जीरो बिजली बिल का फॉर्मूला! सोलर अपनाएं और हर साल बचाएं ₹35000 तक, समझें गणित
बढ़ती गर्मी और महंगे बिजली बिल से परेशान हैं? सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आपको दे सकती है वर्षों तक फ्री बिजली का फायदा. जानिए 3kW सोलर लगाकर कैसे 2-3 साल में पूरी लागत वसूल कर सकते हैं और हर साल हजारों की बचत कर सकते हैं.

बढ़ती गर्मी और आसमान छूते बिजली के बिलों ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपके घर की छत ही आपकी कमाई का जरिया बन सकती है? केंद्र सरकार की ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ इस समय चर्चा में है. यह सरकारी स्कीम नहीं मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बिजली के बिल से आजादी पाने का ‘गोल्डन टिकट’ है. अगर आप अब भी हिचकिचा रहे हैं, तो चलिए समझते हैं कि यह योजना आपकी जेब को कैसे राहत देगी.
कितनी मिलेगी सब्सिडी?
सरकार ने इस योजना को बेहद लुभावना बनाया है. अगर आप 3 किलोवाट (kW) तक का सोलर पैनल लगवाते हैं, तो आपको भारी सब्सिडी मिलती है.
- 2 किलोवाट (kW) तक की क्षमता के लिए, ₹30,000 प्रति किलोवाट की सब्सिडी दी जाएगी.
- 3 किलोवाट (kW) तक की अतिरिक्त क्षमता के लिए ₹18,000 प्रति किलोवाट की सब्सिडी मिलेगी.
- अधिकतम सब्सिडी (3 kW से बड़े सिस्टम के लिए): 3 किलोवाट से ज्यादा बड़े सिस्टम के लिए कुल सब्सिडी को ₹78,000 पर सीमित (Cap) कर दिया गया है.
बचत का गणित
मान लीजिए एक मध्यमवर्गीय परिवार हर महीने 300 यूनिट बिजली खर्च करता है. वर्तमान दरों के हिसाब से इसका औसत बिल ₹2,500 से ₹3,000 के बीच आता है. यानी साल भर में आप करीब ₹35,000 सिर्फ बिजली बिल में दे देते हैं.
अब अगर आप 3 kW का सोलर सिस्टम लगवाते हैं:
- कुल खर्च: लगभग ₹1.50 लाख से ₹1.60 लाख (मार्केट रेट के अनुसार).
- सरकारी मदद: ₹78,000 की सब्सिडी घटाने के बाद आपकी जेब से लगे करीब ₹75,000 से ₹80,000.
- सालाना बचत: सोलर पैनल लगने के बाद आपका बिल ‘जीरो’ या नाममात्र का रह जाएगा. इस तरह आप साल में ₹35,000 की सीधी बचत करेंगे.
- रिकवरी: मात्र 2 से 3 साल में आपकी पूरी लागत वसूल हो जाएगी. इसके बाद अगले कई सालों तक आपको मुफ्त बिजली मिलेगी.
यह भी पढ़ें: योगी सरकार का बड़ा फैसला! स्मार्ट प्रीपेड मीटर में अब नहीं कटेगी बिजली, 15 दिन का मिलेगा ग्रेस पीरियड
कैसे करें आवेदन?
इस योजना का लाभ लेने के लिए आपको इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं है. बस pmsuryaghar.gov.in पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा. वहां आप अपने इलाके के वेंडर चुन सकते हैं और नेट-मीटरिंग के लिए अप्लाई कर सकते हैं. यह सिर्फ पैसे की बचत नहीं है, बल्कि पावर कट और वोल्टेज की समस्या से भी स्थायी छुटकारा है.