सरकार ने दिया झटका, Elon Musk, Starlink जैसे सैटकॉम वालों की आफत!
भारत सरकार ने सैटेलाइट कम्युनिकेशन (सैटकॉम) क्षेत्र के लिए नए ड्राफ्ट नियम जारी किए हैं, जो एलन मस्क की स्टारलिंक, यूटेलसैट वनवेब और अन्य सैटकॉम कंपनियों के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव का संकेत देते हैं. अब इन कंपनियों के लिए केवल लाइसेंस प्राप्त करना या स्पेक्ट्रम अलॉट होना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि सेवाओं को शुरू करने से पहले उन्हें सरकार से अतिरिक्त सुरक्षा मंजूरियाँ प्राप्त करनी होंगी.
ड्राफ्ट नियमों के तहत, किसी भी सैटकॉम ऑपरेटर को, चाहे वह स्टारलिंक हो या वनवेब, सेवाओं का औपचारिक रूप से संचालन शुरू करने से पहले सरकार से अनिवार्य रूप से अनुमति लेनी होगी. यह सुनिश्चित करेगा कि लाइसेंस मिलने के बावजूद, कंपनियां तत्काल सेवाएँ शुरू न कर सकें और राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी चिंताओं का पूरी तरह से समाधान हो. इस नीति की तुलना भारत में चीनी कंपनियों के लिए लागू किए गए सुरक्षा क्लीयरेंस नियमों से की जा रही है, जहाँ किसी भी ऑपरेशन या संयुक्त उद्यम से पहले सरकार की गो अहेड आवश्यक होती है. इस ड्राफ्ट पर स्टेकहोल्डर्स से 30 दिनों के भीतर टिप्पणियाँ माँगी गई हैं.