PC पर भी धमाल मचाएगा GTA 6! मिलेंगे बेहतर ग्राफिक्स और FPS, शुरुआती मिशन भी हुए प्लेएबल
GTA 6 को PC पर चलाने की कोशिश कर रहे डेवलपर्स को कुछ कामयाबी मिली है. गेम के अनऑफिशियल बिल्ड में बेहतर ग्राफिक्स और FPS का दावा किया जा रहा है. हालांकि, अभी पूरा गेम PC पर ठीक से चलने की पुष्टि नहीं हुई है.

GTA 6 के PC वर्जन का इंतजार कर रहे गेमर्स के लिए एक नया अपडेट सामने आया है. Rockstar Games ने अभी तक PC रिलीज की तारीख नहीं बताई है, लेकिन कुछ डेवलपर्स लीक हुई Xbox गेम फाइलों की मदद से इसे Windows PC पर चलाने की कोशिश कर रहे हैं. ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन अनऑफिशियल प्रोजेक्ट्स में ग्राफिक्स, गेम की स्टेबिलिटी और FPS में सुधार हुआ है. कुछ बिल्ड में गेम के शुरुआती मिशन भी चलते हुए दिखाई दिए हैं. हालांकि, ये अभी शुरुआती स्तर के प्रयोग हैं और इन्हें आधिकारिक PC पोर्ट नहीं माना जा सकता.
अनऑफिशियल GTA 6 PC पोर्ट में हुआ सुधार
News9Live की रिपोर्ट के मुताबिक, GTA 6 के अनऑफिशियल PC पोर्ट पर काम करने वाले डेवलपर्स ने पिछले कुछ दिनों में सुधार का दावा किया है. 25 नवंबर की DSOGaming रिपोर्ट के अनुसार, Belobug नाम से काम कर रहे एक डेवलपर का बिल्ड गेम के कुछ हिस्सों को 3 से 4 FPS पर चला पा रहा है. इसमें गाड़ियों, पेड़-पौधों, पानी, लाइटिंग और कैरेक्टर की बनावट पहले से बेहतर दिखाई देने की बात कही गई है. हालांकि, यह स्पीड सामान्य गेमिंग के लिए काफी कम है.
कुछ बिल्ड में 10 से 16 FPS का दावा
रिपोर्ट में PC Gamer और सोशल मीडिया पर मौजूद कुछ अकाउंट्स के हवाले से बताया गया है कि दूसरे प्रयोगों में गेम के शुरुआती हिस्सों के दौरान औसतन 10 से 16 FPS मिलने का दावा किया गया है. हालांकि, अलग-अलग बिल्ड में यह आंकड़ा बदल रहा है और इनकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि करना मुश्किल है. पहले के प्रयासों में गेम सिर्फ ब्लैक स्क्रीन दिखा रहा था या ग्राफिक्स ठीक से काम नहीं कर रहे थे. ऐसे में इसे शुरुआती सुधार माना जा रहा है.
PC पर दिखे GTA 6 के शुरुआती मिशन
TechRadar की रिपोर्ट के मुताबिक, अनऑफिशियल बिल्ड के कुछ वीडियो में गेम के शुरुआती मिशन चलते दिखाई दिए हैं. इनमें Lucia का जेल वाला सीक्वेंस और Leonida Keys के आसपास ड्राइविंग के कुछ हिस्से शामिल हैं. सोशल मीडिया पर एक अकाउंट ने यह अनुमान भी लगाया है कि GTA 6 PC पर 30 FPS तक पहुंच सकता है. हालांकि, यह सिर्फ अनुमान है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल पूरा गेम PC पर स्मूद चलने वाला कोई बिल्ड सामने नहीं आया है.
Take-Two की कार्रवाई के बावजूद जारी कोशिश
GTA 6 की पेरेंट कंपनी Take-Two Interactive ने अनऑफिशियल PC पोर्ट के खिलाफ कॉपीराइट कार्रवाई की है. कंपनी पहले Project Leonida और उससे जुड़े हजारों GitHub रिपॉजिटरी को निशाना बना चुकी है. रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद भी कुछ डेवलपर्स निजी तौर पर इस पर काम जारी रखे हुए हैं. News9Live के अनुसार, इससे पहले 3,007 GitHub रिपॉजिटरी पर कॉपीराइट शिकायतें की गई थीं.
Rockstar ने PC रिलीज पर नहीं दिया अपडेट
फिलहाल GTA 6 आधिकारिक तौर पर PlayStation 5 और Xbox Series X तथा Series S पर उपलब्ध है. गेम 19 नवंबर को इन कंसोल पर लॉन्च हुआ था. Rockstar Games ने अभी PC वर्जन की रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है. इसलिए PC पर गेम चलने से जुड़े मौजूदा वीडियो और दावों को अनऑफिशियल प्रयोग के तौर पर ही देखना चाहिए. Rockstar की तरफ से आधिकारिक PC रिलीज की पुष्टि का इंतजार है.
यह भी पढ़ें: 2026 में WhatsApp में आए सबसे काम के 5 फीचर्स, बिना अकाउंट कॉलिंग से लेकर ऑटोमैटिक मैसेज तक, ऐसे करें इस्तेमाल