₹1500 वाला लोकल या ₹3075 वाला एनुअल पास, आपके लिए कौन-सा रहेगा बेहतर; यहां समझें फर्क

FASTag का नया लोकल पास 1 नवंबर 2026 से शुरू होगा. टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले गैर-कमर्शियल वाहन मालिक सालाना 1,500 रुपये या 3,000 रुपये देकर यह पास ले सकेंगे. वहीं, FASTag एनुअल पास की कीमत 3,075 रुपये है. जानें दोनों पास की कीमत, वैलिडिटी, पात्रता और नियमों में क्या अंतर है और आपके लिए कौन-सा पास बेहतर रहेगा.

फॉस्टटैग Image Credit: money9

अगर आप नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा के पास रहते हैं और रोजाना टोल टैक्स चुकाकर आते-जाते हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है. सरकार 1 नवंबर से FASTag का नया लोकल पास शुरू करने जा रही है. इसके तहत टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले गैर-कमर्शियल (Non-commercial) वाहन मालिक सालाना 1,500 रुपये देकर रियायती पास ले सकेंगे. हालांकि पास की कीमत इस बात पर निर्भर करेगी कि संबंधित टोल प्लाजा नगर निगम या स्थानीय कस्बे की सीमा के अंदर है या बाहर. इस सुविधा का मकसद टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले लोगों के रोजाना आने-जाने का खर्च कम करना है.

खास बात ये है कि इस नए लोकल पास की सुविधा FASTag एनुअल पास से अलग होगी. एनुअल पास लेने के बाद आप उन टोल प्लाजा से एक साल में अधिकतम 200 बार बिना अलग से टोल टैक्स दिए गुजर सकते हैं, जहां यह पास मान्य है. इसकी कीमत 3,075 रुपये है. ऐसे में सवाल है कि दोनों पास में क्या अंतर है, इनकी कीमत कितनी है और किसे कौन-सा पास लेना चाहिए?

क्या है FASTag का नया लोकल पास और कितनी होगी कीमत?

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की 27 अक्टूबर की अधिसूचना के मुताबिक, नया रियायती लोकल पास उन गैर-कमर्शियल वाहन मालिकों के लिए होगा, जो किसी टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहते हैं. इस पास की सालाना कीमत टोल प्लाजा की लोकेशन के आधार पर तय होगी. अगर टोल प्लाजा नगर निगम या स्थानीय कस्बे की सीमा से बाहर है, तो इसके लिए 1,500 रुपये देने होंगे. वहीं, नगर निगम या स्थानीय कस्बे की सीमा के अंदर स्थित टोल प्लाजा के लिए सालाना शुल्क 3,000 रुपये होगा.

यह पास केवल उसी टोल प्लाजा पर मान्य होगा, जिसके लिए इसे जारी किया गया है यानी इसका इस्तेमाल किसी दूसरे टोल प्लाजा पर नहीं किया जा सकेगा. वाहन चालक संबंधित टोल प्लाजा के लिए मौजूदा मासिक पास या नए रियायती लोकल पास में से किसी एक को चुन सकते हैं.

किन सड़कों पर नहीं मिलेगा लोकल पास का फायदा?

नए लोकल पास की सुविधा हर टोल प्लाजा पर उपलब्ध नहीं होगी. जिन नेशनल हाईवे या एक्सप्रेसवे पर बंद टोल कलेक्शन सिस्टम लागू है, वहां यह पास नहीं मिलेगा. इसके अलावा, जिन जगहों पर सर्विस रोड या आने-जाने के लिए दूसरा रास्ता उपलब्ध है, वहां भी इस सुविधा का लाभ नहीं लिया जा सकेगा.

यह पास 1 नवंबर 2026 से पात्र टोल प्लाजा पर उपलब्ध होगा. इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से इसे Rajmargyatra ऐप के जरिए भी लिया जा सकेगा. सरकार इस पास की कीमतों में हर साल बदलाव कर सकती है.

क्या है FASTag Annual Pass और कितनी है कीमत?

FASTag एनुअल पास की शुरुआत 15 अगस्त 2025 को हुई थी. यह पास गैर-कमर्शियल कार, जीप और वैन के मालिकों के लिए उपलब्ध है. इसके तहत तय नेशनल हाईवे और नेशनल एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर हर यात्रा के लिए अलग से टोल शुल्क देने की जरूरत नहीं होती.

Rajmargyatra की वेबसाइट के मुताबिक, इस पास की मौजूदा कीमत 3,075 रुपये है. इसकी वैधता एक साल या 200 यात्राओं तक रहती है. इनमें से जो भी सीमा पहले पूरी हो जाती है, पास की वैधता वहीं खत्म हो जाती है. इस पास को Rajmargyatra ऐप या NHAI की वेबसाइट के जरिए लिया जा सकता है. हालांकि, यह सुविधा केवल तय और पात्र टोल प्लाजा पर ही लागू होती है. जिन टोल प्लाजा पर एनुअल पास मान्य नहीं है, वहां सामान्य FASTag नियमों के मुताबिक शुल्क देना होगा.

लोकल पास और एनुअल पास में क्या है अंतर?

दोनों पास की कीमत, इस्तेमाल और वैधता में अंतर है. नए लोकल पास का मकसद टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले लोगों को राहत देना है, जबकि एनुअल पास का फायदा उन लोगों को मिल सकता है, जो नेशनल हाईवे और नेशनल एक्सप्रेसवे पर अक्सर सफर करते हैं.

टेबल से समझें

फीचरFASTag रियायती लोकल पासFASTag Annual Pass
सालाना कीमत₹1,500 या ₹3,000, टोल प्लाजा की लोकेशन के आधार पर₹3,075
कौन ले सकता है?टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले गैर-कमर्शियल वाहन मालिकगैर-कमर्शियल कार, जीप और वैन के मालिक
कहां होगा मान्य?केवल उस टोल प्लाजा पर, जिसके लिए पास जारी किया गया हैतय नेशनल हाईवे और नेशनल एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर
कैसे करेगा काम?संबंधित टोल प्लाजा से बिना टोल शुल्क दिए गुजरने की सुविधाकवर किए गए टोल प्लाजा पर एक साल में अधिकतम 200 यात्राओं तक बिना हर यात्रा के लिए अलग टोल शुल्क दिए गुजरने की सुविधा
वैधतासालाना पासएक साल या 200 यात्राएं, जो भी पहले पूरी हो
कहां से मिलेगा?1 नवंबर 2026 से पात्र टोल प्लाजा पर और 1 दिसंबर 2026 से Rajmargyatra ऐप परRajmargyatra ऐप या NHAI की वेबसाइट से
कहां नहीं मिलेगा फायदा?बंद टोल कलेक्शन सिस्टम वाली सड़कों पर या जहां सर्विस रोड अथवा दूसरा रास्ता उपलब्ध हैजिन टोल प्लाजा पर Annual Pass मान्य नहीं है, वहां सामान्य FASTag शुल्क लागू होगा

आपके लिए कौन-सा FASTag पास रहेगा बेहतर?

अगर आप टोल प्लाजा के पास रहते हैं और रोजाना एक ही टोल प्लाजा से गुजरते हैं, तो नया लोकल पास आपके लिए फायदेमंद हो सकता है. इसकी कीमत 1,500 रुपये या 3,000 रुपये सालाना है और इसका इस्तेमाल संबंधित टोल प्लाजा पर ही किया जा सकेगा.

दूसरी ओर, अगर आप गैर-कमर्शियल कार, जीप या वैन से अक्सर अलग-अलग नेशनल हाईवे और नेशनल एक्सप्रेसवे पर सफर करते हैं, तो 3,075 रुपये वाला एनुअल पास आपके लिए ज्यादा उपयोगी हो सकता है. इसके तहत तय टोल प्लाजा पर एक साल में अधिकतम 200 यात्राओं तक बिना हर बार अलग टोल शुल्क दिए सफर किया जा सकता है. हालांकि, पास खरीदने से पहले अपनी पात्रता और रोजाना इस्तेमाल होने वाले रास्तों पर इसकी सुविधा की जानकारी जरूर जांच लें.

इसे भी पढ़ें- 9.30 घंटे में पूरा होगा 760KM का सफर, वाराणसी से दिल्ली के बीच दौड़ेगी वंदे भारत स्लीपर, ये है टाइमिंग