रातभर चार्जिंग से बैटरी फट जाएगी या फास्ट चार्जिंग कर देगी फोन खराब? जानें बैटरी हेल्थ का असली फॉर्मूला
क्या रातभर फोन चार्जिंग पर छोड़ने से बैटरी खराब हो जाती है? क्या फास्ट चार्जिंग से फोन की लाइफ कम हो जाती है? बैटरी साइंस के मुताबिक जानिए इन वायरल दावों का सच और समझिए 20-80 रूल, जिससे आपकी स्मार्टफोन बैटरी लंबे समय तक बेहतर काम कर सकती है.

आज के समय में स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का सबसे अहम हिस्सा बन चुका है. लेकिन जैसे ही फोन की बैटरी डाउन होती है, हम परेशान होने लगते हैं. स्मार्टफोन की बैटरी को लेकर इंटरनेट पर तमाम तरह की बातें कही जाती हैं. कोई कहता है कि रातभर फोन चार्ज पर लगाने से बैटरी ब्लास्ट हो जाएगी, तो कोई सुबह-सुबह फास्ट चार्जिंग की सलाह देता है. अगर आप भी इस तरह के भ्रम में जी रहे हैं, तो अपनी आदतों को बदलने से पहले बैटरी साइंस के इस सच को जरूर जान लीजिए.
क्या रातभर चार्जिंग से खराब होती है बैटरी?
सीधा और साफ जवाब है- बिल्कुल नहीं! यह पुराने जमाने की बात थी जब रातभर फोन चार्जिंग पर छोड़ना खतरनाक माना जाता था. आज के आधुनिक स्मार्टफोन बेहद स्मार्ट हैं. चाहे आपके पास एंड्रॉयड हो या आईफोन (iOS), दोनों में ही ‘स्मार्ट बैटरी मैनेजमेंट’ और ऑप्टिमाइज्ड चार्जिंग जैसे फीचर्स होते हैं.
जब आपकी बैटरी 80% चार्ज हो जाती है, तो फोन की तकनीक इसकी चार्जिंग स्पीड को एकदम धीमा कर देती है. इसलिए, रातभर फोन प्लग-इन रहने पर भी बैटरी खराब होने का खतरा नहीं रहता. हां, बस इतना ध्यान रखें कि चार्ज होते समय फोन को तकिए या कंबल के नीचे न दबाएं, ताकि वह गर्म न हो.
क्या फास्ट चार्जिंग ही असली विलेन है?
फास्ट चार्जिंग आज की जरूरत है और यह बेहद काम की चीज है, लेकिन इसके साथ एक छोटा सा नुकसान भी जुड़ा है. दरअसल, लिथियम-आयन (Li-ion) बैटरी के लिए सबसे बड़ा दुश्मन ‘तापमान’ (Heat) है. फास्ट चार्जर ज्यादा वॉट की पावर सप्लाई करते हैं, जिससे फोन के अंदर के आयन्स तेजी से मूव करते हैं और फोन गर्म हो जाता है.
लगातार तेज गर्मी मिलने से बैटरी की क्षमता धीरे-धीरे कम होने लगती है. हालांकि, नॉर्मल चार्जर के मुकाबले फास्ट चार्जर से बैटरी लाइफ में सिर्फ 1% से भी कम का अंतर आता है, जो कि न के बराबर है. इसलिए सुबह जल्दबाजी में फास्ट चार्जर का इस्तेमाल करने में कोई बुराई नहीं है.
यह भी पढ़ें: Telegram और WhatsApp में क्या है अंतर? जानें किस ऐप में मिलती है बेहतर सिक्योरिटी, स्टोरेज और फीचर्स
बैटरी की लंबी उम्र के लिए बेस्ट फॉर्मूला
अगर आप चाहते हैं कि आपके फोन की बैटरी सालों-साल बिना किसी दिक्कत के चले, तो इन आसान टिप्स को अपनाएं:
- 20-80 का नियम: फोन की बैटरी को हमेशा 20% से ऊपर और 80% के नीचे रखने की कोशिश करें.
- 0% पर न जाने दें: फोन को कभी भी पूरी तरह डिस्चार्ज (0%) न होने दें, यह बैटरी के लिए सबसे ज्यादा नुकसानदेह है.
- मिक्स अप्रोच: सबसे बढ़िया तरीका यह है कि रात में सामान्य चार्जर से चार्ज करें और एमरजेंसी में फास्ट चार्जर का इस्तेमाल करें.