 300 मिलियन सेमीकंडक्टर यूनिट है.
लेकिन CG Power के लिए G1 शुरुआत भर है. जापान की Renesas Electronics Corporation और थाईलैंड की Stars Microelectronics के साथ मिलकर Murugappa Group की यह कंपनी पांच साल में ₹7,600 करोड़ से ज्यादा निवेश करके दो OSAT सुविधाएं तैयार कर रही है. G1 में कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू हो चुका है, जबकि बड़ी G2 सुविधा निर्माणाधीन है. इसके तैयार होने के बाद कंपनी की क्षमता में काफी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है.
चिप डिजाइन और AI में भी बढ़ा रही मौजूदगी
CG Power सिर्फ सेमीकंडक्टर की असेंबली और टेस्टिंग तक सीमित नहीं रहना चाहती. कंपनी की डिजाइन शाखा Axiro Semiconductor ने 150 से ज्यादा फ्रंट-एंड सेमीकंडक्टर IPs तैयार किए हैं और 200 से ज्यादा चिप डिजाइन पूरे किए हैं. इन चिप डिजाइनों का इस्तेमाल दुनिया भर में 600 मिलियन से ज्यादा चिप्स में किया जा चुका है.
कंपनी के शेयर का हाल ?
30 सितंबर 2026 को बाजार बंद होने के बाद CG Power & Industrial Solutions का शेयर 860 रुपये पर रहा और इसमें 0.58% की गिरावट दर्ज की गई. कंपनी का मार्केट कैप 1,34,402 करोड़ रुपये, स्टॉक P/E 106, बुक वैल्यू 50.6 रुपये, डिविडेंड यील्ड 0.15%, ROCE 26.7%, ROE 20.5% और फेस वैल्यू 2 रुपये है. वहीं, शेयर का 52 हफ्तों का हाई 981 रुपये और लो 526 रुपये है.
कंपनी के शेयर ने सिर्फ 6 महीने में 30 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दिया है. वहीं 3 साल में 93 फीसदी का जबकि 5 साल में 613 फीसदी का रिटर्न दिया है.
इसे भी पढ़ें- 5 महीने में राजकोषीय घाटा ₹7.10 लाख करोड़, FY27 के टारगेट का 41.9% पहुंचा; सरकार के खर्च-आमदनी का आया हिसाब
डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.