शेयर बाजार में मचा हड़कंप! सेंसेक्स 500 अंक टूटा, निफ्टी 24,250 के नीचे; IT-बैंकिंग शेयरों में भी दबाव
भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली. सेंसेक्स 503 अंक टूटकर 77,515.02 के स्तर पर और निफ्टी 122.70 अंक गिरकर 24,242.90 पर पहुंच गया. ईरान युद्ध को लेकर जारी अनिश्चितता और करीब 89 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंचा Brent Crude बाजार पर दबाव की बड़ी वजह रहे.

Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार को कारोबारी सप्ताह की शुरुआत गिरावट के साथ की. ईरान युद्ध को लेकर जारी अनिश्चितता और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी. इसके चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों दबाव में नजर आए. सुबह करीब 11.30 बजे सेंसेक्स 503 अंक यानी 0.65 फीसदी की गिरावट के साथ 77,515.02 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. वहीं, निफ्टी 122.70 अंक यानी 0.50 फीसदी टूटकर 24,242.90 के स्तर पर आ गया. ईरान युद्ध को खत्म करने की दिशा में ठोस प्रगति नहीं होने से कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं. इससे भारत जैसे कच्चे तेल के बड़े आयातक देश की अर्थव्यवस्था और कंपनियों की लागत पर दबाव बढ़ने की आशंका है.
कच्चे तेल की बढ़ती कीमत बनी सबसे बड़ी चिंता
बाजार में गिरावट की प्रमुख वजह कच्चे तेल की कीमतों में तेजी है. सोमवार को ब्रेंट क्रूड करीब 89 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा था और इसमें करीब 0.5 फीसदी की तेजी थी. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी अमेरिकी नागरिकों को युद्ध के कारण लंबे समय तक ऊंची ईंधन कीमतों के लिए तैयार रहने को कहा है. इससे बाजार में यह चिंता बढ़ी है कि ईरान युद्ध लंबा खिंच सकता है और इसका असर ग्लोबल एनर्जी सप्लाई पर पड़ सकता है.
IT और बैंकिंग शेयरों पर भी दबाव
बाजार में गिरावट सिर्फ क्रूड की वजह से नहीं है. IT की बड़ी कंपनियों और प्रमुख बैंकिंग शेयरों के कमजोर प्रदर्शन ने भी निफ्टी पर दबाव बढ़ाया है. निफ्टी के सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में कारोबार कर रहे थे. निफ्टी स्मॉलकैप 100 में करीब 0.06% और निफ्टी मिडकैप 100 में 0.33% की गिरावट दर्ज की गई. इससे संकेत मिलता है कि बाजार के व्यापक हिस्से में भी निवेशकों का रुख सतर्क बना हुआ है.
इंडिया VIX में भी बढ़ोतरी
बाजार में अनिश्चितता बढ़ने का असर इंडिया VIX पर भी दिखाई दिया. इंडिया VIX, जिसे बाजार का फियर गेज माना जाता है, 3% से ज्यादा बढ़कर 11.69 के स्तर पर पहुंच गया. VIX में बढ़ोतरी आमतौर पर बाजार में बढ़ती अस्थिरता और निवेशकों की चिंता का संकेत देती है.
इसके अलावा भारतीय रुपये पर भी दबाव देखने को मिला. रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 17 पैसे कमजोर होकर 95.59 के स्तर पर आ गया. इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज में रुपया 95.50 के स्तर पर खुला था, लेकिन बाद में कमजोर होकर 95.59 तक पहुंच गया.
इन शेयरों में दिखा बड़ा एक्शन
शेयरों की बात करें तो Railway Engineering कंपनी Jupiter Wagons में करीब 2.83% की गिरावट आई. कंपनी के जून तिमाही के प्रॉफिट में करीब 15% की गिरावट दर्ज होने के बाद शेयर पर दबाव देखने को मिला. वहीं, Defence कंपनी Hindustan Aeronautics में करीब 1.32% की तेजी रही. कंपनी ने Light Combat Helicopters के Fuselage Structures के मैन्युफैक्चरिंग के लिए Adani Defence और BEML के साथ समझौता किया है. इस खबर से शेयर में खरीदारी देखने को मिली.
यह भी पढ़ें: ऑल इज नॉट वेल इन TATA! चंद्रशेखरन और नोएल टाटा ने सरकार बता दी थी अंदरूनी खींचतान की कहानी, क्या है असली समस्या?
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.