ईरान के ड्रोन हमले से दहला शेयर बाजार! Nifty में 254 अंक और Sensex में 800 अंक की बड़ी गिरावट
ईरान द्वारा इजरायल पर कई राउंड मिसाइल हमले किए जाने के बाद पश्चिम एशिया तनाव एक बार फिर बढ़ गया है. भू-राजनीतिक संकट गहराने से वैश्विक बाजारों में बिकवाली तेज हो गई है और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है. इसका असर भारतीय शेयर बाजार पर साफ दिखा, जहां सेंसेक्स और निफ्टी दबाव में नजर आए.

Stock Market Crash 8 June: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष विराम रविवार देर रात फिर वहीं आ गया जहां से दुनियाभर में तनाव का पारा ऊपर चढ़ जाता है. ईरान द्वारा इजरायल पर ताबड़तोड़ कई राउंड मिसाइल और ड्रोन दागने के बाद पूरे क्षेत्र में युद्ध के बादल गहरा गए हैं. इस बढ़ी भू-राजनीतिक टेंशन का सीधा असर सोमवार को घरेलू शेयर बाजार पर देखने को मिला, जहां चौतरफा बिकवाली से कोहराम मच गया. ग्लोबल मार्केट से मिले बेहद खराब संकेतों के चलते भारतीय शेयर बाजार आज भारी गिरावट के साथ खुले.
सेंसेक्स और निफ्टी की लाल निशान में शुरुआत
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स बुरी तरह टूट गए. BSE Sensex 763.02 अंक या 1.03% की भारी गिरावट के साथ 73,480.32 के स्तर पर खुला. हालांकि एक मौके पर सेंसेक्स ने 800 अंकों तक की गिरावट झेली. वहीं, NSE Nifty 50 भी 254.95 अंक यानी 1.09% का गोता लगाकर 23,111.75 के स्तर पर खुला. बाजार खुलने के दौरान निफ्टी ने 23,138.25 का हाई और 23,070.15 का लो छुआ. बाजार के अन्य सूचकांकों का भी यही हाल रहा; निफ्टी नेक्स्ट 50 में 1.14%, निफ्टी बैंक में 0.64% और निफ्टी 100 में 1.08% की कमजोरी दर्ज की गई.
फार्मा में थोड़ी राहत, बाकी सेक्टर्स सब पस्त
बाजार में मचे इस हाहाकार के बीच केवल फार्मा और आईटी सेक्टर के चुनिंदा शेयरों में मामूली खरीदारी देखने को मिली, जिसे निवेशक सुरक्षित दांव मान रहे हैं. इसके उलट मेटल, ऑटो, फाइनेंस और रियलिटी सेक्टर्स में सबसे ज्यादा मार पड़ी है.
- टॉप गेनर्स : भारी गिरावट के बीच सनफार्मा 0.29% की बढ़त के साथ 1,787.30 रुपये, टेक महिंद्रा 0.24% की तेजी के साथ 1,487.00 रुपये और डॉ. रेड्डी 0.10% की बढ़त के साथ 1,279.50 रुपये पर ट्रेड करते दिखे.
- टॉप लूजर्स: बिकवाली के दबाव में विप्रो3.29% टूटकर 191.84 रुपये पर आ गया. इसके अलावा हिंडालको 2.68%, इंडिगो 2.18%, टाटा मोटर्स डीवीआर 2.17% और बजाज फाइनेंस 2.07% की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स की सूची में रहे.
यह भी पढ़ें: Stock to watch 8 June: HCLTech, Adani Ports, Hindustan Zinc और ixigo समेत फोकस में ये स्टॉक
एशियन मार्केट में बंपर गिरावट और कच्चे तेल में उछाल
ईरान-इजरायल टकराव के बाद एशियाई बाजारों में भी हाहाकार है. एशियाई बाजारों की बात करें तो जापान का Nikkei 225 3.66% (-2,438.12 अंक) की बंपर गिरावट के साथ 64,150.00 पर आ गया. सिंगापुर का Straits Times 1.36%, हांगकांग का Hang Seng 1.07% और चीन का Shanghai Composite 1.26% की कमजोरी के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं.
तनाव बढ़ते ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें अचानक रॉकेट हो गई हैं. सप्लाई रुकने की आशंका से ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) 3.58% की तेजी के साथ $96.42 प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई 3.43% उछलकर $93.65 प्रति बैरल पर पहुंच गया है, जिससे आने वाले दिनों में महंगाई का खतरा बढ़ गया है.
डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर
वैश्विक अनिश्चितता और बाजार से विदेशी फंड्स की निकासी के बीच अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 0.33% कमजोर होकर 95.261 के स्तर पर पहुंच गया है. ध्यान रहे, रुपये का डॉलर के मुकाबले इस तरह गिरना भारत के आयात बिल को और महंगा कर देगा, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है. फिलहाल बाजार को जल्द सुधार के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.