अब चैट करने के लिए लेना होगा सब्सक्रिप्शन? जानें क्या है ‘WhatsApp Plus’, ये हैं एक्सक्लूसिव फीचर्स

Meta WhatsApp Plus नाम से नया सब्सक्रिप्शन टेस्ट कर रही है, जिसमें यूजर्स को कस्टम थीम, 20 चैट पिन, एक्सक्लूसिव रिंगटोन और स्टिकर्स मिलेंगे. हालांकि मैसेजिंग और कॉलिंग फ्री ही रहेगी. फिलहाल यह फीचर सीमित यूजर्स के लिए उपलब्ध है और कीमत अभी तय नहीं हुई है.

WhatsApp Image Credit: @Money9live

WhatsApp Plus subscription features: वॉट्सऐप इस्तेमाल करने का अंदाज अब पूरी तरह बदलने वाला है. मेटा (Meta) ने अपने सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के लिए एक नए प्रीमियम सब्सक्रिप्शन टियर ‘WhatsApp Plus’ की टेस्टिंग शुरू कर दी है. अगर आप उन लोगों में से हैं जो अपने ऐप को थोड़ा ‘हटके’ और पर्सनलाइज्ड देखना पसंद करते हैं, तो यह खबर खास आपके लिए है. फिलहाल यह फीचर चुनिंदा एंड्रॉयड बीटा टेस्टर्स के लिए रोलआउट किया गया है, लेकिन जल्द ही इसे आईओएस (iOS) यूजर्स के लिए भी पेश किया जाएगा.

मेटा के प्रवक्ता ने इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि ‘WhatsApp Plus’ उन यूजर्स के लिए है जो अपने चैटिंग अनुभव को बेहतर ढंग से ऑर्गनाइज और पर्सनलाइज करना चाहते हैं.

वॉट्सऐप प्लस में क्या मिलेगा खास?

इस प्रीमियम सब्सक्रिप्शन के आने से यूजर्स को कई ऐसे फीचर्स मिलेंगे जो अब तक फ्री वर्जन में उपलब्ध नहीं थे. सबसे बड़ा बदलाव चैट्स को पिन करने की क्षमता में देखा जा रहा है. जहां अभी आप सिर्फ 3 चैट्स पिन कर सकते हैं, वहीं प्रीमियम यूजर्स 20 चैट्स तक पिन कर पाएंगे. इसके अलावा, ऐप के लुक को बदलने के लिए 18 नए कस्टम थीम्स दिए गए हैं, जिनमें रॉयल पर्पल और फॉरेस्ट ग्रीन जैसे वाइब्रेंट कलर्स शामिल हैं.

इतना ही नहीं, अब आप वॉट्सऐप के पुराने हरे आइकन से बोर नहीं होंगे. कंपनी 14 नए ऐप आइकन्स ला रही है, जिनमें कॉस्मिक नेबुला और ग्लिटर फिनिश जैसे डिजाइन्स होंगे. साथ ही, प्रीमियम स्टिकर्स में ऐसे एनिमेटेड पैक्स होंगे जो स्क्रीन पर ‘ओवरले इफेक्ट’ पैदा करेंगे. खास बात यह है कि ये इफेक्ट उसे भी दिखेंगे, जिसके पास सब्सक्रिप्शन नहीं है.

यह भी पढ़ें: Chrome में बार-बार टैब बदलने से छुटकारा, नए AI फीचर से सर्च हुआ स्मार्ट, अब साथ-साथ ब्राउजिंग और जवाब

क्या मुफ्त सेवाएं बंद हो जाएंगी?

इस खबर के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अब वॉट्सऐप इस्तेमाल करने के लिए पैसे देने होंगे? इसका जवाब है, जी नहीं. वॉट्सऐप का मूल स्वरूप यानी मैसेजिंग, वॉइस कॉल्स और एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन पहले की तरह ही पूरी तरह मुफ्त रहेंगे. यह सब्सक्रिप्शन पूरी तरह वैकल्पिक (Optional) है.

एक और अहम बात यह है कि यह फीचर सिर्फ आम यूजर्स के लिए है, वॉट्सऐप बिजनेस के लिए नहीं. साथ ही, इस प्रीमियम प्लान को लेने के बाद भी ‘स्टेटस’ सेक्शन में आने वाले विज्ञापनों से छुटकारा नहीं मिलेगा.