Ola-Uber को टक्कर देने आ गई वियतनाम की Green SM कैब सर्विस, गाड़ी में कैमरा, पानी, टिश्यू जैसी सुविधाएं
वियतनाम की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी कंपनी Green SM ने भारत में Green SM Limo नाम से अपनी ऑल-इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा लॉन्च कर दी है. दिल्ली-एनसीआर से शुरू हुई यह सेवा Ola और Uber को सीधी चुनौती देगी.

भारतीय राइड-हेलिंग (कैब) मार्केट में एक नई एंट्री हुई है. ओला और उबर के दबदबे को चुनौती देने के लिए वियतनाम की मशहूर कंपनी ‘ग्रीन एसएम’ (Green SM) ने आधिकारिक तौर पर भारत में कदम रख दिया है. ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ के मौके पर कंपनी ने देश की राजधानी नई दिल्ली में अपनी पूरी तरह से इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा ‘ग्रीन एसएम लिमो’ (Green SM Limo) को लॉन्च किया. वियतनाम, लाओस, इंडोनेशिया और फिलीपींस के बाद भारत इस कंपनी का पांचवां अंतरराष्ट्रीय बाजार बन गया है.
दिल्ली-NCR से सफर की शुरुआत
कंपनी ने अपने भारतीय सफर की शुरुआत दिल्ली-NCR के प्रमुख इलाकों से की है, जिसका धीरे-धीरे विस्तार किया जाएगा. इस सेवा के लिए विशेष रूप से तैयार की गई 7-सीटर इलेक्ट्रिक एसयूवी ‘विनफास्ट लिमो ग्रीन’ (VinFast Limo Green) का इस्तेमाल किया जा रहा है. यह गाड़ी रोजाना दफ्तर जाने वालों, एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों, पारिवारिक यात्राओं और बिजनेस ट्रिप के लिए बेहद मुफीद है. इस लॉन्चिंग के साथ ही वियतनाम के ‘विनफास्ट इकोसिस्टम’ की गाड़ियां भारतीय सड़कों पर कमर्शियल तौर पर दौड़ने लगी हैं.
यात्रियों को मिलेगा ‘5-स्टार’ प्रीमियम अनुभव
पारंपरिक कैब सेवाओं से अलग दिखने के लिए ग्रीन एसएम ने इसे एक प्रीमियम अनुभव के रूप में पेश किया है, जिसके तहत:
- हर गाड़ी में यात्रियों के लिए पीने का पानी और वेट टिशू जैसी सुविधाएं मौजूद होंगी.
- गाड़ियों में अंदर और बाहर कैमरे, एआई (AI) तकनीक और ड्राइवर व यात्री दोनों के लिए इमरजेंसी सपोर्ट बटन दिए गए हैं.
- कंपनी अपने चालकों को ‘ग्रीन ड्राइवर्स’ कहती है, जिन्हें सुरक्षित ड्राइविंग और बेहतरीन कस्टमर सर्विस की खास ट्रेनिंग दी गई है.
शुरुआती ग्राहकों के लिए 50% का बंपर डिस्काउंट
भारतीय ग्राहकों को लुभाने के लिए कंपनी ने एक धमाकेदार शुरुआती ऑफर निकाला है. 5 जून से 11 जून के बीच ग्रीन एसएम ऐप के जरिए राइड बुक करने पर ग्राहकों को 50% की छूट (अधिकतम 250 रुपये तक) मिलेगी. ग्राहक इस कैब को एंड्रॉइड और आईओएस (iOS) पर उपलब्ध ‘Green SM’ ऐप, कंपनी के हेल्पलाइन नंबर या सीधे सड़क पर रोककर बुक कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: यूज्ड कार मार्केट में बड़ी हलचल, Maruti, Tata, Mahindra सबके माथे पर पसीना!
लॉन्च के मौके पर कंपनी के ग्लोबल सीईओ गुयेन वान थान ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे बड़े मोबिलिटी बाजारों में से एक है. हम यहां स्थानीय भागीदारों के साथ मिलकर सुरक्षित, भरोसेमंद और पर्यावरण के अनुकूल सफर का विकल्प देने आए हैं. साथ ही, कंपनी ने सतत विकास के लिए 5 स्थानीय साझेदारों को अपने साथ जोड़ा है.