Mahindra XEV 9S निकली लोहे जैसी मजबूत, Bharat NCAP क्रैश टेस्ट में गाड़े झंडे, मिली 5 स्टार रेटिंग

Mahindra XEV 9S Safety Rating: महिंद्रा की इस इलेक्ट्रिक एसयूवी को Bharat NCAP क्रैश टेस्ट में 5 स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है. क्रैश टेस्ट के नतीजों में इस गाड़ी को एडल्ट और चाइल्ड सेफ्टी में कितने प्वाइंट्स मिले हैं, चलिए जानते हैं.

इलेक्ट्रिक एसयूवी Image Credit: BNCAP

Mahindra XEV 9S Safety Rating: महिंद्रा की इस इलेक्ट्रिक एसयूवी ने क्रैश टेस्ट में झंडे गाड़ दिए हैं, Bharat NCAP क्रैश टेस्ट में इस गाड़ी ने अपनी लोहालाट मजबूती दिखाते हुए 5 स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल की है. ये रिजल्ट कंपनी की 7 सीटर वाले सभी वेरिएंट पर लागू होता है.

क्रैश टेस्ट में मिले इतने नंबर

भारत न्यू कार असेसमेंट प्रोग्राम में XEV 9S को एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन के लिए 32 में से 31.15 प्वाइंट और चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन के लिए 49 में से 45 प्वाइंट मिले हैं. फ्रंटल ऑफसेट डिफॉर्मेबल बैरियर टेस्ट में ड्राइवर के सिर, गर्दन, छाती, पेल्विस और पैरों के लिए अच्छी प्रोटेक्शन मिली. को-ड्राइवर को भी शरीर के ज्यादातर हिस्सों में अच्छा प्रोटेक्शन मिली जिसमें चेस्ट को ‘ठीक-ठाक’ रेट किया गया है.

साइड इम्पैक्ट टेस्ट

XEV 9S ने साइड-इम्पैक्ट टेस्टिंग में भी उतना ही अच्छा परफॉर्म किया. साइड मूवेबल डिफॉर्मेबल बैरियर टेस्ट में इसने शरीर के सभी हिस्सों में ‘अच्छा’ प्रोटेक्शन दिया.

ये नतीजे खास तौर पर एक बड़ी फैमिली-ओरिएंटेड इलेक्ट्रिक एसयूवी के लिए जरूरी हैं, जहां साइड इम्पैक्ट और पोल से टक्कर दरवाजों के पास बैठे लोगों के लिए ज्यादा रिस्क पैदा कर सकती है. फाइव-स्टार रेटिंग बताती है कि XEV 9S के स्ट्रक्चर और रेस्ट्रेंट सिस्टम ने सभी क्रैश सिनेरियो में लगातार अच्छा परफॉर्म किया.

Mahindra XEV 9S में सेफ्टी फीचर्स

इस इलेक्ट्रिक एसयूवी में ABS के साथ EBD, हिल-होल्ड असिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, ब्लाइंड-स्पॉट व्यू, 360-डिग्री कैमरा, ISOFIX चाइल्ड-सीट माउंट्स और टायर-प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम मिलता है. इसके अलावा हायर वेरिएंट्स में एडवांस्ड ड्राइवर-असिस्टेंस सिस्टम्स जैसे अडैप्टिव क्रूज़ कंट्रोल, लेन-कीपिंग असिस्ट, फॉरवर्ड-कोलिजन वार्निंग, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग और ड्राइवर स्लीपीनेस अलर्ट शामिल है.

Mahindra XEV 9S की रेंज

महिंद्रा की ये इलेक्ट्रिक गाड़ी तीन बैटरी ऑप्शन्स, 59kWh, 70kWh और 79kWh में मिलती है. सभी वेरिएंट्स डीसी फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करते हैं, 59kWh बैटरी वेरिएंट सिंगल चार्ज पर 521km तक, 79kWh वेरिएंट 679km तक और 70kWh वेरिएंट 600 किलोमीटर तक की ड्राइविंग रेंज ऑफर करता है. XEV 9S की कीमत 20 लाख 65 हजार रुपए (एक्स शोरूम) से शुरू होती है.

ये भी पढ़ें- नई Creta से ऑफ रोडर SUV तक, 2027 में Hyundai की ये 5 गाड़ियां मचाएंगी धमाल!