Honda 0 Alpha EV की भारत में रोड टेस्टिंग शुरू, 500 किमी तक मिल सकती है रेंज! जानें कब होगी लॉन्चिंग
Honda Cars India ने अपनी नई इलेक्ट्रिक SUV 0 Alpha की भारत में पब्लिक रोड टेस्टिंग शुरू कर दी है. करीब 1,200 करोड़ रुपये के निवेश वाले इस प्रोजेक्ट के तहत बनने वाली यह SUV 2027 तक लॉन्च हो सकती है और 450–500 किमी तक की रेंज के साथ Creta EV, e-Vitara और Tata Curvv EV को टक्कर दे सकती है.
Honda 0 Alpha EV Testing: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों के बीच कंपटीशन लगातार तेज होती जा रही है और इसी बीच Honda Cars India ने अपनी पहली स्थानीय रूप से निर्मित इलेक्ट्रिक SUV को लेकर एक अहम कदम उठाया है. कंपनी ने अपनी नई Honda 0 Alpha इलेक्ट्रिक SUV की भारत में सार्वजनिक सड़कों पर टेस्टिंग शुरू कर दी है. यह टेस्टिंग कंपनी की उस बड़ी योजना का हिस्सा है जिसके तहत वह भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को लेकर अपनी रणनीति को मजबूत करना चाहती है. होंडा इस प्रोजेक्ट के तहत करीब 1,200 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है.
कंपनी की योजना है कि इस नई इलेक्ट्रिक SUV को राजस्थान के तपुकारा प्लांट में तैयार किया जाए और इसे 2027 तक भारतीय बाजार में लॉन्च किया जाए. इस तरह यह मॉडल होंडा की भारत में पहली लोकली मैन्युफैक्चर्ड इलेक्ट्रिक कार बनने जा रही है.
मिड-साइज इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में एंट्री
होंडा की आने वाली 0 Alpha इलेक्ट्रिक SUV को भारत के तेजी से बढ़ते मिड-साइज इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में उतारा जाएगा. इस सेगमेंट में पहले से ही कई बड़ी कंपनियां अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा चुकी हैं. लॉन्च के बाद यह कार Maruti Suzuki e-Vitara, Hyundai Creta EV, Tata Curvv EV और Mahindra की BE-सीरीज SUVs को कड़ी टक्कर दे सकती है. यह प्रोजेक्ट होंडा के लिए भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में एक अहम कदम साबित हो सकता है, क्योंकि अब तक कंपनी का ज्यादा फोकस हाइब्रिड तकनीक पर रहा है. लेकिन 0 Alpha के साथ होंडा अब शुद्ध इलेक्ट्रिक वाहनों की दिशा में अपनी रणनीति को आगे बढ़ा रही है.
पूरे भारत में होगी रोड टेस्टिंग
Honda Cars India के प्रेसिडेंट और CEO ताकाशी नाकाजिमा के मुताबिक, देशभर में सार्वजनिक सड़कों पर टेस्टिंग शुरू होना कंपनी के इलेक्ट्रिफिकेशन मिशन का एक अहम चरण है. उन्होंने कहा कि भारत में ड्राइविंग की परिस्थितियां और मौसम की स्थिति काफी अलग और चुनौतीपूर्ण होती है. ऐसे में कंपनी के लिए यह जरूरी है कि वाहन को वास्तविक परिस्थितियों में पूरी तरह जांचा और परखा जाए. इस टेस्टिंग के तहत इलेक्ट्रिक SUV को हाईवे, शहर की सड़कों और कठिन इलाकों में चलाकर देखा जाएगा. साथ ही इसे भीषण गर्मी, मानसून के मौसम और अलग-अलग सड़क परिस्थितियों में भी टेस्ट किया जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वाहन भारतीय परिस्थितियों के अनुकूल है.
नई “Born-Electric” प्लेटफार्म पर आधारित
Honda 0 Alpha इलेक्ट्रिक SUV कंपनी की नई 0 Series “Born-Electric” प्लेटफॉर्म पर आधारित है. इस प्लेटफार्म को पहली बार Japan Mobility Show 2025 में पेश किया गया था. इस नई आर्किटेक्चर को होंडा की “Thin, Light and Wise” डिजाइन फिलॉसफी के तहत विकसित किया गया है. इसका उद्देश्य वाहन को अधिक ऊर्जा दक्ष बनाना और केबिन के अंदर ज्यादा जगह उपलब्ध कराना है. यह प्लेटफॉर्म पारंपरिक पेट्रोल-डीजल कारों के प्लेटफार्म से अलग है, क्योंकि इसे पूरी तरह इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए शुरुआत से डिजाइन किया गया है.
डिजाइन और फीचर्स
डिजाइन के मामले में भी यह SUV आधुनिक और प्रीमियम लुक के साथ आ सकती है. रिपोर्ट के मुताबिक इसमें करीब 2,750 मिमी का व्हीलबेस हो सकता है, जो कंपनी की मौजूदा SUV Honda Elevate से लंबा होगा. इसके अलावा इसमें कई एडवांस डिजाइन एलिमेंट्स मिलने की संभावना है, जैसे-
- 19-इंच के बड़े अलॉय व्हील्स
- फ्लश डोर हैंडल्स
- पैनोरमिक ग्लास रूफ
- नई U-शेप LED लाइटिंग सिग्नेचर
ये सभी फीचर्स इसे प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में मजबूत पहचान दिलाने में मदद कर सकते हैं.
बैटरी, रेंज और परफॉर्मेंस
पावरट्रेन की बात करें तो Honda 0 Alpha में 60 से 75 kWh के बीच का बैटरी पैक मिलने की संभावना है. यह बैटरी एक फ्रंट-व्हील-ड्राइव इलेक्ट्रिक मोटर के साथ जोड़ी जा सकती है. रिपोर्ट के अनुसार, यह इलेक्ट्रिक SUV एक बार फुल चार्ज होने पर लगभग 450 से 500 किलोमीटर तक की ड्राइविंग रेंज देने में सक्षम हो सकती है. टेस्टिंग के दौरान कंपनी बैटरी के प्रदर्शन को भारतीय गर्म मौसम में भी परखेगी. साथ ही यह भी जांचा जाएगा कि वाहन देश में उपलब्ध विभिन्न चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ कितनी अच्छी तरह काम करता है.
भारत से ही होगा प्रोडक्शन और एक्सपोर्ट
Honda 0 Alpha का प्रोडक्शन राजस्थान के तपुकारा प्लांट में किया जाएगा. कंपनी इस प्लांट को भविष्य में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए एक अहम मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित करना चाहती है. संभावना है कि यहां से तैयार होने वाले मॉडल घरेलू बाजार के साथ-साथ निर्यात के लिए भी इस्तेमाल किए जाएंगे, जिससे भारत होंडा की वैश्विक ईवी रणनीति में अहम भूमिका निभा सकता है.
क्या हो सकती है कीमत?
रिपोर्ट के मुताबिक, इस इलेक्ट्रिक SUV की कीमत लगभग 17 लाख से 30 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच हो सकती है. कीमत और फीचर्स के आधार पर इसे कंपनी के पोर्टफोलियो में Honda Elevate के आसपास या उससे ऊपर पोजिशन किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें- Tata का EV पोर्टफोलियो होगा और बड़ा, Sierra EV से Avinya EV तक; 2026 में 3 नई इलेक्ट्रिक कारों की एंट्री
