इन 83 शेयरों पर है विदेशी निवेशकों को भरोसा, लिस्ट में ये नाम है शामिल., आखिर क्या है वजह

भारतीय शेयर बाजार से विदेशी निवेशकों ने जनवरी से सितंबर के बीच करीब 28 अरब डॉलर निकाल लिए. इसके बावजूद 83 कंपनियां ऐसी हैं, जिनमें FPI ने लगातार चार तिमाहियों तक भरोसा बनाए रखा. इनमें LIC, ONGC, BHEL, Lupin और SAIL जैसे नाम शामिल हैं. जानिए किन शेयरों में विदेशी निवेशकों ने बढ़ाई हिस्सेदारी और क्यों जारी रही बिकवाली.

विदेशी निवेशक Image Credit:

भारतीय शेयर बाजार से विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने इस साल जनवरी से सितंबर के बीच करीब 28 अरब डॉलर की निकासी की है. इसके बावजूद विदेशी निवेशकों ने 83 चुनिंदा कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई या लगातार निवेश बनाए रखा. इनमें एलआईसी, ओएनजीसी, बीएचईएल, इंडियन बैंक और आदित्य बिड़ला कैपिटल जैसी कंपनियां शामिल हैं. यह संकेत देता है कि बाजार में बिकवाली के बीच भी विदेशी निवेशक कुछ कंपनियों की कारोबारी संभावनाओं को लेकर सकारात्मक हैं.

इन 83 कंपनियों में FPI का भरोसा कायम

ताजा शेयरहोल्डिंग आंकड़ों के विश्लेषण के मुताबिक, सितंबर तिमाही तक 83 कंपनियां ऐसी रहीं, जिनमें विदेशी निवेशकों ने पिछले चार तिमाहियों के दौरान लगातार दिलचस्पी दिखाई. इन कंपनियों में अलग-अलग मार्केट कैप वाली कंपनियां शामिल हैं. एलआईसी, ओएनजीसी, बीएचईएल, इंडियन बैंक और आदित्य बिड़ला कैपिटल के अलावा वेदांता, जीएमआर एयरपोर्ट्स, डीसीबी बैंक और थायरोकेयर टेक्नोलॉजीज जैसी कंपनियों में भी विदेशी निवेशकों ने हिस्सेदारी बढ़ाई.

इन बड़े शेयरों में लगातार चार तिमाही बढ़ाई हिस्सेदारी

बड़ी कंपनियों की बात करें तो विदेशी निवेशकों ने लगातार चार तिमाहियों तक लुपिन, SAIL, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, बायोकॉन और एबॉट इंडिया में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. इसके अलावा AAA टेक्नोलॉजीज में भी विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी तेजी से बढ़ी. सितंबर तिमाही में इस कंपनी में FPI की हिस्सेदारी 36.83 फीसदी बढ़ी, जो इस विश्लेषण में सबसे ज्यादा रही.

आखिर क्यों बेच रहे हैं विदेशी निवेशक?

विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली के पीछे कई वजहें हैं. इनमें भारतीय शेयरों का महंगा वैल्यूएशन, कंपनियों की कमजोर कमाई, ग्लोबल ट्रेड को लेकर अनिश्चितता और भू-राजनीतिक तनाव शामिल हैं. इसके अलावा कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और महंगाई की चिंता ने भी विदेशी निवेशकों का भरोसा कमजोर किया है. भारत के राजकोषीय और बाहरी आर्थिक संतुलन को लेकर चिंताएं भी निवेशकों के फैसलों को प्रभावित कर रही हैं.

क्या शेयर बाजार में लौट रहा है विदेशी पैसा?

लगातार बिकवाली के बाद विदेशी निवेशक पिछले पखवाड़े में फिर से खरीदारी करते दिखाई दिए हैं. इससे बाजार की धारणा में कुछ सुधार हुआ है. हालांकि, यह कहना जल्दबाजी होगी कि विदेशी निवेशकों की वापसी का सिलसिला लंबे समय तक जारी रहेगा. निवेशकों के लिए जरूरी है कि वे सिर्फ FPI की खरीदारी देखकर किसी शेयर में पैसा न लगाएं. कंपनी की कमाई, कर्ज, वैल्यूएशन और भविष्य की कारोबारी संभावनाओं को भी ध्यान में रखना चाहिए.

यह भी पढ़ें- 44 फीसदी तक सस्ते हुए ये 6 दमदार स्टॉक, 5 साल में दिया 3000% तक रिटर्न; जानें पूरी डिटेल