Stock to Watch: आज इन शेयरों पर रहेगी नजर, कोचीन शिपयार्ड से बजाज फाइनेंस तक कई कंपनियों से जुड़े बड़े अपडेट

Stock to Watch Today: बाजार में बुधवार को निवेशकों की नजर केवल बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजों पर नहीं रहेगी. कोल इंडिया की सहायक कंपनी के IPO, ज्योति लैब्स के शेयर बायबैक, बजाज फाइनेंस के वारंट आवंटन, BHEL की टैक्स मांग और अशोका बिल्डकॉन के नए कॉन्ट्रैक्ट जैसे अपडेट भी शेयरों की चाल को प्रभावित कर सकते हैं.

इन शेयरों पर रहेगी नजर. Image Credit: @Money9live

Stock to Watch Today: छुट्टी के बाद बुधवार, 11 नवंबर को शेयर बाजार में कारोबार फिर शुरू होगा. इस दौरान कोचीन शिपयार्ड, कल्याण ज्वेलर्स, MRF, कोल इंडिया, BHEL, बजाज फाइनेंस और व्हर्लपूल समेत कई शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है. कंपनियों के तिमाही नतीजे, फंड जुटाने की योजना, IPO की मंजूरी, शेयर बायबैक और नए ऑर्डर जैसे अपडेट निवेशकों के रडार पर रहेंगे. सोमवार के कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी मामूली बढ़त के साथ बंद हुए थे.

IIFL Finance: 6,414 करोड़ रुपये जुटाने को मंजूरी

IIFL Finance ने प्रेफरेंशियल इश्यू के जरिए 6,414.20 करोड़ रुपये की प्राथमिक पूंजी जुटाने को मंजूरी दी है. इस निवेश में ग्लोबल अल्टरनेटिव एसेट मैनेजर ब्लैकस्टोन सबसे बड़ा निवेशक होगा. वह कंपनी में 5,000 करोड़ रुपये लगाएगा. इस निवेश के बाद पूरी तरह डायल्यूटेड आधार पर ब्लैकस्टोन की कंपनी में करीब 16 फीसदी हिस्सेदारी होगी.

कंपनी के प्रमोटर निर्मल जैन और आर वेंकटरमण मिलकर वारंट के जरिए 1,264.20 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे. वहीं, एंकर निवेशक एंकरिज कैपिटल 150 करोड़ रुपये के प्राथमिक इक्विटी निवेश में हिस्सा लेगा.

कल्याण ज्वेलर्स: मुनाफा 63.6% बढ़कर 427 करोड़ रुपये

कल्याण ज्वेलर्स इंडिया ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार नतीजे दर्ज किए हैं. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 63.6 फीसदी बढ़कर 427 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल की समान तिमाही में यह 261 करोड़ रुपये था. कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 31.4 फीसदी बढ़कर 10,323 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 7,856 करोड़ रुपये था. EBITDA भी 29.7 फीसदी बढ़कर 644.7 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल की समान अवधि में यह 497.2 करोड़ रुपये था.

MRF: रेवेन्यू बढ़ा, लेकिन मुनाफे में 12.9% की गिरावट

टायर निर्माता MRF का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 12.9 फीसदी गिरकर 417 करोड़ रुपये रह गया. वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में कंपनी ने 479 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था. हालांकि, कंपनी के रेवेन्यू में बढ़ोतरी हुई. ऑपरेशंस से रेवेन्यू 17.4 फीसदी बढ़कर 8,660 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 7,379 करोड़ रुपये था.

इस दौरान कंपनी का कुल खर्च 21.8 फीसदी बढ़कर 8,269.77 करोड़ रुपये पहुंच गया. एक साल पहले की समान अवधि में यह 6,788.55 करोड़ रुपये था.

कोचीन शिपयार्ड: मुनाफा करीब 50% घटा

सरकारी कंपनी कोचीन शिपयार्ड का सितंबर तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 49.8 फीसदी गिरकर 54 करोड़ रुपये रह गया. पिछले साल की समान अवधि में कंपनी ने 108 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था. हालांकि, कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 11.7 फीसदी बढ़कर 1,249.2 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल की समान तिमाही में यह 1,118.6 करोड़ रुपये था.

व्हर्लपूल: मुनाफा 39% घटा, EBITDA में भी गिरावट

व्हर्लपूल का दूसरी तिमाही में नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 39 फीसदी घटकर 25 करोड़ रुपये रह गया. पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा 41 करोड़ रुपये था. कंपनी का रेवेन्यू 13.7 फीसदी बढ़कर 1,873 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 1,647 करोड़ रुपये था.

हालांकि, EBITDA 31 फीसदी गिरकर 40 करोड़ रुपये रहा. पिछले साल यह 58 करोड़ रुपये था. कंपनी का EBITDA मार्जिन भी घटकर 2.13 फीसदी रह गया, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 3.5 फीसदी था.

ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक: मुनाफे और रेवेन्यू में बढ़ोतरी

ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक ने दूसरी तिमाही में 52.93 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया. यह पिछले साल की समान तिमाही के 49.54 करोड़ रुपये के मुकाबले 6.8 फीसदी ज्यादा है. कंपनी का रेवेन्यू 4.6 फीसदी बढ़कर 687 करोड़ रुपये रहा. पिछले साल यह 657 करोड़ रुपये था. EBITDA में भी 2.5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 91.7 करोड़ रुपये पहुंच गया. एक साल पहले EBITDA 89.5 करोड़ रुपये था.

बैंक ऑफ बड़ौदा: चार अवधि के लिए MCLR बढ़ाया

बैंक ऑफ बड़ौदा ने चार अवधि के लिए मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड्स बेस्ड लेंडिंग रेट (MCLR) में बढ़ोतरी की है. नई दरें 12 नवंबर 2026 से लागू होंगी. बैंक की 9 नवंबर को जारी रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक, एक महीने की MCLR 5 बेसिस पॉइंट बढ़ाकर 8 फीसदी कर दी गई है. पहले यह 7.95 फीसदी थी.

तीन महीने और छह महीने की MCLR में 20-20 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की गई है. इसके बाद तीन महीने की दर 8.50 फीसदी और छह महीने की दर 8.70 फीसदी हो गई है.

कोल इंडिया: महानदी कोलफील्ड्स के IPO को SEBI की मंजूरी

कोल इंडिया की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी महानदी कोलफील्ड्स के प्रस्तावित IPO को भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) से मंजूरी मिल गई है. ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के मुताबिक, इस IPO में कोल इंडिया अपनी सहायक कंपनी के अधिकतम 66.18 करोड़ इक्विटी शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बेचेगी. यह महानदी कोलफील्ड्स में कोल इंडिया की 10 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है.

ज्योति लैब्स: बायबैक कीमत 11.6% बढ़ाई

ज्योति लैब्स ने अपने शेयर बायबैक की कीमत 11.6 फीसदी बढ़ाकर 240 रुपये प्रति शेयर कर दी है. पहले यह कीमत 215 रुपये थी. हालांकि, कंपनी ने बायबैक के तहत खरीदे जाने वाले अधिकतम शेयरों की संख्या घटा दी है. अब कंपनी 61.25 लाख शेयरों का बायबैक करेगी, जबकि पहले यह संख्या 68.37 लाख थी.

नई शर्तों के तहत कंपनी 1 रुपये फेस वैल्यू वाले अधिकतम 61.25 लाख पूरी तरह पेड-अप इक्विटी शेयर खरीदेगी. यह कंपनी की कुल पेड-अप इक्विटी शेयर कैपिटल का 1.67 फीसदी है. बायबैक टेंडर ऑफर रूट के जरिए आनुपातिक आधार पर किया जाएगा.

बजाज फाइनेंस: प्रमोटर को 5.74 करोड़ वारंट आवंटित

बजाज फाइनेंस ने अपने प्रमोटर को 5,74,25,740 वारंट आवंटित करने की मंजूरी दी है. प्रत्येक वारंट का इश्यू प्राइस 1,010 रुपये रखा गया है. कंपनी की प्रेफरेंशियल इश्यू 2026 अलॉटमेंट कमेटी ने 10 नवंबर 2026 को हुई बैठक में इस आवंटन को मंजूरी दी. हर वारंट को 1 रुपये फेस वैल्यू वाले एक इक्विटी शेयर में बदला जा सकेगा.

BHEL: 207.26 करोड़ रुपये की टैक्स मांग का आदेश वापस

भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) ने बताया कि तेलंगाना कमर्शियल टैक्स डिपार्टमेंट ने वित्त वर्ष 2022-23 से संबंधित 207.26 करोड़ रुपये की टैक्स मांग के आदेश को वापस ले लिया है.

अशोका बिल्डकॉन: 865.90 करोड़ रुपये का हाईवे प्रोजेक्ट

अशोका बिल्डकॉन को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से 865.90 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट मिला है. यह गुजरात में वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे परियोजना से जुड़ा है.

आज इन कंपनियों के आएंगे तिमाही नतीजे

  • टाटा पावर
  • क्यूपिड
  • हिंदुस्तान कॉपर
  • गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स
  • ललिता ज्वेलरी मार्ट
  • त्रिवेणी टर्बाइन
  • EAAA इंडिया अल्टरनेटिव्स
  • TSF इन्वेस्टमेंट्स
  • पावर मेक प्रोजेक्ट्स
  • मिश्र धातु निगम
  • कोवई मेडिकल सेंटर एंड हॉस्पिटल
  • बंगाल एंड असम कंपनी
  • बजाज हिंदुस्तान शुगर
  • बन्नारी अम्मन शुगर्स
  • नेटवर्क पीपल सर्विसेज टेक्नोलॉजीज
  • नेशनल फर्टिलाइजर्स

यह भी पढ़ें: एनवीडिया में बिकवाली तेज, 6% से अधिक गिरे शेयर; जेनसेन हुआंग की नेटवर्थ को लगा 10 अरब डॉलर का तगड़ा झटका

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.