किसानों को बड़ी सौगात! सरकार ने 14 खरीफ फसलों का MSP बढ़ाया, सूरजमुखी और कपास में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी

केंद्र सरकार ने 2026-27 मार्केटिंग सीजन के लिए 14 खरीफ फसलों के MSP में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है. सरकार के इस फैसले में सूरजमुखी बीज और कपास के MSP में सबसे ज्यादा इजाफा किया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया. सरकार का कहना है कि सभी खरीफ फसलों का MSP उत्पादन लागत से कम से कम 50 फीसदी ज्यादा तय किया गया है.

खरीफ फसल MSP Image Credit: AI/CANVA

kharif Crops MSP Hike 2026: केंद्र सरकार ने खरीफ सीजन से पहले किसानों को बड़ी राहत देते हुए 14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में 2026-27 मार्केटिंग सीजन के लिए नए MSP को मंजूरी दी गई. इस फैसले में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी सूरजमुखी बीज और कपास की कीमतों में की गई है. सरकार का कहना है कि सभी अधिसूचित खरीफ फसलों का MSP उत्पादन लागत से कम से कम 50 फीसदी ज्यादा तय किया गया है, ताकि किसानों को उनकी फसल का बेहतर दाम मिल सके. सरकार के इस फैसले से धान, दालों, तिलहन और कपास की खेती करने वाले किसानों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यह फैसला कृषि लागत एवं मूल्य आयोग की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है.

किसमें कितनी बढ़ोतरी

फसलएमएसपी 2025-26 (रुपये/क्विंटल)एमएसपी 2026-27 (रुपये/क्विंटल)बढ़ोतरी (रुपये/क्विंटल)
धान (कॉमन)2,3692,44172
धान (ग्रेड ए)2,3892,46172
ज्वार (हाइब्रिड)3,6994,023324
ज्वार (मालदांडी)3,7494,073324
बाजरा2,7752,900125
रागी4,8865,205319
मक्का2,4002,41010
तूर/अरहर8,0008,450450
मूंग8,7688,78012
उड़द7,8008,200400
मूंगफली7,2637,517254
सूरजमुखी बीज7,7218,343622
सोयाबीन (पीला)5,3285,708380
तिल9,84610,346500
नाइजरसीड9,53710,052515
कपास (मीडियम स्टेपल)7,7108,267557
कपास (लॉन्ग स्टेपल)8,1108,667557

सूरजमुखी बीज और कपास में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी

सरकार द्वारा जारी नई MSP सूची के अनुसार सूरजमुखी बीज के समर्थन मूल्य में सबसे ज्यादा 622 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है. इसके बाद इसका नया MSP बढ़कर 8,343 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है. वहीं मीडियम स्टेपल कपास के MSP में 557 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद इसकी नई कीमत 8,267 रुपये प्रति क्विंटल तय हुई है.

लॉन्ग स्टेपल कपास का MSP भी बढ़ाकर 8,667 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है. इसके अलावा नाइजरसीड में 515 रुपये और तिल में 500 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है. सरकार का मानना है कि इससे तिलहन उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आमदनी मजबूत होगी.

धान और दालों के MSP में भी इजाफा

खरीफ सीजन की सबसे प्रमुख फसल धान के MSP में भी बढ़ोतरी की गई है. कॉमन धान का MSP 72 रुपये बढ़ाकर 2,441 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है, जबकि ग्रेड-ए धान का MSP 2,461 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है. दालों में अरहर के MSP में 450 रुपये प्रति क्विंटल और उड़द में 400 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है. वहीं मूंग के MSP में मामूली 12 रुपये का इजाफा हुआ है.

यह भी पढ़ें: दुनिया के ये 10 देश हैं आर्थिक रूप से सबसे सेफ, टॉप में नहीं है चीन और अमेरिका; जानें कितने नंबर पर है भारत