1 जून को इन शेयरों पर रहेगी नजर, दिखेगा तगड़ा एक्शन! लिस्ट में Textile Stocks से लेकर Suzlon Energy जैसे दिग्गज

सोमवार, 1 जून को शेयर बाजार में कई कंपनियों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरें और तिमाही नतीजे निवेशकों का ध्यान खींच सकते हैं. कुछ कंपनियों को बड़े ऑर्डर मिले हैं, कुछ को नियामकीय मंजूरी मिली है, जबकि कई कंपनियों ने अपने वित्तीय परिणाम घोषित किए हैं. ऐसे में इन शेयरों में कारोबार के दौरान तगड़ा एक्शन देखने को मिल सकता है.

स्टॉक्स टू वाच. Image Credit: Canva

सोमवार के कारोबार में टेक्सटाइल, फार्मा, इंफ्रास्ट्रक्चर और मेटल सेक्टर से जुड़े कई शेयर खबरों और नतीजों के चलते चर्चा में रह सकते हैं. खासकर मजबूत तिमाही प्रदर्शन वाली कंपनियां जैसे Glenmark Pharma, Olectra Greentech, NMDC और Lumax Auto Technologies निवेशकों का ध्यान खींच सकती हैं, जबकि Suzlon Energy, InterGlobe Aviation, Concord Biotech और Inox Wind पर नेगेटिव खबरों और कमजोर नतीजों का असर देखने को मिल सकता है.

Textile Stocks

केंद्र सरकार ने 1 जून से 31 अक्टूबर 2026 तक कपास के इंपोर्ट पर कस्टम ड्यूटी में छूट देने का फैसला किया है. इस कदम से टेक्सटाइल और गारमेंट कंपनियों की कच्चे माल की लागत घट सकती है, जिससे उनकी मुनाफे में सुधार की संभावना है. इसके चलते Page Industries, KPR Mill, Welspun Living, Gokaldas Exports और Raymond Lifestyle जैसे शेयरों पर निवेशकों की विशेष नजर रहेगी.

Suzlon Energy

SEBI ने वित्तीय खातों में कथित अनियमितताओं और अन्य मामलों को लेकर Suzlon Energy पर 15.95 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है. कंपनी के कुछ पूर्व अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है, जिससे कुल जुर्माने की राशि 29 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है. कंपनी ने इस आदेश के खिलाफ आगे अपील करने की बात कही है.

Glenmark Pharma

Glenmark Pharma ने मार्च तिमाही में मजबूत प्रदर्शन किया है. कंपनी का नेट प्रॉफिट पिछले वर्ष के 4.6 करोड़ रुपये से बढ़कर 301.4 करोड़ रुपये हो गया. वहीं, रेवेन्यू 15.8 फीसदी बढ़कर 3,770.5 करोड़ रुपये रहा. EBITDA में 35.9 फीसदी की वृद्धि दर्ज हुई और EBITDA मार्जिन 17.2 फीसदी से बढ़कर 20.2 फीसदी हो गया.

Olectra Greentech

Olectra Greentech ने चौथी तिमाही में शानदार नतीजे पेश किए हैं. कंपनी का नेट प्रॉफिट 21 करोड़ रुपये से बढ़कर 56 करोड़ रुपये हो गया. रेवेन्यू 43.6 फीसदी बढ़कर 644.7 करोड़ रुपये रहा, जबकि EBITDA 76.3 फीसदी बढ़कर 99.6 करोड़ रुपये पहुंच गया. EBITDA मार्जिन भी 12.6 फीसदी से बढ़कर 15.5 फीसदी हो गया.

Lupin

इस फार्मा कंपनी को अमेरिकी दवा नियामक US FDA से नई टैबलेट्स के लिए मंजूरी प्राप्त हुई है. इन दवाओं का उपयोग कोलोनोस्कोपी जांच से पहले मरीज की आंतों की सफाई के लिए किया जाता है, जिससे जांच की सटीकता बेहतर होती है.

NMDC

कंपनी ने मजबूत तिमाही नतीजे दर्ज किए हैं. कंपनी का नेट प्रॉफिट 36 फीसदी बढ़कर 2,017.6 करोड़ रुपये हो गया, जबकि आय 61.9 फीसदी बढ़कर 11,343.1 करोड़ रुपये पहुंच गई. हालांकि EBITDA 28.9 फीसदी बढ़ा, लेकिन EBITDA मार्जिन 29.3 फीसदी से घटकर 23.3 फीसदी रह गया.

PNC Infratech

PNC Infratech को Airports Authority of India (AAI) से 302.4 करोड़ रुपये का EPC वर्क ऑर्डर मिला है. यह ऑर्डर एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर विकास से संबंधित है और इससे कंपनी की ऑर्डर बुक को और मजबूती मिलने की उम्मीद है.

InterGlobe Aviation (IndiGo)

IndiGo की मूल कंपनी InterGlobe Aviation को मार्च तिमाही में 2,536.3 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में कंपनी ने 3,067.5 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था. हालांकि कंपनी का रेवेन्यू 1.3 फीसदी बढ़कर 22,438.4 करोड़ रुपये रहा और तिमाही के दौरान 3.16 करोड़ यात्रियों ने इसकी सेवाओं का उपयोग किया.

Lumax Auto Technologies

Lumax Auto Technologies ने चौथी तिमाही में मजबूत वृद्धि दर्ज की. कंपनी का नेट प्रॉफिट 51 फीसदी बढ़कर 88.1 करोड़ रुपये हो गया, जबकि रेवेन्यू 25.1 फीसदी बढ़कर 1,417 करोड़ रुपये पहुंच गया. EBITDA 29.7 फीसदी बढ़कर 203.2 करोड़ रुपये रहा और EBITDA मार्जिन 13.8 फीसदी से बढ़कर 14.3 फीसदी हो गया. कंपनी ने 5.50 रुपये प्रति शेयर के अंतिम डिविडेंड की भी सिफारिश की है.

Concord Biotech

Concord Biotech के तिमाही नतीजे थोड़ा कमजोर रहे. कंपनी का नेट प्रॉफिट 36.8 फीसदी घटकर 88.8 करोड़ रुपये रह गया, जबकि आय 24.1 फीसदी घटकर 326.1 करोड़ रुपये हो गई. EBITDA में 37.8 फीसदी की गिरावट आई और EBITDA मार्जिन 44.3 फीसदी से घटकर 36.4 फीसदी रह गया. कंपनी ने 7.55 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड की सिफारिश की है.

Inox Wind

Inox Wind के मार्च तिमाही के नतीजों में दबाव देखने को मिला. कंपनी का नेट प्रॉफिट 51.1 फीसदी घटकर 91.3 करोड़ रुपये रह गया. रेवेन्यू 2.4 फीसदी घटकर 1,244.2 करोड़ रुपये रहा, जबकि EBITDA 21.5 फीसदी गिरकर 200 करोड़ रुपये पर आ गया. EBITDA मार्जिन भी 20 फीसदी से घटकर 16 फीसदी रह गया.

इसे भी पढ़ें- हरे निशान में खुला बाजार, सेंसेक्स 200 अंकों से ज्यादा चढ़ा, निफ्टी 23900 के ऊपर; मजबूती के साथ खुला रुपया

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.