अडानी पोर्ट्स का प्रॉफिट ₹3620 करोड़ हुआ, रेवेन्यू में 19 फीसदी का उछाल; लेकिन शेयर में इतनी गिरावट

Adani Ports Q1: ऑपरेशन्स से होने वाली कमाई सालाना आधार पर 18.6 फीसदी बढ़कर 9,126 करोड़ रुपये से 10,821 करोड़ रुपये हो गई. हालांकि, पोर्ट ऑपरेशन कंपनी के शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही है. कंपनी लगातार अपने कारोबार का विस्तार कर रही है.

अडानी पोर्ट्स Image Credit: Money9live

Adani Ports Q1: अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के लिए अपने कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर 9.2 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की है. इसमें रेवेन्यू और ऑपरेटिंग प्रॉफिट में हुई जबरदस्त बढ़ोतरी का अहम योगदान रहा.

कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट

जून 2026 को समाप्त तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट बढ़कर 3,620 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 3,315 करोड़ रुपये था.

ऑपरेशनल इनकम

ऑपरेशन्स से होने वाली कमाई सालाना आधार पर 18.6 फीसदी बढ़कर 9,126 करोड़ रुपये से 10,821 करोड़ रुपये हो गई. तिमाही के लिए EBITDA सालाना आधार पर 19 फीसदी बढ़कर 5,495 करोड़ रुपये से 6,540 करोड़ रुपये हो गया, जबकि EBITDA मार्जिन पिछले साल की इसी अवधि के 60.2 फीसदी से मामूली रूप से बढ़कर 60.4 फीसदी हो गया.

शेयरों में गिरावट

बुधवार को अडानी पोर्ट्स के शेयर 2 फीसदी से अधिक की गिरावट के साथ 1735 रुपये पर कारोबार कर रहे थे.

अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन के होल-टाइम डायरेक्टर और CEO अश्वनी गुप्ता ने कहा, ‘हमारे घरेलू पोर्ट्स बिजनेस ने मजबूत ग्रोथ जारी रखी है और यह अडानी पोर्ट्स की कमाई का मुख्य आधार बना हुआ है.

वहीं, इंटरनेशनल पोर्ट्स, मरीन और लॉजिस्टिक्स बिजनेस ने तेजी से विस्तार (स्केल-अप) से आगे बढ़कर वैल्यू-आधारित विकास (स्केल-वैल्यू) की ओर कदम बढ़ाया है और ये रेवेन्यू ग्रोथ व मुनाफ़े को बढ़ाने में तेजी से अहम भूमिका निभा रहे हैं.’

सेगमेंट का परफॉर्मेंस

इंटरनेशनल पोर्ट्स से होने वाली कमाई सालाना आधार पर 80% बढ़कर 1,747 करोड़ रुपये हो गई, जबकि घरेलू पोर्ट्स की कमाई में सालाना 12% की बढ़ोतरी हुई और यह 6,964 करोड़ रुपये हो गई. मरीन सेगमेंट की कमाई में भी सालाना 67% की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई और यह 901 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, लेकिन पोर्ट डेवलपमेंट और SEZ से होने वाली कमाई सालाना 85% घटकर 36 करोड़ रुपये रह गई. लॉजिस्टिक्स की कमाई सालाना 0.3% बढ़कर 1,173 करोड़ हो गई.

यह भी पढ़ें: इस सरकारी कंपनी को नाइजीरिया से मिला मेगा ऑर्डर, 6 महीने में 50 फीसदी उछल चुका है शेयर, जानें- अब कितनी है कीमत