बुधवार को फोकस में रहेंगे SEIL के शेयर, मर्जर से बदलेगी कंपनी की तस्वीर, 5 साल में दे चुकी है 1321% का मल्टीबैगर रिटर्न
शांति एजुकेशनल इनिशिएटिव्स लिमिटेड के शेयर बुधवार को फोकस में रह सकते हैं क्योंकि कंपनी के बोर्ड ने स्कीम ऑफ अरेंजमेंट को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत पहले चरण में बिजनेस का स्लंप सेल होगा और दूसरे चरण में SEIL का मर्जर GEPL में किया जाएगा. इसका असर कंपनी के शेयरों में देखने को मिलेगा.
SEIL Share in focus: शांति एजुकेशनल इनिशिएटिव्स लिमिटेड के शेयर बुधवार, 4 मार्च को खास फोकस में रह सकते हैं. इसकी वजह कंपनी का सोलर दिग्गज के साथ मर्जर है. इसका असर सोमवार को भी देखने को मिला. 2 मार्च को भले ही शेयर बाजार 1% से ज्यादा गिरावट के साथ दबाव में था, तब भी इस मल्टीबैगर स्टॉक ने मजबूती दिखाई. शेयर 0.05% की बढ़त के साथ ₹198.95 पर बंद हुआ.
कंपनी के बोर्ड ने शांति एजुकेशनल इनिशिएटिव्स लिमिटेड (SEIL), शांति लर्निंग इनिशिएटिव्स प्राइवेट लिमिटेड (SLIPL) और GREW एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड (GEPL) के बीच प्रस्तावित स्कीम ऑफ अरेंजमेंट को मंजूरी दे दी है.
क्या है पूरी डील?
2 मार्च को जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, इस स्कीम के पहले चरण में SEIL अपने बिजनेस अंडरटेकिंग को SLIPL को स्लंप सेल के जरिए ट्रांसफर करेगी. इसके बदले SLIPL, SEIL को शेयर जारी करेगी. दूसरे चरण में SEIL का मर्जर GEPL के साथ किया जाएगा. इस प्रक्रिया में GEPL, SEIL के शेयरधारकों को स्वतंत्र रूप से तय किए गए शेयर एक्सचेंज रेश्यो के आधार पर नए शेयर अलॉट करेगी.
क्या होगा फायदा?
मंजूर किए गए एक्सचेंज रेश्यो के अनुसार, SEIL के शेयरधारकों को उनके हर 212 पूरी तरह चुकता ₹1 फेस वैल्यू वाले शेयरों के बदले GEPL के 100 पूरी तरह चुकता ₹1 फेस वैल्यू वाले इक्विटी शेयर मिलेंगे.
यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट टेंशन ने बिगाड़ा Kalyan Jewellers समेत इन 3 स्टॉक्स का खेल, शेयर लुढ़के, क्या आगे भी रहेगा दबाव
सोलर सेक्टर का खिलाड़ी है GREW
GEPL, चिरिपाल ग्रुप की वेंचर कंपनी है और भारत की तेजी से बढ़ती सोलर PV मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों में शामिल है. कंपनी राजस्थान के डूडू में 6.5 GW की PV मॉड्यूल मैन्युफैक्चरिंग सुविधा चला रही है और इसे 11.0 GW तक बढ़ाने की योजना है. इसके अलावा मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में 8.0 GW की सोलर PV सेल और इनगॉट-वेफर प्लांट भी स्थापित किया जा रहा है.
शेयर का दमदार रिटर्न
कमजोर बाजार माहौल के बावजूद SEIL के शेयर निवेशकों को शानदार रिटर्न देता रहा है. पिछले 5 कारोबारी सत्रों में शेयर 12.40% चढ़ा है. एक महीने में इसमें 46% की तेजी आई है. छह महीनों में शेयर 76% उछला है, जबकि एक साल में इसने 121% का जबरदस्त रिटर्न दिया है. लंबी अवधि में देखें तो पिछले 5 साल में इस स्टॉक ने 1,321% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
