Tata का EV पोर्टफोलियो होगा और बड़ा, Sierra EV से Avinya EV तक; 2026 में 3 नई इलेक्ट्रिक कारों की एंट्री

इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए Tata Motors 2026 तक तीन नई EV लॉन्च करने की तैयारी में है. इनमें Tata Sierra EV, Tiago EV फेसलिफ्ट और प्रीमियम Avinya EV शामिल हैं, जो लंबी रेंज, नई तकनीक और आधुनिक डिजाइन के साथ भारतीय बाजार में आएंगी.

Tata ईवी पोर्टफोलियो 2026 Image Credit: @tata.ev/YT

Tata EV Portfolio and 2026 Launch: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है और इस सेगमेंट में टाटा मोटर्स लगातार अपनी पकड़ मजबूत बनाए हुए है. फिलहाल कंपनी देश में इलेक्ट्रिक पैसेंजर कारों के क्षेत्र में सबसे आगे मानी जाती है. इसके पोर्टफोलियो में Tiago EV, Tigor EV, Punch EV, Nexon EV, Curvv EV और Harrier EV जैसे कई मॉडल शामिल हैं, जो अलग-अलग कीमत और जरूरतों के हिसाब से ग्राहकों को विकल्प देते हैं. हालांकि बाजार में मजबूत स्थिति होने के बावजूद टाटा मोटर्स अपनी ईवी रणनीति को और विस्तार देने की तैयारी कर रही है.

कंपनी की तैयारी 2026 तक कम से कम तीन नई इलेक्ट्रिक कारें लॉन्च करने की है, जिससे भारतीय बाजार में उसका पोर्टफोलियो और व्यापक हो जाएगा. इनमें Tata Sierra EV, 2026 Tata Tiago EV फेसलिफ्ट और Tata Avinya EV जैसे मॉडल शामिल हैं. आइए इन आने वाली इलेक्ट्रिक कारों के बारे में विस्तार से जानते हैं.

Tata Sierra EV

टाटा मोटर्स की सबसे चर्चित आने वाली इलेक्ट्रिक कारों में Tata Sierra EV का नाम सबसे ऊपर आता है. कंपनी इस ऑल-इलेक्ट्रिक SUV को FY27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2026) में भारतीय बाजार में लॉन्च कर सकती है. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स् की मानें तो लॉन्च से पहले इस मॉडल को कई बार भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा जा चुका है. कंपनी की ईवी लाइनअप में Sierra EV को Curvv EV और Harrier EV के बीच पोजिशन किया जाएगा. डिजाइन और तकनीक के मामले में यह SUV काफी प्रीमियम होने की उम्मीद है. रिपोर्ट्स के मुताबिक यह कार सिंगल मोटर रियर-व्हील ड्राइव (RWD) और डुअल मोटर ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) दोनों कॉन्फिगरेशन में उपलब्ध हो सकती है.

डिजाइन और रेंज!

यह SUV टाटा की नई acti.ev+ प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी, जो कंपनी के कई नए इलेक्ट्रिक मॉडलों के लिए तैयार किया गया है. इसमें कई ऐसे फीचर्स भी मिल सकते हैं जो भविष्य की ईवी तकनीक को ध्यान में रखकर विकसित किए गए हैं, जैसे Vehicle-to-Vehicle (V2V) और Vehicle-to-Load (V2L) चार्जिंग सपोर्ट. बैटरी विकल्पों की बात करें तो Sierra EV में 55 kWh और 65 kWh बैटरी पैक दिए जाने की संभावना है. इनमें से बड़ा बैटरी पैक एक बार चार्ज करने पर 500 किलोमीटर से अधिक की ड्राइविंग रेंज देने में सक्षम हो सकता है.

2026 Tata Tiago EV Facelift

टाटा मोटर्स की सबसे किफायती इलेक्ट्रिक कार Tiago EV को भी जल्द अपडेट मिलने वाला है. रिपोर्ट्स के अनुसार 2026 Tata Tiago EV फेसलिफ्ट को इसी साल के अंत तक, संभवतः दीवाली फेस्टिव सीजन से पहले लॉन्च किया जा सकता है. इस मॉडल की टेस्टिंग शुरू हो चुकी है और इसे कई बार कैमरे में कैद किया जा चुका है. हालांकि टेस्टिंग के दौरान कार को पूरी तरह से कवर किया गया था, लेकिन माना जा रहा है कि फेसलिफ्ट मॉडल में कुछ डिजाइन बदलाव देखने को मिलेंगे.

डिजाइन और रेंज!

नई Tiago EV में रीडिजाइन हेडलाइट्स, अपडेटेड बंपर और नए अलॉय व्हील्स जैसे बाहरी बदलाव हो सकते हैं. वहीं इंटीरियर में बड़े बदलाव की संभावना कम है और अधिकांश फीचर्स मौजूदा मॉडल से ही लिए जा सकते हैं. हालांकि बैटरी और रेंज के मामले में कंपनी सुधार कर सकती है. मौजूदा Tiago EV में 19.2 kWh और 24 kWh बैटरी पैक मिलते हैं, जो क्रमशः 223 किमी और 293 किमी की रेंज देते हैं. नए फेसलिफ्ट वर्जन में इससे बड़े बैटरी विकल्प मिलने की संभावना जताई जा रही है, जिससे रेंज और बेहतर हो सकती है.

Tata Avinya EV

टाटा मोटर्स की सबसे प्रीमियम आने वाली इलेक्ट्रिक कार Tata Avinya EV होगी. कंपनी पहले ही पुष्टि कर चुकी है कि इस मॉडल को 2026 के अंत तक भारतीय बाजार में लॉन्च किया जाएगा. Avinya का कॉन्सेप्ट मॉडल पहली बार 2023 ऑटो एक्सपो में पेश किया गया था, जिसने अपनी फ्यूचरिस्टिक डिजाइन के कारण काफी ध्यान आकर्षित किया था. इसके बाद इसका एक प्री-प्रोडक्शन वर्जन Avinya X के नाम से भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो में भी दिखाया गया था. यह कार टाटा की Gen 3 EV आर्किटेक्चर पर आधारित होगी और इसे स्पोर्टबैक स्टाइल में डिजाइन किया गया है. इसका लुक एक SUV की तरह ऊंचा और दमदार होगा, जिससे यह प्रीमियम सेगमेंट में अलग पहचान बना सकती है.

क्या हो सकती है कीमत?

Avinya EV को Jaguar Land Rover की Electrified Modular Architecture (EMA) पर विकसित किया जाएगा. यह प्लेटफॉर्म अलग-अलग बैटरी कॉन्फिगरेशन और बॉडी स्टाइल को सपोर्ट करता है, जिससे भविष्य में Avinya परिवार के कई मॉडल देखने को मिल सकते हैं. कीमत की बात करें तो इस प्रीमियम इलेक्ट्रिक कार की शुरुआती कीमत लगभग 35 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के आसपास हो सकती है. रेंज के मामले में यह कार काफी प्रभावशाली हो सकती है और अनुमान है कि यह एक बार चार्ज करने पर 600 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज दे सकती है. इसके साथ ही इसमें ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम भी मिलने की संभावना है, जो इसे प्रदर्शन के मामले में और बेहतर बनाएगा.

EV बाजार में बढ़त बनाए रखने की रणनीति

टाटा मोटर्स पिछले कुछ वर्षों में भारत के इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में लीडिंग कंपनी बनकर उभरी है. लेकिन तेजी से बढ़ती प्रतिस्पर्धा को देखते हुए कंपनी अपने पोर्टफोलियो को लगातार अपडेट कर रही है. Sierra EV, Tiago EV फेसलिफ्ट और Avinya EV जैसे नए मॉडल लॉन्च करके टाटा मोटर्स का लक्ष्य बजट से लेकर प्रीमियम सेगमेंट तक ग्राहकों को कवर करना है. इससे कंपनी की ईवी लाइनअप और मजबूत होगी और उसे भारत के तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में अपनी लीड बनाए रखने में मदद मिलेगी.

ये भी पढ़ें- Tata Motors दे रही EV कार पर भारी छूट, Curvv से लेकर Punch तक; मिलेगा ₹3.80 लाख तक का फायदा