मारुति इन 4 कारों पर लेकर आई जोरदार स्कीम, 14 जून तक बुकिंग पर मिलेगा ये फायदा; बच सकता है ग्राहकों का पैसा

कंपनी ने कहा कि यह कदम ग्राहकों के लिए किफायती दाम बनाए रखने के लिए उठाया गया है. खासकर इसलिए क्योंकि महंगाई के दबाव और लागत बढ़ने के माहौल के बीच गाड़ियों की कीमतें बढ़ने की उम्मीद है.

मारुति सुजुकी Image Credit: Getty image

कार मार्केट की लीडर मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने मंगलवार को अपनी छोटी कारों की रेंज- ऑल्टो K10, एस-प्रेसो, सेलेरियो और वैगनआर के लिए एक प्राइस प्रोटेक्शन स्कीम की घोषणा की है. इस पहल के तहत, कंपनी ने कहा कि 14 जून 2026 तक की गई सभी बुकिंग के लिए उसकी छोटी कारों की कीमतें सुरक्षित रहेंगी. कंपनी ने मई में घोषणा की थी कि इस महीने से सभी मॉडलों की कीमतों में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की जाएगी.

स्कीम में शामिल हैं ये 4 मॉडल

इस स्कीम में चार लोकप्रिय मॉडल- ऑल्टो K10, S-प्रेसो, सेलेरियो और वैगन-आर शामिल हैं. जो ग्राहक 14 जून, 2026 या उससे पहले इनमें से कोई भी गाड़ी बुक करते हैं, उन्हें मौजूदा कीमतें ही मिलेंगी, भले ही बाद में गाड़ियों की कीमतें बढ़ जाएं.

प्राइस प्रोटेक्शन स्कीम

मारुति सुजुकी इंडिया के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (मार्केटिंग और सेल्स) पार्थो बनर्जी ने कहा, ‘अपने चैनल पार्टनर्स के फीडबैक के आधार पर हमने एंट्री-लेवल ग्राहकों के लिए एक प्राइस प्रोटेक्शन स्कीम की घोषणा की है. उनकी (चैनल पार्टनर्स की) बात सीधी थी, जो ग्राहक हिम्मत करके कार खरीदने के लिए आगे आ रहा है, उसे कीमत बढ़ने की वजह से पीछे नहीं हटना चाहिए. इसलिए, हम छोटी कार खरीदने वालों के लिए प्राइस प्रोटेक्शन विंडो पर विचार कर रहे हैं. अगर आप बुकिंग करते हैं, तो हम आपको एक कुशन (सुरक्षा) देते हैं.’

क्यों उठाया गया यह कदम?

कंपनी ने कहा कि यह कदम ग्राहकों के लिए किफायती दाम बनाए रखने के लिए उठाया गया है. खासकर इसलिए क्योंकि महंगाई के दबाव और लागत बढ़ने के माहौल के बीच गाड़ियों की कीमतें बढ़ने की उम्मीद है. कंपनी ने कहा कि इस स्कीम का मकसद पहली बार कार खरीदने वालों को फायदा पहुंचाना है, जो देश भर में मोटर-ओनरशिप को बढ़ावा देने की एक बड़ी कोशिश का हिस्सा है.

बढ़ने वाली हैं गाड़ियों की कीमतों

मई में मारुति सुजुकी इंडिया ने घोषणा की थी कि वह महंगाई के दबाव और लागत बढ़ने के माहौल का हवाला देते हुए जून 2026 से अपनी गाड़ियों की कीमतों में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी करेगी. हालांकि, कीमत में बदलाव की सही रकम हर मॉडल के हिसाब से अलग-अलग थी.

रिकरिंग डिपॉजिट ऑटो लोन

एक और घटनाक्रम में, कंपनी ने कहा कि उसने ‘सुहाना सफर’ नाम से एक रिकरिंग डिपॉजिट (RD) आधारित ऑटो लोन प्रोडक्ट भी पेश किया है. यह उन ग्राहकों की कार खरीदने की इच्छा को पूरा करने के लिए है जिन्हें हर महीने EMI चुकाने या डाउन पेमेंट करने में मुश्किल होती है.

यह स्कीम ग्राहकों को एक RD अकाउंट में कार की EMI के बराबर रकम हर महीने जमा करने की सुविधा देती है, जिस पर ब्याज भी मिलता है. 3-6 महीने की अवधि के बाद मैच्योरिटी पर, इस रकम का इस्तेमाल उसी बैंक से कार लोन के लिए डाउन पेमेंट करने में किया जा सकता है. कंपनी ने बताया कि इस प्रोग्राम को ग्राहकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है. अब तक लगभग 8,000 पूछताछ और 1,700 से अधिक बुकिंग हो चुकी हैं.

यह भी पढ़ें: Top 10 Bestselling Cars: Maruti का जलवा बरकरार! मई 2026 में टॉप-3 पर कब्जा, Dzire बनी नंबर-1