बुधवार को इन 3 शेयरों पर रखें नजर, एक्सपर्ट ने बताया 10% तक मिल सकता है मुनाफा
भारतीय शेयर बाजार में गिरावट के बीच Choice Equity Broking के सचिन गुप्ता तीन शेयरों में खरीदारी की सलाह दी है. POLYMED के लिए 2,035 रुपये, ATHERENERG के लिए 1,630 रुपये और COHANCE के लिए 503 रुपये का टारगेट दिया गया है. तीनों शेयरों के तकनीकी संकेत मजबूत हैं. हालांकि, निवेशकों को तय स्टॉप लॉस के साथ ही ट्रेड करने की सलाह दी गई है.

Stock to Buy: तेल की बढ़ती कीमतों और होर्मुज स्ट्रेट के फिर से खुलने और अमेरिका-ईरान के बीच संभावित समझौते को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच मुनाफावसूली के चलते भारतीय शेयर बाजार मंगलवार, 11 अगस्त को काफी नीचे बंद हुआ. बिकवाली के दबाव के चलते सेंसेक्स 388.19 अंक यानी 0.49 फीसदी टूटकर 78154.25 पर बंद हुआ. वहीं Nifty 50 में 112.10 अंक यानी 0.46 फीसदी की गिरावट रही और यह 24471.70 के स्तर पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान Nifty ने 24576.85 का ऊपरी लेवल और 24429.25 का निचला लेवल छुआ.
बाजार में गिरावट के बीच Choice Equity Broking के VP सचिन गुप्ता ने अगले कारोबारी सत्रों के लिए POLYMED, Ather Energy और COHANCE में खरीदारी की सलाह दी है. इन तीनों शेयरों में तकनीकी संकेत मजबूत बने हुए हैं और चार्ट पर तेजी के संकेत मिल रहे हैं.
Poly Medicure Ltd. पर एक्सपर्ट की राय
Poly Medicure Ltd. में डेली चार्ट पर Ascending Triangle पैटर्न से मजबूत ब्रेकआउट देखने को मिला है. यह मौजूदा तेजी के ट्रेंड के आगे भी जारी रहने का संकेत दे रहा है. ब्रेकआउट के दौरान कारोबार की मात्रा में भी बढ़ोतरी हुई है, जिससे इस तेजी को मजबूती मिल रही है. शेयर सभी प्रमुख मूविंग एवरेज के ऊपर कारोबार कर रहा है, जिससे शॉर्ट और लॉन्ग टर्म ट्रेंड मजबूत नजर आ रहा है. शेयर का RSI 70.29 पर है, जो मजबूत मोमेंटम और लगातार खरीदारी का संकेत देता है.
इस तकनीकी सेटअप को देखते हुए 1,863 रुपये के भाव पर POLYMED में कैश में खरीदारी की जा सकती है. इसका टारगेट 2035 रुपये और स्टॉप लॉस 1788 रुपये रखा गया है. ब्रेकआउट जोन शेयर के लिए अहम सपोर्ट का काम कर सकता है.
Ather Energy Ltd पर एक्सपर्ट की राय
Ather Energy Ltd मजबूत तेजी के ट्रेंड में कारोबार कर रहा है. शेयर ने अपने कंसोलिडेशन रेंज से ब्रेकआउट दिया है और 1534.80 रुपये का ऑल टाइम हाई बनाया है. डेली चार्ट पर 20, 50, 100 और 200 दिन के EMA ऊपर की तरफ बढ़ रहे हैं, जो शेयर के सकारात्मक ट्रेंड को मजबूत करते हैं. 1535 रुपये के ऊपर लगातार टिकने पर शेयर में 1630 रुपये तक की तेजी देखने को मिल सकती है. शेयर का तत्काल सपोर्ट 1470 रुपये पर है. वहीं RSI 77.39 पर है, जो मजबूत खरीदारी का संकेत देता है. हालांकि, शेयर ओवरबॉट जोन में पहुंच चुका है.
इस सेटअप को देखते हुए 1535 रुपये के ऊपर Ather Energy में खरीदारी की जा सकती है. इसका टारगेट 1630 रुपये और स्टॉप लॉस 1470 रुपये रखा गया है.
Cohance Lifesciences Ltd पर एक्सपर्ट की राय
COHANCE में डेली चार्ट पर Symmetrical Triangle पैटर्न से मजबूत ब्रेकआउट देखने को मिला है. यह शेयर में तेजी का ट्रेंड आगे भी जारी रहने का संकेत देता है. ब्रेकआउट के बाद शेयर में खरीदारी बढ़ी है, जिससे इसका तकनीकी सेटअप और मजबूत हुआ है. शेयर 20, 50 और 100 दिन के EMA के ऊपर कारोबार कर रहा है, जिससे शॉर्ट और मीडियम टर्म ट्रेंड सकारात्मक बना हुआ है. वहीं RSI 65.86 पर है, जो मजबूत मोमेंटम और लगातार खरीदारी का संकेत देता है. हालांकि, RSI अभी बेहद ज्यादा ओवरबॉट जोन में नहीं पहुंचा है.
मौजूदा तकनीकी सेटअप को देखते हुए 464 रुपये के भाव पर COHANCE में कैश में खरीदारी की जा सकती है. इसका टारगेट ₹503 और स्टॉप लॉस 443 रुपये रखा गया है. ब्रेकआउट के बाद बनी मजबूती शेयर में आगे तेजी की गुंजाइश दिखा रही है.
एक नजर में एक्सपर्ट की सलाह
| शेयर | खरीदारी | टारगेट | स्टॉप लॉस |
|---|---|---|---|
| POLYMED | ₹1,863 | ₹2,035 | ₹1,788 |
| ATHERENERG | ₹1,535 के ऊपर | ₹1,630 | ₹1,470 |
| COHANCE | ₹464 | ₹503 | ₹443 |
इसे भी पढ़ें- सोमवार को इन 3 शेयरों पर रखें नजर, एक्सपर्ट ने बताया 11% तक मिल सकता है मुनाफा