महाराष्ट्र में पेट्रोल से नहीं चलेगी बाइक टैक्सी! होगी 100% इलेक्ट्रिक, सरकार ने दिया 9 महीने का समय

महाराष्ट्र में Ola, Uber, Rapido समेत बाइक टैक्सी सेवा देने वाली कंपनियों को अपनी फ्लीट 100 फीसदी इलेक्ट्रिक करनी होगी. परिवहन विभाग ने इसके लिए 9 महीने की चरणबद्ध अवधि दी है. पहले 6 महीने और फिर 3 महीने का अतिरिक्त समय मिलेगा. इस बदलाव से ड्राइवरों को EV अपनाने की तैयारी का समय मिलेगा.

ईवी मोटरसाइकिल Image Credit: money9live.com

अगर आप Ola, Uber या Rapido की बाइक टैक्सी से सफर करते हैं या दोपहिया वाहन से कमाई करने के लिए बाइक टैक्सी चलाते हैं, तो बड़ा अपडेट सामने आया है. महाराष्ट्र सरकार ने बाइक टैक्सी को लेकर बड़ा फैसला किया है. अब राज्य में बाइक टैक्सी सेवा देने वाली कंपनियों को अपनी फ्लीट धीरे-धीरे 100% इलेक्ट्रिक करनी होगी. इसके लिए सरकार ने 9 महीने का समय दिया है.

महाराष्ट्र परिवहन विभाग ने राज्य के सभी Regional Transport Offices (RTOs) और प्रोविजनल बाइक-टैक्सी लाइसेंस रखने वाले एग्रीगेटर्स को निर्देश जारी किए हैं.

9 महीने में दो चरणों में होगा बदलाव

महाराष्ट्र परिवहन विभाग ने महाराष्ट्र बाइक टैक्सी नियम, 2025 के तहत आवेदन करने वाले या प्रोविजनल लाइसेंस हासिल करने वाले एग्रीगेटर्स के लिए 9 महीने की ट्रांजिशन अवधि को मंजूरी दी है. यह बदलाव दो चरणों में होगा. पहले 6 महीने का समय दिया गया है और इसके बाद जरूरत के मुताबिक 3 महीने का अतिरिक्त समय मिलेगा. इस दौरान एग्रीगेटर्स को अपनी फ्लीट में 100 फीसदी इलेक्ट्रिक बाइक शामिल करनी होंगी.

ड्राइवरों को भी मिलेगा तैयारी का समय

इस फैसले से सिर्फ एग्रीगेटर्स को ही समय नहीं मिलेगा, बल्कि बाइक टैक्सी चलाने वाले ड्राइवरों को भी इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बढ़ने की तैयारी करने का मौका मिलेगा. इससे ड्राइवरों पर अचानक EV में बदलाव का बोझ कम हो सकता है और वे रेगुलेटेड बाइक टैक्सी व्यवस्था का हिस्सा बन सकते हैं.

नितिन गडकरी ने बताया 8 करोड़ लोगों के रोजगार की संभावना

बाइक टैक्सी के रोजगार से जुड़े पहलू को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राज्यों से निजी दोपहिया वाहनों को बाइक टैक्सी के तौर पर चलाने की अनुमति देने की अपील की है. उन्होंने कहा है कि बाइक टैक्सी करीब 8 करोड़ लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर पैदा कर सकती है.

एसोसिएशन ने फैसले का स्वागत किया

बाइक टैक्सी एसोसिएशन के प्रवक्ता ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के इस फैसले का स्वागत किया. एसोसिएशन के मुताबिक, 100% इलेक्ट्रिक फ्लीट की ओर बढ़ने के लिए चरणबद्ध समय देना जमीनी स्तर की चुनौतियों को ध्यान में रखता है और राज्य के स्वच्छ परिवहन के लक्ष्य को भी बनाए रखता है. एसोसिएशन ने कहा कि बाइक टैक्सी सेक्टर महाराष्ट्र के शहरों में बड़ी संख्या में ड्राइवरों के लिए कमाई के अवसर पैदा कर सकता है. साथ ही, यात्रियों को सस्ता और सुविधाजनक परिवहन विकल्प भी मिल सकता है.

Metro, Bus और Auto के साथ मिलकर काम कर सकती हैं बाइक टैक्सी

एसोसिएशन के मुताबिक, बाइक टैक्सी Metro, Bus, Auto और Cab जैसी मौजूदा परिवहन सेवाओं की पूरक बन सकती हैं. खासकर कम दूरी और First-Mile तथा Last-Mile यात्रा में इनका इस्तेमाल किया जा सकता है. पुणे, मुंबई, नागपुर और नासिक जैसे शहरों में बाइक टैक्सी मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन, बस स्टॉप, कॉलेज और रोजगार केंद्र तक आने-जाने में मदद कर सकती हैं. वहीं, अपने मौजूदा दोपहिया वाहन का इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए यह घर की इनकम बढ़ाने का एक अतिरिक्त जरिया भी बन सकती है.

अब चुनौती लागू करने की

राज्यभर के RTOs को निर्देश जारी होने और EV में बदलाव के लिए अतिरिक्त समय मिलने के बाद अब इस व्यवस्था को तेजी से लागू करने की चुनौती है. सरकार और बाइक टैक्सी सेक्टर के सामने ऐसा ढांचा तैयार करने का मौका है, जिससे एक तरफ यात्रियों को बेहतर और किफायती परिवहन मिले, वहीं दूसरी तरफ महाराष्ट्र के ड्राइवरों के लिए अतिरिक्त कमाई के अवसर भी तैयार हों.

इसे भी पढ़ें- क्या CAS के नियमों में कुछ बदलाव कर सकता है SEBI? कैपिटल मार्केट से जुड़े शेयरों में बंपर तेजी