WhatsApp से डाउनलोड करें EPFO पासबुक, PF बैलेंस और पिछले 5 ट्रांजैक्शन भी देख सकेंगे; जानें- पूरा तरीका

EPFO WhatsApp Service: अब EPFO सदस्य WhatsApp के जरिए ही अपना PF बैलेंस चेक कर सकेंगे. साथ ही, खाते के पिछले पांच ट्रांजैक्शन की जानकारी लेने और EPF पासबुक डाउनलोड करने की सुविधा भी मिलेगी. इन सेवाओं का लाभ उठाने के लिए सदस्यों को हर बार EPFO के मेंबर पोर्टल पर लॉगिन नहीं करना पड़ेगा.

ईपीएफओ पासबुक Image Credit: tv9

EPFO WhatsApp Service: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के सदस्य अब अपना PF बैलेंस चेक करने, पिछले पांच ट्रांजैक्शन देखने और EPF पासबुक डाउनलोड करने के लिए हर बार EPFO के मेंबर पोर्टल पर लॉगिन करने की जरूरत नहीं होगी. EPFO ने WhatsApp के जरिए इन सेवाओं का इस्तेमाल करने की सुविधा दी है. इसके लिए सदस्यों को EPFO के आधिकारिक WhatsApp नंबर पर मैसेज भेजना होगा.

इस सुविधा के जरिए सदस्य अपनी पसंद की भाषा चुनकर PF खाते से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकते हैं. इसके लिए WhatsApp पर चैटबॉट की मदद लेनी होगी और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP से पहचान वेरिफाई करनी होगी.

EPFO का आधिकारिक WhatsApp नंबर

PF खाते से जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए EPFO ने +91 87964 41800 नंबर उपलब्ध कराया है. सदस्य इस नंबर पर ‘Hi’ लिखकर मैसेज भेज सकते हैं. इसके अलावा EPFO के आधिकारिक X अकाउंट पर साझा किए गए पोस्टर में मौजूद QR कोड स्कैन करके भी WhatsApp सेवा शुरू की जा सकती है.

WhatsApp से PF बैलेंस कैसे चेक करें?

EPFO सदस्य नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करके अपना PF बैलेंस देख सकते हैं.

  • नंबर सेव करें: सबसे पहले अपने मोबाइल में +91 87964 41800 नंबर सेव करें.
  • WhatsApp खोलें: ऐप में सेव किए गए EPFO नंबर पर चैट शुरू करें.
  • Hi लिखकर भेजें: चैट में ‘Hi’ टाइप करके मैसेज भेजें.
  • भाषा चुनें: EPFO के चैटबॉट से स्वागत संदेश मिलने के बाद अपनी पसंद की भाषा चुनें.
  • PF बैलेंस का विकल्प चुनें: चैटबॉट के मेन्यू में PF बैलेंस चेक करने का विकल्प चुनें.
  • OTP से सत्यापन करें: आपके UAN से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा. इसे निर्देश के अनुसार दर्ज करें.
  • PF अकाउंट चुनें: अगर आपके UAN से एक से ज्यादा PF अकाउंट या मेंबर आईडी जुड़ी हैं, तो संबंधित अकाउंट चुनें.
  • बैलेंस देखें: सत्यापन पूरा होने के बाद आपके PF खाते का बैलेंस WhatsApp चैट में दिखाई देगा.

WhatsApp से EPF पासबुक कैसे डाउनलोड करें?

EPFO की WhatsApp सेवा के जरिए सदस्य अपनी EPF पासबुक भी डाउनलोड कर सकते हैं. पासबुक में PF खाते और उससे जुड़े ट्रांजैक्शन की जानकारी होती है. इसे डाउनलोड करने का तरीका इस तरह है.

  • EPFO के आधिकारिक WhatsApp नंबर +91 87964 41800 पर ‘Hi’ भेजें.
  • अपनी पसंद की भाषा चुनें.
  • चैटबॉट के मेन्यू में ‘Download Passbook’ विकल्प चुनें.
  • अगर एक से ज्यादा UAN हैं, तो संबंधित UAN चुनें.
  • रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP को दर्ज करें.
  • वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद पासबुक डाउनलोड करें.

डाउनलोड की गई पासबुक PDF को खोलने के लिए पासवर्ड के तौर पर सदस्य की जन्मतिथि (Date of Birth) का इस्तेमाल करना होगा.

WhatsApp पर पिछले 5 PF ट्रांजैक्शन कैसे देखें?

EPFO की इस सुविधा से सदस्य अपने PF खाते में हुए पिछले पांच ट्रांजैक्शन की जानकारी भी हासिल कर सकते हैं. इसके लिए WhatsApp पर EPFO के नंबर से चैट शुरू करें और उपलब्ध मेन्यू में ‘Last 5 Transactions’ विकल्प चुनें. जरूरत पड़ने पर OTP से वेरिफाई करें और संबंधित PF अकाउंट चुनें. इसके बाद खाते के हाल के पांच ट्रांजैक्शन की जानकारी मिल जाएगी.

इससे कर्मचारी यह देख सकेंगे कि उनके PF खाते में हाल में कौन-सी गतिविधियां हुई हैं. इसमें योगदान और निकासी से जुड़ी एंट्री भी शामिल हो सकती हैं.

क्या है EPF?

कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) संगठित क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए रिटायरमेंट बचत योजना है. इसमें कर्मचारी और नियोक्ता हर महीने कर्मचारी की बेसिक सैलरी और महंगाई भत्ते (DA) के आधार पर योगदान करते हैं.

आमतौर पर कर्मचारी का पूरा 12% योगदान EPF खाते में जमा होता है. वहीं, नियोक्ता के 12% योगदान में से 3.67% EPF खाते में और 8.33% कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) में जाता है.

यह व्यवस्था उन कर्मचारियों के मामले में लागू होती है, जो EPF और EPS दोनों के सदस्य हैं. अगर कोई कर्मचारी सिर्फ EPF का सदस्य है, तो कर्मचारी और नियोक्ता दोनों का योगदान EPF खाते में जमा होता है.

क्या है UAN?

यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) EPFO की ओर से दिया जाने वाला 12 अंकों का स्थायी नंबर है. यह अलग-अलग नौकरियों के दौरान बने कई PF मेंबर आईडी को एक ही पहचान से जोड़ने का काम करता है.

UMANG ऐप से भी मिलती हैं EPFO की सेवाएं

WhatsApp के अलावा कर्मचारी UMANG ऐप के जरिए भी EPFO की कई सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं. इस ऐप पर UAN जनरेट और एक्टिवेट करने, PF बैलेंस चेक करने और पासबुक डाउनलोड करने जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं.

यह भी पढ़ें: क्या अब एनवीडिया के CEO कभी नहीं बन सकेंगे जेन्सेन हुआंग? बोर्ड ने रिजेक्ट कर दिया वापसी का प्रस्ताव