दुबई के पाम जुमेराह पर ईरान का हमला, मुकेश अंबानी-शाहरुख-सलमान जैसे दिग्गजों का इलाके में घर, बुर्ज खलीफा भी खाली कराया गया

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान के मिसाइल हमलों के दौरान दुबई के पाम जुमेराह इलाके में मलबा गिरने और काले धुएं के गुबार उठने की खबर है. द सन की रिपोर्ट के मुताबिक एक होटल के ऊपर धुआं देखा गया. यह वही इलाका है जहां मुकेश अंबानी, शाहरुख खान और सलमान खान जैसे दिग्गजों के घर हैं.

पाम जुबेरा के इलाके में हमला Image Credit:

Israel Iran Attack: मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच दुबई के पॉश इलाके पाम जुमेराह से बड़ी खबर सामने आई है. यूके की न्यूज एजेंसी द सन की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान की ओर से किए गए मिसाइल हमलों के दौरान पाम जुमेराह इलाके में स्थित एक होटल पर हमले की सूचना मिली है. बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. गौरतलब है कि पाम जुमेराह में कई भारतीय दिग्गजों के घर भी मौजूद हैं, इसलिए इस खबर को लेकर खासा ध्यान दिया जा रहा है.

पाम जुमेराह में कई भारतीय दिग्गजों के घर

पाम जुमेराह दुबई का एक आर्टिफिशियल द्वीप है, जो अपनी लग्जरी प्रॉपर्टीज के लिए दुनिया भर में मशहूर है. Bloomberg की रिपोर्ट के मुताबिक, इस इलाके में दुनिया के कई रईसों, मशहूर हस्तियों और कारोबारियों के घर हैं. इनमें प्रमुख भारतीय अरबपति मुकेश अंबानी (अनंत अंबानी के लिए खरीदा गया विला), अभिनेता शाहरुख खान और सलमान खान शामिल हैं.

शाहरुख खान का ड्रीम दुबई विला ‘जन्नत’

बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान सिर्फ फिल्मों में ही नहीं, असल जिंदगी में भी शाही अंदाज में रहते हैं. मुंबई में उनका घर ‘मन्नत’ दुनिया भर के फैंस के लिए आकर्षण का केंद्र है, लेकिन दुबई में स्थित उनका शानदार विला ‘जन्नत’ भी किसी से कम नहीं है.

‘जन्नत’ दुबई के मशहूर पाम जुमेराह के K Frond पर स्थित है. पाम जुमेराह को दुनिया के सबसे लग्जरी इलाकों में गिना जाता है. यह विला सीधे बीच एक्सेस देता है और यहां से अरब सागर और दुबई की चमचमाती स्काईलाइन का नजारा दिखाई देता है. करीब 14,000 स्क्वायर फीट में फैला यह घर लग्जरी और नेचर का परफेक्ट मेल है. इस विला में प्राइवेट पूल, ओपन लिविंग एरिया, स्टाइलिश बेडरूम और मॉडर्न इंटीरियर डिजाइन है. कहा जाता है कि इसका इंटीरियर इंटरनेशनल डिजाइनर द्वारा तैयार किया गया है. सफेद और गोल्ड थीम, बड़े ग्लास पैनल और खुली बालकनी इसे और भी रॉयल फील देते हैं.

मुकेश अंबानी का रिकॉर्ड-ब्रेकिंग दुबई मेंशन

Bloomberg की रिपोर्ट के मुताबिक, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने दुबई के पाम जुमेराह इलाके में अक्टूबर 2022 में करीब 163 मिलियन डॉलर में एक बीचफ्रंट मेंशन खरीदा. उस समय यह दुबई की सबसे महंगी रिहायशी डील मानी गई.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिर्फ दो महीनों में अंबानी परिवार ने दुबई में करीब 243 मिलियन डॉलर की दो लग्जरी प्रॉपर्टी खरीदीं. सितंबर में 80 मिलियन डॉलर का 10-बेडरूम मेंशन बेटे अनंत अंबानी के लिए लिया गया, जबकि 163 मिलियन डॉलर का दूसरा घर एक कुवैती बिजनेसमैन के परिवार से खरीदा गया.

इन मेंशनों में प्राइवेट बीच, स्पा, मल्टीपल स्विमिंग पूल और हाई-सिक्योरिटी सिस्टम जैसी सुविधाएं बताई जाती हैं. पाम जुमेराह पर इतनी बड़ी खरीदारी ने अंबानी परिवार को दुबई रियल एस्टेट मार्केट में चर्चा का केंद्र बना दिया.

सलमान खान का दुबई अपार्टमेंट

सलमान खान के पास दुबई में बुर्ज खलीफा के पास स्थित ‘The Address Downtown’ में एक आलीशान अपार्टमेंट है. यह अपार्टमेंट दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के बेहद करीब है. यह इलाका दुबई का सबसे प्रीमियम और पॉश एरिया माना जाता है.

सानिया मिर्जा का पाम जुमेराह बंगला

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा लंबे समय से दुबई में रह रही हैं. पाम जुमेराह में उनका दो मंजिला शानदार बंगला है. करीब 13 करोड़ रुपये की कीमत वाले इस घर में प्राइवेट स्विमिंग पूल, लाइब्रेरी, वॉक-इन क्लोसेट और मॉडर्न इंटीरियर मौजूद है. सफेद रंग की दीवारें, खुले टैरेस और समुद्र के नजदीक लोकेशन इसे बेहद खास बनाती है.

बुर्ज खलीफा भी खाली कराया गया

इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर दुबई शहर पर भी पड़ा. जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई देने के बाद दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा को एहतियात के तौर पर खाली कराए जाने की खबर सामने आई. मनी कंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटनाक्रम उस समय हुआ जब ईरान ने तेहरान पर अमेरिका और इज़रायल के संयुक्त हमलों के जवाब में खाड़ी देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर मिसाइल हमले किए.

दुबई और अबू धाबी दोनों शहरों में तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं. हालांकि अधिकारियों ने तुरंत यह स्पष्ट नहीं किया कि धमाके मिसाइल हमले की वजह से हुए, एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा मिसाइल रोके जाने के कारण या फिर गिरते मलबे की वजह से.

यूएई की प्रतिक्रिया

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने इस हमले को क्षेत्र में तनाव बढ़ाने वाला और “कायरतापूर्ण कदम” बताया है. देश ने इसे अपनी राष्ट्रीय संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन करार देते हुए कहा कि उसे इस पर जवाब देने का पूरा अधिकार है.
हमलों के बाद यूएई ने एहतियात के तौर पर अपना राष्ट्रीय एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया है. अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा कारणों से हवाई क्षेत्र को कुछ समय के लिए और सीमित स्तर पर बंद रखने का फैसला लिया गया है.

इसे भी पढ़ें- SBI Life Insurance से Steel City तक, अगले हफ्ते एक्स-डिविडेंड होंगी ये कंपनियां; रिकॉर्ड डेट तय