जल्द लॉन्च होगा OnePlus Nord 7, पहली बार मिलेंगी RGB लाइट्स, 9000mAh बैटरी और 80W चार्जिंग का भी सपोर्ट
OnePlus Nord 7 के लॉन्च से पहले ही इसका डिजाइन ऑनलाइन लीक हो गया है. इसमें पीछे कैमरे के पास RGB लाइट स्ट्रिप देखने को मिल सकती है. फोन में 9000mAh बैटरी, 80W फास्ट चार्जिंग और 144Hz डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है.

OnePlus के Nord सीरीज के नए स्मार्टफोन OnePlus Nord 7 को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है. फोन का डिजाइन टिपस्टर ने ऑनलाइन शेयर किया है. लीक तस्वीरों में फोन के आगे और पीछे का डिजाइन देखने को मिला है. सबसे खास बात यह है कि इसके पीछे कैमरा मॉड्यूल के पास वर्टिकल RGB लाइट स्ट्रिप दी जा सकती है. इसके अलावा फोन में 9000mAh की बड़ी बैटरी, 80W फास्ट चार्जिंग और MediaTek Dimensity 8500 प्रोसेसर मिलने की चर्चा है. हालांकि, कंपनी ने अभी इन फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
ऑनलाइन लीक हुआ OnePlus Nord 7 का डिजाइन
TelecomTalk की रिपोर्ट के मुताबिक, OnePlus Nord 7 का डिजाइन टिपस्टर अभिषेक यादव ने शेयर किया है. लीक में फोन के फ्रंट और बैक दोनों हिस्सों की तस्वीरें सामने आई हैं. फोन के आगे फ्लैट डिस्प्ले दिया जा सकता है, जिसके बीच में सेल्फी कैमरे के लिए पंच-होल कटआउट होगा. वहीं, पीछे का डिजाइन कंपनी के मौजूदा स्मार्टफोन जैसा नजर आ रहा है. हालांकि, इसमें एक खास बदलाव RGB लाइट स्ट्रिप के रूप में देखने को मिल सकता है.
कैमरे के पास मिलेगी RGB लाइट स्ट्रिप
OnePlus Nord 7 की सबसे खास बात इसके पीछे मिलने वाली RGB लाइट हो सकती है. लीक के अनुसार, कैमरा मॉड्यूल के पास वर्टिकल RGB लाइट स्ट्रिप दी जाएगी. इससे फोन का बैक डिजाइन पहले से अलग और आकर्षक नजर आ सकता है. हालांकि, कंपनी इस लाइट का इस्तेमाल किस तरह करेगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. यह लाइट नोटिफिकेशन, कॉल या किसी दूसरे काम के लिए होगी, इस बारे में फिलहाल कुछ साफ नहीं है.
9000mAh बैटरी और 80W चार्जिंग
बैटरी के मामले में भी OnePlus Nord 7 काफी दमदार हो सकता है. लीक के अनुसार, फोन में 9000mAh की बैटरी दी जा सकती है. इसके साथ 80W वायर्ड फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलने की उम्मीद है. प्रोसेसर की बात करें तो इसमें MediaTek Dimensity 8500 चिपसेट दिया जा सकता है. हालांकि, इन सभी स्पेसिफिकेशन को अभी लीक के आधार पर ही देखा जाना चाहिए. OnePlus की तरफ से इनकी पुष्टि नहीं हुई है.
144Hz Super AMOLED डिस्प्ले की उम्मीद
फोन में 144Hz रिफ्रेश रेट वाला Super AMOLED डिस्प्ले मिलने की बात कही गई है. यह स्क्रीन स्क्रॉलिंग और गेमिंग के दौरान बेहतर अनुभव दे सकती है. हालांकि, रिपोर्ट में बताया गया है कि पिछले Nord 6 की तुलना में नए मॉडल का रिफ्रेश रेट कम हो सकता है. Nord 6 में 165Hz रिफ्रेश रेट वाला 6.78 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले दिया गया है. ऐसे में Nord 7 में स्क्रीन से जुड़े कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
भारत में अगले साल हो सकता है लॉन्च
OnePlus Nord 7 के लॉन्च में अभी समय है. रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी अगले साल भारतीय बाजार में अपने नए प्रोडक्ट को टीज कर सकती है. Nord सीरीज को काफी समय से नया अपडेट नहीं मिला है. फिलहाल कंपनी ने Nord 7 की लॉन्च तारीख, कीमत और उपलब्धता को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है. ऐसे में फोन के फाइनल फीचर्स और लॉन्च से जुड़ी जानकारी के लिए कंपनी की घोषणा का इंतजार करना होगा.
यह भी पढ़ें: भारत में iPhone बनाने वाली कंपनी पर बढ़ा पेमेंट का दबाव, 143 करोड़ रुपये मांग रही वेंडर फर्म