Jio ने 10 साल पूरे होते ही दिया बड़ा तोहफा, 2G से 4G में अपग्रेड करें अपने फोन को

Jio Anniversary Offer में ₹1,499 में JioBharat 4G फोन के साथ 6 महीने की कनेक्टिविटी मिलेगी. हर 28 दिन पर 14GB डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और 300 SMS का फायदा मिलेगा.

Jio Image Credit:

रिलायंस जियो ने अपनी 10वीं सालगिरह के मौके पर JioBharat 4G फीचर फोन के लिए खास Anniversary Offer पेश किया है. इसका मकसद 2G फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले लोगों को कम लागत में 4G नेटवर्क और डिजिटल सेवाओं से जोड़ना है.

₹1,499 में फोन और 6 महीने की कनेक्टिविटी

ऑफर के तहत योग्य JioBharat 4G फोन ₹1,499 में उपलब्ध है. इसके साथ 6 महीने तक कनेक्टिविटी बेनिफिट दिए जाएंगे. हर 28 दिन के रिचार्ज साइकल में 14GB डेटा, अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और 300 SMS मिलेंगे. ऑफर की अवधि 15 सितंबर 2026 से 20 अक्टूबर 2026 तक रखी गई है, हालांकि कंपनी इसमें बदलाव कर सकती है.

जियो के मुताबिक, 2G यूजर्स को आमतौर पर करीब ₹199 का मासिक रिचार्ज कराना पड़ सकता है. छह महीने में यह खर्च लगभग ₹1,200 बैठता है. ऐसे में नए ऑफर के जरिए कंपनी 4G फोन पर अपग्रेड की लागत को कम करने पर जोर दे रही है.

प्रभावी कीमत ₹299 कैसे?

ऑफर में फोन के साथ छह महीने की कनेक्टिविटी शामिल है. जियो के हिसाब से इस कनेक्टिविटी लाभ को अलग से देखने पर फोन की प्रभावी लागत करीब ₹299 रह जाती है. यानी ग्राहक को एक साथ डिवाइस और कई महीनों की कनेक्टिविटी का फायदा मिलता है.

फोन में मिलेंगी ये सुविधाएं

JioBharat केवल कॉल और SMS के लिए सामान्य फीचर फोन नहीं है. इसमें 4G कनेक्टिविटी के साथ कई डिजिटल सेवाएं उपलब्ध हैं. यूजर्स JioTV पर 500 से ज्यादा टीवी चैनल, JioHotstar पर मनोरंजन और क्रिकेट, म्यूजिक कंटेंट और डिजिटल पेमेंट जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं.

फोन में JioPay के जरिए UPI पेमेंट, पेमेंट अलर्ट और Sound Box जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं. इसके अलावा Jio Safety Shield और लोकेशन से जुड़ी सुविधाएं भी मिलती हैं.

2.4 इंच डिस्प्ले और 2,000mAh बैटरी

JioBharat 4G फोन में 2.4 इंच डिस्प्ले और 2,000mAh बैटरी दी गई है. कंपनी का कहना है कि यह ऑफर उन फीचर फोन यूजर्स के लिए तैयार किया गया है जो अभी 2G नेटवर्क पर हैं और 4G डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करना चाहते हैं. ध्यान देने वाली बात है कि ऑफर के लिए फोन को खरीदकर Jio नेटवर्क पर एक्टिवेट करना जरूरी है. छह रिचार्ज बेनिफिट लगातार निर्धारित शर्तों के अनुसार मिलेंगे.

यह भी पढ़ें- Airtel का तोहफा, इस रिचार्ज प्लान के साथ फ्री मिल रहा 150GB बोनस डेटा का फायदा