S.P. Apparels: 1 शेयर हो जाएंगे पांच! स्टॉक स्प्लिट करने जा रही ये कंपनी, जानें रिकॉर्ड जेट
S.P. Apparels Ltd ने अपने शेयरों के 1:5 स्टॉक स्प्लिट का ऐलान किया है. इसके तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाला एक शेयर 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले 5 शेयरों में बंट जाएगा. कंपनी ने 10 दिसंबर 2026 की तारीख घोषित की है. जानिए इस फैसले का निवेशकों की होल्डिंग और कंपनी के फंडामेंटल पर क्या असर होगा.

S.P. Apparels Stock Split: शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए गारमेंट सेक्टर की कंपनी S.P. Apparels Ltd से जुड़ी अहम खबर है. कंपनी ने अपने शेयरों का स्टॉक स्प्लिट करने का ऐलान किया है. इसके तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले एक इक्विटी शेयर को 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले 5 शेयरों में बांटा जाएगा. कंपनी ने इसके लिए 10 दिसंबर 2026 की तारीख को रिकॉर्ड डेट के रूप में घोषित की है. इस फैसले के बाद कंपनी के शेयरों की संख्या बढ़ जाएगी, जबकि निवेशकों की कुल हिस्सेदारी की वैल्यू में केवल स्टॉक स्प्लिट की वजह से कोई बदलाव नहीं होगा. आइए समझते हैं कि इस फैसले का निवेशकों पर क्या असर पड़ेगा और कंपनी की वित्तीय स्थिति कैसी है.
क्या है S.P. Apparels का 1:5 स्टॉक स्प्लिट?
S.P. Apparels ने 1:5 के अनुपात में स्टॉक स्प्लिट का ऐलान किया है. इसका मतलब है कि कंपनी के एक मौजूदा शेयर को 5 शेयरों में बांट दिया जाएगा. फिलहाल कंपनी के एक शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है, जो स्प्लिट के बाद घटकर 2 रुपये रह जाएगी.
इसे एक उदाहरण से समझते हैं. मान लीजिए किसी निवेशक के पास कंपनी के 100 शेयर हैं. स्टॉक स्प्लिट के बाद उसके पास शेयरों की संख्या बढ़कर 500 हो जाएगी. हालांकि, शेयर की कीमत भी उसी अनुपात में एडजस्ट होगी. यानी निवेशक की कुल होल्डिंग की वैल्यू तत्काल नहीं बढ़ेगी.
S.P. Apparels के प्रमुख फंडामेंटल
| पैरामीटर | आंकड़ा |
|---|---|
| मार्केट कैप | 2,349 करोड़ रुपये |
| P/E रेशियो | 21.85 |
| इंडस्ट्री P/E | 34.14 |
| P/B रेशियो | 2.32 |
| ROE | 10.63% |
| डेट-टू-इक्विटी | 0.44 |
| EPS (TTM) | 42.77 रुपये |
| बुक वैल्यू | 402.16 रुपये |
| डिविडेंड यील्ड | 0.32% |
क्या होता है स्टॉक स्प्लिट, निवेशकों को कैसे मिलता है फायदा?
स्टॉक स्प्लिट एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें कंपनी अपने मौजूदा शेयरों को छोटे हिस्सों में बांट देती है. इससे शेयरों की संख्या बढ़ जाती है और प्रति शेयर कीमत उसी अनुपात में कम हो जाती है. हालांकि, कंपनी की कुल मार्केट वैल्यू और निवेशक के निवेश की कुल वैल्यू में सिर्फ स्प्लिट की वजह से कोई बदलाव नहीं होता.
इसका सबसे बड़ा फायदा शेयर की कीमत कम होने से उसकी पहुंच ज्यादा निवेशकों तक बढ़ने के रूप में देखा जाता है. कम कीमत पर शेयर उपलब्ध होने से छोटे निवेशकों के लिए खरीदना आसान हो सकता है. इसके अलावा, शेयरों में ट्रेडिंग और लिक्विडिटी बढ़ने की संभावना भी रहती है.
डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है.