मई में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में जोरदार उछाल, EV कारों की रिटेल सेल्स 81% बढ़ी; Tata Motors रही नंबर 1
इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है. FADA के अनुसार मई 2026 में इलेक्ट्रिक कारों की रिटेल बिक्री 81.2 फीसदी बढ़कर 26,682 यूनिट पहुंच गई. Tata Motors 10,340 यूनिट बिक्री के साथ शीर्ष पर रही, जबकि Mahindra और JSW MG Motor क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे.

EV Sales India: भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग लगातार मजबूत होती जा रही है. मई 2026 में EV कारों की रिटेल बिक्री में सालाना आधार पर 81.2 फीसदी की शानदार वृद्धि दर्ज की गई. ऑटो डीलर्स संगठन FADA के ताजा आंकड़ों के अनुसार, मई 2026 में कुल 26,682 इलेक्ट्रिक कारें बिकीं, जबकि मई 2025 में यह संख्या 14,725 यूनिट थी. इलेक्ट्रिक कारों के साथ साथ इलेक्ट्रिक दोपहिया, तिपहिया और कमर्शियल वाहन सेगमेंट में भी मजबूत वृद्धि देखने को मिली.
EV कारों की बिक्री में 81 फीसदी का उछाल
FADA के आंकड़ों के अनुसार, मई 2026 में इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल की रिटेल बिक्री 26,682 यूनिट रही. यह पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले 81.2 फीसदी अधिक है. बढ़ती ईंधन कीमतों, सरकार की EV नीतियों और नए मॉडलों की लॉन्चिंग ने इलेक्ट्रिक कारों की मांग को बढ़ावा दिया है.
Tata Motors बनी सबसे बड़ी EV कार कंपनी
इलेक्ट्रिक कार सेगमेंट में Tata Motors ने अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी. कंपनी ने मई 2026 में 10,340 यूनिट की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल मई में बेची गई 5,083 यूनिट के मुकाबले 103.42 फीसदी अधिक है.
दूसरे स्थान पर Mahindra & Mahindra रही. कंपनी की बिक्री 2,891 यूनिट से बढ़कर 6,210 यूनिट हो गई, जो 114.8 फीसदी की वृद्धि को दर्शाती है. वहीं JSW MG Motor India 4,984 यूनिट की बिक्री के साथ तीसरे स्थान पर रही.
इलेक्ट्रिक टू व्हीलर बाजार भी तेजी से बढ़ा
इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन सेगमेंट में भी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला. मई 2026 में कुल 1,70,733 इलेक्ट्रिक स्कूटर और मोटरसाइकिलों की बिक्री हुई, जबकि मई 2025 में यह आंकड़ा 1,04,896 यूनिट था. यानी इस सेगमेंट में 62.76 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई.
TVS Motor Company 42,459 यूनिट की बिक्री के साथ सबसे आगे रही. Bajaj Auto ने 39,202 यूनिट बेचीं, जबकि Ather Energy 28,240 यूनिट की बिक्री के साथ तीसरे स्थान पर रही.
यह भी पढ़ें- मारुति इन 4 कारों पर लेकर आई जोरदार स्कीम, 14 जून तक बुकिंग पर मिलेगा ये फायदा; बच सकता है ग्राहकों का पैसा
तीन पहिया और कमर्शियल EV की मांग भी बढ़ी
इलेक्ट्रिक थ्री व्हीलर सेगमेंट में मई 2026 के दौरान 71,867 यूनिट की बिक्री हुई, जबकि पिछले साल इसी महीने यह 66,185 यूनिट थी. वहीं इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों की बिक्री 1,094 यूनिट से बढ़कर 2,400 यूनिट हो गई.