Wipro 15,000 करोड़ के शेयर करेगी बायबैक, 250 रुपये प्रति स्टॉक तय किया भाव; शेयरहोल्डर्स के लिए बड़ा मौका?

आईटी दिग्गज विप्रो ने 15,000 करोड़ रुपये के शेयर बायबैक का ऐलान किया है. कंपनी मौजूदा बाजार भाव से 19 फीसदी प्रीमियम पर स्टॉक वापस खरीदेगी. करीब तीन साल बाद आए इस बायबैक में प्रमोटर्स भी हिस्सा लेंगे. शेयर बाजार में गिरावट झेल रहे निवेशकों के लिए अपनी हिस्सेदारी को मुनाफे में बेचने का एक मौका हो सकता है.

विप्रो Image Credit: Getty image

Wipro Buyback Price 2026: आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी Wipro ने एक ऐसा फैसला लिया है, जो सीधे निवेशकों की जेब को प्रभावित करेगा. कंपनी ने अपने तिमाही नतीजों के साथ 15,000 करोड़ के बड़े शेयर बायबैक (यानी अपने ही शेयर मार्केट से वापस खरीद रही है) का ऐलान किया है. ऐसे में अगर आपके पोर्टफोलियो में भी विप्रो के शेयर हैं, तो यह खबर सीधे आपकी जेब से जुड़ी है.

₹250 प्रति शेयर का भाव तय

कंपनी ने इस बायबैक के लिए 250 रुपये प्रति शेयर का भाव तय किया है. ऐसे में अगर 16 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को विप्रो के शेयर की क्लोजिंग, जो 210 रुपये पर बंद हुआ, उससे तुलना करें तो विप्रो अपने निवेशकों को करीब 19 फीसदी का प्रीमियम दे रही है. आसान शब्दों में कहें तो कंपनी मौजूदा बाजार भाव से ज्यादा कीमत पर आपके शेयर वापस खरीदने को तैयार है.

बायबैक का पूरा गणित समझिए

ऑफिशियल जानकारी के मुताबिक, Wipro के बोर्ड ने अधिकतम 60,00,00,000 (60 करोड़) इक्विटी शेयर खरीदने की मंजूरी दी है. यह कंपनी की कुल चुकाई गई इक्विटी शेयर कैपिटल का 5.7 फीसदी हिस्सा होगा. इस पूरे बायबैक के लिए कंपनी 15,000 करोड़ रुपये तक खर्च करेगी, हालांकि इसे लागू करने से पहले शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होगी. यह कदम आमतौर पर तब उठाया जाता है जब कंपनी के पास अतिरिक्त कैश होता है और वह निवेशकों को रिटर्न देने या शेयर की वैल्यू को सपोर्ट करना चाहती है.

कैसे रहे कंपनी के नतीजे ?

मार्च 2026 तिमाही में कंपनी की कुल इनकम 242.4 बिलियन डॉलर रही, जो पिछली तिमाही के मुकाबले 2.9 फीसदी और पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 7.7 फीसदी ज्यादा है. आईटी सर्विसेज से कंपनी को 2,651 मिलियन डॉलर का रेवेन्यू मिला, जिसमें मामूली 0.6 फीसदी की तिमाही और 2.1 फीसदी की सालाना बढ़त दर्ज की गई. कंपनी का नेट प्रॉफिट 35.0 बिलियन डॉलर रहा, जो तिमाही आधार पर 12.3 फीसदी बढ़ा, लेकिन सालाना आधार पर 1.9 फीसदी घट गया. कंपनी की प्रति शेयर कमाई (EPS) 3.34 रही, जो तिमाही में बढ़ी, लेकिन सालाना आधार पर थोड़ी घटी.

इसे भी पढ़ें- फिर दौड़ेगा Asian Paints का शेयर, आएगी इतने फीसदी की तेजी; Elara Capital ने दिया टारगेट प्राइस

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.